Last Updated:
Weather Live: दिल्ली और मुंबई समेत देश के कई हिस्सों में मानसून ने जोर पकड़ लिया है. मुंबई में ऑरेंज अलर्ट और पालघर में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं. महाराष्ट्र में बारिश स…और पढ़ें

दिल्ली और मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित.
Aaj Ka Mausam, Monsoon Weather Rain Live: दिल्ली से लेकर मुंबई तक मानसून ने गुरुवार को अपना असर दिखाना शुरू कर दिया. राजधानी दिल्ली में सुबह से हुई बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया. मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट और महाराष्ट्र के पालघर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. पालघर में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं. लगातार बारिश के बीच महाराष्ट्र में करंट लगने, डूबने और हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लड़कियां घायल हुई हैं.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान महाराष्ट्र के तटीय इलाकों, कोंकण क्षेत्र, पालघर, मुंबई और ठाणे में भारी बारिश जारी रह सकती है. दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर में भी मानसून सक्रिय हो गया है. राजधानी में बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव देखने को मिला, लेकिन लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. IMD ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलने की सलाह दी है.
पालघर में रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद
- महाराष्ट्र के पालघर जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला किया है. IMD ने जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. अधिकारियों ने लोगों से नदी, नालों और समुद्र तटों से दूर रहने की अपील की है. निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है.
- मुंबई में भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. शहर और उपनगरों में कई जगह भारी बारिश हुई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ. कई इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
बारिश के बीच चार लोगों की मौत
मूसलाधार बारिश के बीच महाराष्ट्र में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की जान चली गई. खारघर में 17 वर्षीय एक लड़के की तालाब में डूबने से मौत हो गई. वहीं भिवंडी में 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से जान चली गई. मुंबई के वालकेश्वर इलाके में एक इमारत का हिस्सा गिरने से 51 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. इसके अलावा नवी मुंबई के कामोठे इलाके में एक इमारत की छत (सीलिंग) गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई. इन घटनाओं ने बारिश के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं.
नेरुल में करंट की चपेट में आईं दो लड़कियां
नवी मुंबई के नेरुल इलाके में जलभराव के दौरान सड़क पर खुले बिजली के तार में करंट आने से दो लड़कियां घायल हो गईं. दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने और खुले बिजली के तारों से दूर रहने की अपील की है.
दिल्ली में मानसून की एंट्री, गर्मी से राहत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया. कई दिनों से उमस और तेज गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली. हालांकि तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी. IMD ने राजधानी के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है.
देश के कई राज्यों में भारी बारिश का असर
दिल्ली और महाराष्ट्र के अलावा देश के कई हिस्सों में भी मानसून का असर देखने को मिल रहा है. अरुणाचल प्रदेश में फ्लैश फ्लड की स्थिति बनी हुई है, जबकि दक्षिण बंगाल में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश से जुड़े हादसों में लोगों की मौत की खबरें सामने आई हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है.
Monsoon Rain Live: दिल्ली-NCR में अगले 2 घंटे भारी बारिश
मानसून लाइव: मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए नाउकास्ट अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, अगले दो घंटों के दौरान दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. आंधी के दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. यह अलर्ट हरियाणा के पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, नूंह और महेंद्रगढ़ तथा उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, हापुड़ और बुलंदशहर समेत कई जिलों के लिए भी जारी किया गया है.
Monsoon Rain Live: देशभर में मानसून का असर, कई राज्यों में परेशानी
आज का मौसम लाइव: मुंबई के अलावा देश के कई हिस्सों में मानसून का प्रभाव देखने को मिल रहा है. कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई है. अरुणाचल प्रदेश में लोग अब भी अचानक आई बाढ़ के असर से जूझ रहे हैं. नवी मुंबई के नेरुल इलाके में जलभराव के बीच खुले बिजली के तार से करंट लगने की घटना भी सामने आई, जिसमें दो लड़कियां बाल-बाल बच गईं. दूसरी ओर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है.
Weather Rain Live: ठाणे, पालघर और रायगढ़ में भी अलर्ट
आज का मौसम लाइव: मुंबई के अलावा ठाणे जिले के लिए बुधवार से शुक्रवार तक ऑरेंज अलर्ट और शनिवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है. रविवार को मुंबई, ठाणे और सिंधुदुर्ग में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी में अधिक व्यापक असर देखने को मिल सकता है.
Rain Live: IMD का ऑरेंज अलर्ट, अगले कुछ दिन भारी
आज का मौसम लाइव: मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. IMD ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में शहर और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है.
Weather Rain Live: मुंबई में मूसलाधार बारिश, जनजीवन प्रभावित
आज का मौसम लाइव: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गुरुवार को भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली, जबकि सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा. लगातार बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.

