ओटावा: पूर्व सेंट्रल बैंकर मार्क कार्नी कनाडा के नए प्रधानमंत्री होंगे। कार्नी को रविवार को लिबरल पार्टी का नेता चुन लिया गया है। 59 वर्षीय कार्नी कनाडा के पीएम के तौर पर जस्टिन ट्रूडो की जगह लेंगे, जिन्होंने जनवरी में इस्तीफा दे दिया था। कार्नी ने लिबरल पार्टी का नेता चुनने के लिए हुई वोटिंग में 85.9 फीसदी वोटों से शानदार जीत हासिल की है। कार्नी ऐसे समय में कनाडा पीएम का पद संभालने जा रहे हैं, जब देश डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार नीतियों के चलते अमेरिका से तनातनी का सामना कर रहा है। कार्नी ने अपनी जीत के बाद अमेरिका की व्यापार नीतियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कनाडा की संप्रभुता की रक्षा करने की बात कही है।कार्नी ने अपनी जीत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को निशाने पर लेते हुए कहा, ‘हमारी अर्थव्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। डोनाल्ड ट्रंप हमारे बनाए हुए सामान और हमारे जीवनयापन के तरीके पर अनुचित टैरिफ लगा रहे हैं। वह कनाडा के व्यवसायों पर हमला कर रहे हैं लेकिन हम उन्हें सफल नहीं होने दे सकते। कनाडा भी अपने जवाबी टैरिफ जारी रखेगा।’ उन्होंने कहा, ‘हमने लड़ाई के लिए नहीं कहा था लेकिन कनाडाई अब इसके लिए तैयार हैं। अमेरिकियों से व्यापार में भी कनाडा हॉकी की तरह जीतेगा।’

