नई दिल्ली (Maharashtra TET Paper Leak LIVE Updates). देश में पेपर लीक का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. नीट पेपर लीक विवाद के बाद महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा का पेपर भी लीक हो चुका है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में महाराष्ट्र पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने अंतरराज्यीय रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 2 बिहार के और 1 हरियाणा का रहने वाला है. महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक कांड का मुख्य मास्टरमाइंड बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला माफिया बिजेंद्र गुप्ता बताया जा रहा है, जो पिछले 25 सालों से पेपर लीक करवा रहा है.
Maharashtra TET Paper Leak LIVE: शनिवार सुबह डीसीपी के नेतृत्व में तगड़ा एक्शन
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक लाइव: शनिवार, 27 जून की सुबह भिवंडी पुलिस को जैसे ही इस सौदे की पक्की और गुप्त सूचना मिली, विभाग में हड़कंप मच गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (DCP) पवन बनसोड के नेतृत्व में तुरंत स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया गया. पुलिस की इस टीम ने संदिग्ध ठिकाने पर अचानक छापेमारी की और तीनों आरोपियों को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया.
Maharashtra TET Paper Leak LIVE: 1.5 करोड़ रुपये की बड़ी डील का था प्लान
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक लाइव: ये तीनों आरोपी दिल्ली से लीक पेपर के कई सेट लेकर महाराष्ट्र के भिवंडी इलाके में पहुंचे थे. यहां उनका इरादा किसी लोकल दलाल या उम्मीदवारों के समूह को यह प्रश्नपत्र करीब 1.5 करोड़ रुपये की मोटी रकम में बेचने का था. इस रकम का बड़ा हिस्सा बिहार में बैठे मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता तक पहुंचाया जाना था, लेकिन डील फाइनल होने से पहले ही पुलिस ने पानी फेर दिया.
Maharashtra TET Paper Leak LIVE: दिल्ली के गुप्त ठिकाने से आया था प्रश्नपत्र
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक लाइव: पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ के दौरान कबूल किया है कि वे टीईटी-2026 परीक्षा के लीक प्रश्नपत्र को देश की राजधानी दिल्ली के एक सीक्रेट ठिकाने से लेकर महाराष्ट्र पहुंचे थे. दिल्ली में इस सिंडिकेट का बड़ा हब काम कर रहा है, जहां देशभर की परीक्षाओं के पेपर को लीक करके अलग-अलग राज्यों में भेजने के लिए सप्लायर्स को सौंप दिया जाता है.
Maharashtra TET Paper Leak LIVE: गिरफ्तार सहयोगियों की हुई पुख्ता पहचान
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक लाइव: भिवंडी पुलिस की छापेमारी के दौरान जिन 3 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है, वे बिजेंद्र गुप्ता के सबसे भरोसेमंद और सक्रिय लोग बताए जा रहे हैं. इनमें से पहले दो की पहचान बिहार के रहने वाले राजीव शॉ और आकाश कुमार के रूप में हुई है, जबकि तीसरे आरोपी की पहचान हरियाणा के धीरज सिंह के रूप में की गई है. ये तीनों ही इस गिरोह के जमीनी स्तर के सबसे मुख्य सप्लायर हैं.
Maharashtra TET Paper Leak LIVE: बिहार पुलिस की 4 साल की नाकामी पर सवाल
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक लाइव: इस मामले में सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात है कि बिहार पुलिस पिछले 4 सालों से इस शातिर मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार करने में नाकाम साबित हो रही थी. बिहार में कई परीक्षाओं में उसका नाम आने के बावजूद वह खुलेआम घूम रहा था और अपना सिंडिकेट चला रहा था. अब महाराष्ट्र पुलिस ने उसके नेटवर्क पर हाथ डालकर बिहार पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.
Maharashtra TET Paper Leak LIVE: कई राज्यों की पुलिस फाइलों में दर्ज है नाम
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक लाइव: परीक्षा माफिया बिजेंद्र गुप्ता का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा और पुराना है. उसके खिलाफ पहले भी देश के अलग-अलग राज्यों (जैसे ओडिशा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार) में पेपर लीक, धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट के तहत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं. वह हर बार कानून की आंखों में धूल झोंककर या तो बच निकलता था या जेल से बाहर आते ही दोबारा अपना धंधा शुरू कर देता था.
Maharashtra TET Paper Leak LIVE: 25 साल पुराना है पेपर लीक का काला इतिहास
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक लाइव: मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता परीक्षा से जुड़े अपराधों की दुनिया का कोई नया नाम या नौसिखिया खिलाड़ी नहीं है. वह पिछले लगभग 25 वर्षों से देशभर में सक्रिय बड़े पेपर लीक नेटवर्क और परीक्षा माफियाओं के साथ जुड़ा हुआ है. वह देश के अलग-अलग राज्यों में होने वाली सरकारी और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों को लीक करने, सॉल्वर गैंग तैयार करने और फर्जीवाड़ा करने का पुराना और शातिर हिस्ट्रीशीटर माना जाता है.
Maharashtra TET Paper Leak LIVE: सामने आया मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता का नाम
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक लाइव: इस हाई-प्रोफाइल टीईटी पेपर लीक कांड का असली सूत्रधार और मुख्य मास्टरमाइंड बिहार के समस्तीपुर जिले के शेरपुर गांव का रहने वाला बिजेंद्र गुप्ता है. पुलिस डायरी के अनुसार, बिजेंद्र गुप्ता ही वह शख्स है जो इस पूरे नेटवर्क को पर्दे के पीछे से रिमोट कंट्रोल की तरह ऑपरेट कर रहा था. उसी ने दिल्ली के रास्ते महाराष्ट्र तक पेपर पहुंचाने की पूरी साजिश रची थी और अपने गुर्गों को भिवंडी भेजा था.
Maharashtra TET Paper Leak LIVE: तीन राज्यों तक फैले सिंडिकेट के तार
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक लाइव: पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में पता चला कि इस पूरे खेल के तार किसी एक शहर या राज्य से नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े हैं. गिरफ्तार किए गए 3 शातिर आरोपियों में से दो आरोपी बिहार के रहने वाले हैं, जबकि उनका तीसरा साथी हरियाणा का निवासी है. इससे पता चलता है कि इस गिरोह ने महाराष्ट्र की परीक्षा में सेंध लगाने के लिए उत्तर भारत से लेकर पश्चिम भारत तक अपना जाल फैला रखा था.
Maharashtra TET Paper Leak LIVE: अंतरराज्यीय रैकेट का सनसनीखेज भंडाफोड़
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक लाइव: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के आयोजन से ठीक पहले ठाणे और भिवंडी पुलिस ने बहुत बड़े और सुनियोजित अंतरराज्यीय पेपर लीक रैकेट का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई ने देश के अंदर सक्रिय परीक्षा माफियाओं का वह खौफनाक नेटवर्क फिर सामने ला दिया है, जो चंद रुपयों के लिए लाखों ईमानदार और मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करता है. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अब तक तीन आरोपियों को धर दबोचा है.

