लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सत्ता के 8 साल पूरे होने पर राजधानी लखनऊ में प्रेस वार्ता का आयोजन हुआ। सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के 8 साल पूरे होने के अवसर पर इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने सरकार की उपलब्धियां बताईं। उन्होंने रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए प्रदेश की जनता को धन्यवाद दिया।
सीएम योगी के साथ ही दोनों उपमुख्यमंत्री- केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, सुरेश खन्ना, सूर्यप्रताप शाही के साथ ही सहयोगी दल के मुखिया- ओमप्रकाश राजभर, संजय निषाद, आशीष पटेल मौजूद रहे। इसके साथ ही प्रशासन और पुलिस विभाग के सीनियर अफसर भी रहे।
सीएम आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के 8 साल पूरा होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश सूचना विभाग की बुकलेट का विमोचन किया। इस बुकलेट का विमोचन लखनऊ में किया गया, जिसमें कामकाज के आधार पर रिपोर्ट कार्ड जारी किया गया है। मार्च 2017 में राज्य की कमान संभालने के बाद से सीएम योगी लगातार 8 साल से सीएम की गद्दी पर बैठे हैं।

