Pune Ketan Agarwal Murder Case Live Updates: पुणे के चर्चित लोहगढ़ किले में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. पता चला है कि करीब एक महीने पहले मई में सिया अपने बॉयफ्रेंड चेतन के साथ उदयपुर गई थी, जहां इसी साल नवंबर में सिया और केतन अग्रवाल की शादी होनी थी. अब सिया की मां ने इस पर सफाई देते हुए बताया कि उनकी बेटी अपनी एक दोस्त की शादी में उदयपुर गई थी. उन्होंने यह भी कहा कि सिया और चेतन साथ नहीं गए थे. सिया की मां के मुताबिक, सिया ने केतन को बताया था कि चेतन उसका दोस्त है.
इस मामले के दोनों मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को आज पुणे ग्रामीण अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस दोनों आरोपियों की हिरासत बढ़ाने की मांग कर सकती है, क्योंकि जांच अभी कई अहम पहलुओं पर जारी है. इस बीच केतन और सिया को बाली ट्रिप के लिए एयरपोर्ट ले जाने वाले कैब ड्राइवर के बयान ने इस मामले को नया ट्विस्ट दे दिया है.
इससे पहले लोनावाला पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपी सिया गोयल को लोहगढ़ किले ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया था. पुलिस ने उसी जगह पहुंचकर पूरे घटनाक्रम को दोबारा समझने की कोशिश की, जहां से केतन अग्रवाल को कथित तौर पर 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया गया था. इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पूरे किले को आम पर्यटकों के लिए बंद रखा गया था और केवल जांच टीम को ही वहां जाने की अनुमति दी गई थी.
सूत्रों के मुताबिक, अब पुलिस की अगली कोशिश इस केस के दूसरे आरोपी चेतन चौधरी के साथ भी घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट करने की है. जांच एजेंसी यह जानना चाहती है कि वारदात के दौरान चेतन की भूमिका क्या थी, दोनों आरोपियों ने किस तरह पूरी साजिश को अंजाम दिया और घटनास्थल पर उनकी गतिविधियां क्या थीं. इससे पुलिस को दोनों आरोपियों के बयानों का मिलान करने और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलेगी.
पुणे केतन अग्रवाल हत्याकांड लाइव: आरोपी सिया के वकील ने सबूतों पर उठाए सवाल, कस्टडी बढ़ाने का करेंगे विरोध
केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल का पक्ष रख रहे वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने अपनी क्लाइंट का बचाव करते हुए सबूतों की मजबूती पर सवाल उठाए. उन्होंने पुलिस कस्टडी बढ़ाने का विरोध किया और कहा कि आरोपों को सही जांच और ट्रायल के जरिए साबित किया जाना चाहिए.
सिया और चेतन की पुलिस कस्टडी खत्म होने पर वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा, ‘मेरी कोशिश रहेगी कि कस्टडी न बढ़े. आरोपी ने हर तरह से पुलिस का सहयोग किया है और सभी सवालों के जवाब दिए हैं. परिवार के सदस्यों ने भी अपना बयान दर्ज करवा दिया है. पुलिस को पूछताछ के लिए पर्याप्त समय मिल चुका है. आरोपी 20 साल की लड़की है, इसलिए मुझे लगता है कोर्ट भी इस पहलू को देखेगा और न्यायिक हिरासत में भेज देगा. इसके बाद हम कानूनी प्रक्रिया को बढ़ाएंगे.’
Pune Ketan Agarwal Murder Case: केतन को बताए बिना उदयपुर क्यों गई थी सिया? मां पूजा गोयल का चौंकाने वाला खुलासा
पुणे के चर्चित लोहगढ़ किले में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, हत्या से एक महीने पहले मई में सिया अपने बॉयफ्रेंड चेतन के साथ उदयपुर गई थी, जहां नवंबर में सिया और केतन अग्रवाल की शादी होनी थी. अब सिया की मां ने इस मामले पर स्पष्टीकरण दिया है. सिया की मां ने बताया कि उनकी बेटी अपनी एक दोस्त की शादी में उदयपुर गई थी. उन्होंने यह भी कहा कि सिया और चेतन साथ नहीं गए थे. सिया की मां के मुताबिक, सिया ने केतन को बताया था कि चेतन उसका दोस्त है.
केतन अग्रवाल मर्डर केस लाइव: चेतन चौधरी ने क्यों 10 घंटे बंद रखा था इंटरनेट? पुणे पुलिस का घूमा माथा
पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में अब आरोपी चेतन चौधरी का करीब 10 घंटे तक इंटरनेट से गायब रहना पुलिस के लिए अहम सुराग बन गया है. जांच एजेंसियों का मानना है कि चेतन ने डिजिटल निगरानी से बचने के लिए जानबूझकर अपना इंटरनेट बंद किया था, लेकिन यही कदम अब उसके खिलाफ जांच की एक महत्वपूर्ण कड़ी बन गया है.
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को सुबह करीब 7 बजे चेतन ने अपने मोबाइल का इंटरनेट बंद कर दिया था. जांचकर्ताओं का दावा है कि उसने अपनी डिजिटल मौजूदगी कम करने के लिए कई कदम उठाए, ताकि उसकी लोकेशन और गतिविधियों का पता आसानी से न लगाया जा सके.
जांच में सामने आया है कि इस दौरान चेतन ने करीब 640 मिनट तक खुद को ऑनलाइन गतिविधियों से दूर रखा. हालांकि, पुलिस का कहना है कि इंटरनेट से दूरी बनाने का यही पैटर्न जांच के दौरान संदिग्ध साबित हुआ और इससे घटनाक्रम की टाइमलाइन तैयार करने में मदद मिली.
Ketan Agarwal Murder Case Live Updates: क्या सिया ने ही गायब किया था मंगेतर केतन का पासपोर्ट, कैब ड्राइवर के बयान से केस में नया ट्विस्ट
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में एक नया मोड़ सामने आया है. जांच एजेंसियों की नजर अब उस घटना पर भी है, जो केतन की मौत से पहले मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हुई थी. कैब ड्राइवर के बयान ने पुलिस की जांच को एक नए एंगल की ओर मोड़ दिया है.
ड्राइवर के मुताबिक, वह केतन अग्रवाल और उनकी मंगेतर सिया गोयल को पुणे से मुंबई एयरपोर्ट लेकर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में सिया ने कैब रुकवाने के लिए कहा और बाद में कार की डिक्की खुलवाई. रिपोर्ट के मुताबिक, कैब ड्राइवर जाधव ने बताया कि उसने सुबह करीब 10 बजे दोनों यात्रियों को पुणे से पिक किया था. ड्राइवर का दावा है कि शुरुआत में सिया कैब में बैठने से मना कर रही थी, लेकिन उसके भाई साहिल ने उसे गाड़ी में बैठने के लिए कहा. इसके बाद कैब रवेट पहुंची, जहां से केतन गाड़ी में सवार हुए और सभी मुंबई एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए.
ड्राइवर के अनुसार, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान सिया ने एक फूड मॉल के पास चाय पीने के लिए गाड़ी रुकवाई. करीब 10 मिनट बाद वह वापस आई और उसने कैब की डिक्की खोलने के लिए कहा. ड्राइवर ने दावा किया, “मैंने डिक्की खोल दी. उसने पर्स से कुछ सामान निकाला, लेकिन मुझे नहीं पता कि वह क्या था.’
पुलिस के लिए यह बयान इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि केतन का पासपोर्ट उसी समय के आसपास गायब होने की बात सामने आई थी, जब दोनों की बाली जाने की योजना थी. दोनों वहां प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए जाने वाले थे. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि डिक्की से निकाली गई चीज क्या थी और क्या उसका केतन के पासपोर्ट गायब होने से कोई संबंध था. हालांकि, पुलिस अभी सभी दावों की पुष्टि सबूतों और डिजिटल जांच के आधार पर कर रही है.
Ketan Agarwal Murder Case Live Updates: सिया और चेतन की रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी पुणे पुलिस
पुणे ग्रामीण कोर्ट में आज होने वाली सुनवाई भी काफी अहम मानी जा रही है. पुलिस आज इस मामले के दोनों मुख्य आरोपियों सिया गोयल और चेतन चौधरी की हिरासत बढ़ाने की मांग करेगी. इस सुनवाई के दौरान सिया गोयल और चेतन चौधरी के परिवार के सदस्य भी अदालत पहुंच सकते हैं. ऐसे में इस हाई-प्रोफाइल मामले की सुनवाई के दौरान अदालत परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाने की संभावना है.

