Last Updated:
CJI Surya Kant Kapil Sibal News: सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को शिवसेना से जुड़े महत्वपूर्ण मामले की सुनवाई चल रही थी. इसी दौरान सीजेआई सूर्यकांत के नेतृत्व वाली कोर्ट रूम नंबर 1 के अंदर संगीत की आवाज आने लगी. इस पर कपिल सिब्बल और सीजेआई सूर्यकांत की टिप्पणियों ने पूरे कोर्ट रूम का माहौल हल्का फुल्का कर दिया.
कपिल सिब्बल ने सुप्रीम कोर्ट में जो बात कही, उस पर सीजेआई सूर्यकांत ने भी अपने साथ हुई घटना का जिक्र किया.
सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को शिवसेना के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे के बीच विवाद के मामले पर सुनवाई हुई. इस मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट का माहौल कुछ देर के लिए हल्का-फुल्का हो गया, जब कोर्ट रूम नंबर-1 के बाहर से तेज संगीत की आवाज अंदर तक सुनाई देने लगी. अदालत में चल रही गंभीर कानूनी दलीलों के बीच अचानक गूंजते संगीत पर वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने मजाकिया अंदाज में ऐसी टिप्पणी कर दी कि कोर्टरूम में मौजूद लोगों का ध्यान उस ओर चला गया.
संगीत की आवाज सुनकर कपिल सिब्बल ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘मुझे लगता है अब डांस करने का समय आ गया है. पता नहीं कौन ऐसा कर रहा है. यह चौंकाने वाला है. लगता है किसी ने चुनाव जीत लिया है.’ सिब्बल की इस टिप्पणी के बाद सुनवाई के माहौल में कुछ देर के लिए हंसी-मजाक का रंग घुल गया.
मथुरा रोड से पैदल सुप्रीम कोर्ट पहुंचे सिब्बल
सुनवाई के दौरान कपिल सिब्बल ने अपने कोर्ट पहुंचने का अनुभव भी साझा किया. उन्होंने बताया कि दोपहर में उन्हें मथुरा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक पैदल आना पड़ा, क्योंकि उनकी कार को आगे आने की जगह नहीं मिल पा रही थी.
सिब्बल की इस बात पर बेंच के सदस्य जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने भी हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा, ‘बाहर डेमोक्रेसी फल-फूल रही है.’
इस पर सिब्बल ने जवाब दिया, ‘हां, बिल्कुल, इसमें कोई संदेह नहीं… कम से कम इस कोर्ट में तो.’ अदालत में हुई इस छोटी-सी बातचीत ने गंभीर सुनवाई के बीच माहौल को कुछ देर के लिए सहज बना दिया.
सीजेआई सूर्यकांत ने भी चुनाव से जुड़ा किस्सा सुनाया
सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने भी चुनाव से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उन्हें देर रात, बल्कि ‘बहुत देर रात’, चुनाव में हस्तक्षेप की मांग को लेकर एक-दो फोन आए थे.
सीजेआई की इस टिप्पणी पर कपिल सिब्बल ने अदालत के सामने आ रहे मामलों को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि ऐसे कई मुद्दे अदालत के सामने आ रहे हैं, ‘जिनका इस कोर्ट के अधिकार क्षेत्र से कोई लेना-देना नहीं है.’
About the Author
साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.
कहां से …
और पढ़ें

