Last Updated:
Jantar Mantar Protest LIVE: INDIA ब्लॉक के सांसदों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने नेताओं को जंतर-मंतर की ओर जाने से रोक दिया. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. …और पढ़ें

दिल्ली में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, पुलिस ने रोकी बसें. (PTI Photo)
Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA ब्लॉक सांसदों का प्रदर्शन जारी है. माहौल तब तनावपूर्ण हो गया, जब पुलिस ने उन्हें जंतर-मंतर की ओर जाने से रोक दिया. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया. इसके बाद प्रियंका गांधी वाड्रा को भी प्रदर्शन स्थल से हटाकर बस में बैठाने की कोशिश की गई. INDIA ब्लॉक के सांसदों ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया. प्रियंका गांधी ने कहा कि सांसदों को पीटा गया और उन्हें जमीन पर गिराया गया. उन्होंने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें खरोंचा. इसके बाद प्रियंका गांधी समेत कई महिला सांसद दिल्ली के शांगरी-ला होटल के पास गोलचक्कर पर सड़क पर बैठ गईं. प्रियंका के हाथ में संविधान की प्रति थी. उन्होंने कहा कि वे चुनाव आयुक्त से मिलने की मांग कर रहे थे.
Delhi Jantar Mantar Protest LIVE : दिल्ली में INDIA ब्लॉक का प्रदर्शन
- जंतर-मंतर की ओर बढ़ी विपक्षी बसों को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया. बस के अंदर बड़ी संख्या में इंडिया ब्लॉक के सांसद मौजूद थे. इनमें राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल थे.
- बस रुकने के बाद कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद बस के ऊपर चढ़ गए. नेताओं ने वहीं से नारे लगाए और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए.
- कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा कि उनकी बस को रास्ते में रोक दिया गया है. उन्होंने बताया कि सांसद सागर रत्ना से बसों में सवार होकर निकले थे. विपक्ष का कहना है कि उनका उद्देश्य तय प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराना है.
- ताजा घटनाक्रम में राहुल गांधी को हिरासत में लेने की कोशिश के दृश्य भी सामने आए हैं. हालांकि वे पुलिसकर्मियों से बचते हुए आगे बढ़ते नजर आए. प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को भी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर है. इस वजह से जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी रखी गई है.
Delhi Protest LIVE: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर आर-पार
- आज के प्रदर्शन के पहले खरगे ने विपक्षी सांसदों के लिए सागर रत्ना में बैठक और भोजन का आयोजन किया था. इसके बाद सांसद बसों में सवार होकर जंतर-मंतर के लिए निकले. विपक्ष ने साफ किया कि मंगलवार की कार्रवाई के बाद भी उसका आंदोलन रुकने वाला नहीं है.
- तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि सभी नेता एक साथ और एकजुट हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष बिना किसी अहंकार के लड़ाई जारी रखेगा. उनका बयान विपक्षी एकता दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है. दलों का आरोप है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में गंभीर सवाल उठे हैं. विपक्ष इसे मतदाताओं के अधिकारों से जोड़ रहा है. वहीं चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस की ओर से नियमों और निर्धारित प्रक्रिया का हवाला दिया गया है.
राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि उनके खिलाफ दर्ज मामले उन्हें डराने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा था कि हर प्राथमिकी उनके लिए पदक की तरह है. कांग्रेस ने भी संकेत दिया है कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर उसका आंदोलन जारी रहेगा.
लाठीचार्ज पर भड़के मनोज झा, बोले- ‘ज्ञानेश कुमार, अमित शाह और मोदी जिम्मेदार’
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर बर्बर लाठीचार्ज किया गया. झा ने कहा कि इसके लिए ज्ञानेश कुमार, अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिम्मेदार हैं. उन्होंने कहा कि कई वर्षों बाद ऐसे दृश्य देखने को मिले हैं. मनोज झा ने इसे कार्रवाई की हद बताते हुए सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से सरकार की स्थिति सामने आ गई है.
Jantar Mantar Protest LIVE: दिल्ली को छावनी बना दिया, सरकार डरी हुई है, रंजीत रंजन ने बोला हमला
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने सरकार और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को शांतिपूर्ण प्रदर्शन से रोका जा रहा है. रंजीत रंजन ने कहा कि विपक्षी सांसद सिर्फ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करना चाहते हैं और चुनाव आयोग से मिलना चाहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली को छावनी में बदल दिया गया है. कांग्रेस सांसद ने कहा कि दिल्ली पुलिस को पूरे दिन विपक्षी नेताओं के पीछे लगाया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि सरकार सवालों के जवाब देने के बजाय विपक्ष को रोकने और लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है.
Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: राहुल गांधी हिरासत में, प्रियंका गांधी को भी बस में बैठाया गया
दिल्ली में जंतर-मंतर के पास लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया. INDIA ब्लॉक के सांसदों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें प्रदर्शन स्थल की ओर जाने से रोका. प्रदर्शन के दौरान सांसदों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी रही. इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को भी पुलिस ने बस में बैठा दिया. विपक्षी सांसद चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे.
Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: मनोज झा बोले- ‘यह सिर्फ लॉन्च है’
दिल्ली में INDIA ब्लॉक सांसदों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोका. CPI सांसद पी. संतोष कुमार ने कहा कि सांसदों को हिरासत में लेने से ज्ञानेश कुमार नहीं बच सकते. उन्होंने उनके इस्तीफे की मांग की.
आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने बस से उतरते हुए कहा कि यह सिर्फ ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नहीं है. उन्होंने सरकार पर लोकतंत्र की आत्मा पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यह अभियान सरकार के खिलाफ है. वहीं संतोष कुमार ने कहा कि यह लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है.
Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: दिल्ली में INDIA ब्लॉक के सांसदों को रोका गया, प्रियंका गांधी बोलीं- ‘इस तरह होता है?’
दिल्ली में INDIA ब्लॉक के सांसदों के प्रदर्शन के बीच पुलिस ने उनकी बस को जंतर-मंतर की ओर जाने से रोक दिया. बस से उतरते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा, “इस तरह होता है? आप देख सकते हैं कि ये क्या कर रहे हैं.” लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी सांसदों के साथ बस में मौजूद थे. कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि वे चुनाव आयोग कार्यालय की ओर जाना चाहते हैं, लेकिन पुलिस उन्हें रोक रही है. उन्होंने सरकार पर हंगामा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र नहीं बचा है.

