India
oi-Kumari Sunidhi Raj
Jal Jeevan Mission Scam Dinesh Goyal Arrested: राजस्थान में ‘हर घर जल’ पहुंचाने के संकल्प वाले जल जीवन मिशन (JJM) में हुए करीब 900 करोड़ रुपये के कथित घोटाले ने प्रदेश की सियासत और ब्यूरोक्रेसी में भूकंप ला दिया है। मंगलवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक साथ देशभर के 15 ठिकानों पर छापेमारी कर भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक की सबसे निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस मेगा ऑपरेशन ने न केवल प्रशासनिक महकमे की चूलें हिला दी हैं, बल्कि भ्रष्टाचार के गहरे नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया है। उदयपुर से चीफ इंजीनियर दिनेश गोयल की गिरफ्तारी और रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल के आवास पर तलाशी ने यह साफ कर दिया है कि जांच की आंच अब सीधे सत्ता के गलियारों और ऊंचे पदों पर बैठे रसूखदारों तक पहुंच चुकी है।

चीफ इंजीनियर दिनेश गोयल की गिरफ्तारी और टेंडर में खेल
ACB ने इस कार्रवाई के दौरान उदयपुर से चीफ इंजीनियर दिनेश गोयल को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता को ताक पर रखकर नियमों को दरकिनार किया और चहेती कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाया। अधिकारियों को पूछताछ के दौरान कई ऐसे अहम दस्तावेज मिले हैं, जो सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की कड़ियों को जोड़ते हैं।
देशभर में 15 ठिकानों पर एक साथ दबिश
भ्रष्टाचार का यह जाल केवल राजस्थान तक सीमित नहीं था। ACB की टीमों ने जयपुर, बाड़मेर, सीकर और जालौर के साथ-साथ बिहार और झारखंड में भी निजी कंपनियों के ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इन कंपनियों पर संदिग्ध तरीके से टेंडर हासिल करने और फर्जीवाड़े का शक है। जांच के दौरान डिजिटल डेटा, कंप्यूटर रिकॉर्ड और भारी मात्रा में बैंक लेनदेन के दस्तावेजों को जब्त किया गया है।
रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल और फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र
जांच के घेरे में प्रदेश के कद्दावर रिटायर्ड IAS अधिकारी सुबोध अग्रवाल भी आ गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उनके कार्यकाल के दौरान पारित हुए ठेकों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। आरोप है कि कई फर्मों को फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र (Fake Experience Certificates) के आधार पर करोड़ों के ठेके दिलाने में मदद की गई। उनके आवास पर हुई तलाशी के बाद ब्यूरो अब इस सिंडिकेट की गहराई मापने में जुटा है।
रसूखदारों की लंबी सूची और कड़ी पूछताछ
ACB ने इस मामले में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे गुप्त ठिकानों पर पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गए प्रमुख नामों में शामिल हैं:
- केडी गुप्ता और नीरिल कुमार
- सुशील शर्मा और डीके गौर
- महेंद्र सोनी और विशाल सक्सेना
- शुभांशु दीक्षित और अरुण श्रीवास्तव
ये भी पढ़ें: Maharashtra: महाराष्ट्र में ATS की बड़ी छापेमारी, 21 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन, आतंकी साजिश नाकाम!

