Last Updated:
Indian Government Black Sea Advisory: ब्लैक सी क्षेत्र में बढ़ते मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच भारत सरकार ने भारतीय नाविकों के लिए विस्तृत सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है. विदेश मंत्रालय ने बताया कि अप्रैल 2026 से व्यावसायिक जहाजों पर हमले बढ़े हैं और अब तक पांच भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है. सरकार ने भारतीय नागरिकों से नौकरी स्वीकार करने से पहले जहाज के रूट, सुरक्षा व्यवस्था, बीमा, आपातकालीन निकासी और मुआवजे की जानकारी लेने की सलाह दी है. साथ ही DGMA की सुरक्षा एडवाइजरी का पालन करने और आपात स्थिति में भारतीय दूतावास से संपर्क करने को कहा गया है.
ब्लैक सी में बढ़ते मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच भारत सरकार ने भारतीय नाविकों के लिए विस्तृत सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है. (फाइल फोटो AFP)
नई दिल्ली: अगर आप या आपके परिवार का कोई सदस्य समुद्री जहाजों पर नौकरी करता है तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. ब्लैक सी (Black Sea) क्षेत्र में लगातार बढ़ते मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच भारत सरकार ने पहली बार भारतीय नाविकों के लिए इतनी विस्तृत सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है. विदेश मंत्रालय ने साफ कहा है कि इस क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति बेहद संवेदनशील और अस्थिर बनी हुई है. अप्रैल 2026 से व्यावसायिक जहाजों पर हमलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन घटनाओं में अब तक पांच भारतीय नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं. ऐसे में सरकार ने भारतीय नाविकों से अपील की है कि वे किसी भी जहाज पर नौकरी स्वीकार करने से पहले हर सुरक्षा पहलू की पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें.
सरकार की यह एडवाइजरी ऐसे समय आई है जब रूस-यूक्रेन युद्ध का असर अब समुद्री व्यापार पर भी साफ दिखाई दे रहा है. ब्लैक सी और उसके आसपास के समुद्री मार्गों पर लगातार खतरा बढ़ रहा है. कई व्यावसायिक जहाज भी हमलों की चपेट में आए हैं. इसी को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को आगाह किया है कि केवल अच्छी सैलरी देखकर नौकरी स्वीकार न करें, बल्कि जहाज का रूट, सुरक्षा व्यवस्था, बीमा, आपातकालीन निकासी और मुआवजे जैसी सभी शर्तों की पहले पूरी जानकारी लें. सरकार ने यह भी कहा है कि परिवार को यात्रा और तैनाती की जानकारी देना और भारत सरकार की सभी सुरक्षा एडवाइजरी का पालन करना बेहद जरूरी है.
ब्लैक सी में बढ़ते खतरे के बीच सरकार की अहम चेतावनी
- विदेश मंत्रालय ने ब्लैक सी क्षेत्र में काम करने वाले भारतीय नागरिकों और विशेष रूप से भारतीय नाविकों के लिए विस्तृत सुरक्षा सलाह जारी की है. मंत्रालय के अनुसार ब्लैक सी और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में सुरक्षा हालात बेहद संवेदनशील और अस्थिर हैं. जारी संघर्ष के कारण व्यावसायिक जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा लगातार बना हुआ है.
- सरकार के मुताबिक अप्रैल 2026 से ऐसे हमलों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. इन घटनाओं में अब तक पांच भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है. इसी कारण भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे इस क्षेत्र में नौकरी स्वीकार करने से पहले सभी सुरक्षा जोखिमों का सावधानीपूर्वक आकलन करें.
- विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भर्ती एजेंसी, नियोक्ता और शिप ऑपरेटर से जहाज के रूट, जिन बंदरगाहों पर जहाज जाएगा, सुरक्षा व्यवस्था, बीमा कवर और आपातकालीन योजना की पूरी जानकारी पहले ही प्राप्त कर लें. इसके बाद ही किसी अनुबंध पर हस्ताक्षर करें.
रोजगार अनुबंध में इन बातों का होना जरूरी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि रोजगार अनुबंध अंतरराष्ट्रीय समुद्री मानकों के अनुरूप होना चाहिए. अनुबंध में चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन निकासी (Evacuation), स्वदेश वापसी (Repatriation) और दुर्घटना या हमले की स्थिति में मुआवजे (Compensation) का स्पष्ट प्रावधान होना चाहिए.
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नाविकों को यह भी सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा, जहाज की तैनाती और संपर्क संबंधी जानकारी अपने परिवार के साथ साझा करें तथा नियमित रूप से संपर्क बनाए रखें.
DGMA की सुरक्षा एडवाइजरी का पालन करने की अपील
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों से महानिदेशालय समुद्री प्रशासन (DGMA) और भारत सरकार की अन्य एजेंसियों द्वारा समय-समय पर जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा है. विशेष रूप से 23 जुलाई 2026 को DGMA द्वारा जारी सुरक्षा एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है. सरकार का कहना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की अनदेखी गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है.
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
विदेश मंत्रालय ने आपातकालीन सहायता के लिए भारतीय दूतावासों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं.
- भारतीय दूतावास, रूस: +7 9652773414
- भारतीय दूतावास, यूक्रेन: +38 0933559958
सरकार ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक तुरंत संबंधित भारतीय दूतावास से संपर्क करें.
About the Author
सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…
और पढ़ें

