Last Updated:
IMD Weather Today: समंदर में उठा तूफान आखिरकार भारतीय तटों से टकरा ही गया. इसके प्रभाव से तटवर्ती राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई है. दूसरी तरफ, दिल्ली-एनसीआर से मानसून की समयपूर्व विदाई शुरू हो चुकी है.
बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान ओडिशा-आंध्र के तट से टकरा गया है. इसके प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में बारिश हो रही है. (फाइल फोटो)
IMD Weather Today: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय वेदर सिस्टम के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है. इसके धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है. इसके बाद भी यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर होगा. आईएमडी के अनुसार, गुरुवार सुबह 8.30 बजे यह डीप डिप्रेशन उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के पास केंद्रित था. यह कलिंगपट्टनम से करीब 70 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम, ओडिशा के रायगड़ा से 80 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, कोरापुट से 90 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से करीब 170 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में स्थित था. दोपहर बाद यह बंगाल की खाड़ी मे उठा तूफान कलिंगपट्टनम से टकराया. इसके प्रभाव से तटवर्ती इलाकों में मूसलाधार बारिश रिकॉर्ड की गई है. विशाखापट्टनम में 278 mm, काकीनाडा में 152.3 mm और खम्मम में 104 mm बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के कई जिलों में 23 सितंबर 2026 से ही बारिश का दौर शुरू हो गया है. हवा की रफ्तार भी सामान्य से ज्यादा है.
बिहार-झारखंड, ओडिशा में बारिश
इस मौसम प्रणाली के कारण पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है. ओडिशा में 24 सितंबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई. राज्य में 25 सितंबर को भी भारी बारिश की संभावना है, जबकि 26 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. IMD ने ओडिशा और बिहार में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की चेतावनी दी है. इस दौरान हवा की गति 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. ओडिशा में डीप डिप्रेशन के कारण मौसम की गतिविधियां विशेष रूप से प्रभावी रहने की संभावना है.
आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी असर
उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में व्यापक बारिश होने की संभावना है. यहां कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. 25 सितंबर को भी भारी बारिश की संभावना है. आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में गरज-चमक के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. राज्य में 25 सितंबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. इस दौरान हवा की गति 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. 25 सितंबर को भी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना है.

