IMD Weather Today: देश की राजधानी दिल्ली के साथ ही अन्य राज्यों ने ठंड ने दस्तक दे दी है. नेशनल कैपिटल में अक्टूबर के पहले हफ्ते में इतनी बारिश हुई कि पिछले 15 साल का रिकॉर्ड टूट गया. अब सर्दी भी दस्तक देने लगी है. न्यूनतम तापमान लगातार 20 डिग्री से नीचे बना हुआ है. इससे पंखा चलाने पर चादर की जरूरत महसूस होने लगी है. वेदर एक्सपर्ट की मानें तो अक्टूबर के अंत तक मिनिमम टेम्प्रेचर 15 डिग्री या उससे नीचे जा सकता है. बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में भी ठंड ने समय से पहले दस्तक दे दी है. दूसरी तरफ, दक्षिण-पश्चिम मानसून के बाकी के राज्यों से लौटने की स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. वहीं, देश के दक्षिणी हिस्से में उत्तर-पूर्वी मानसून के सक्रिय होने की प्रबल संभावना बनी हुई है. बंगाल की खाड़ी से लेकर अरब सागर तक में साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थिति बनी हुई है. हालांकि, फिलहाल इसका असर काफी कम है, पर तटवर्ती इलाकों में इसका असर देखा जा सकता है.
दिल्ली-एनसीआर के मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में अक्टूबर में अब तक दिन और रात का तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है. स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के अनुसार, बेस स्टेशन सफदरजंग में लगातार पांचवें दिन न्यूनतम तापमान 20°C से कम दर्ज हुआ. अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 10 अक्टूबर 2025 को 18.8°C दर्ज किया गया था. वहीं, साफ आसमान और हल्की हवा के साथ दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है. इसके बावजूद तापमान सामान्यसे थोड़ा नीचे बना हुआ है. दिल्ली में अक्टूबर की शुरुआत में सामान्य न्यूनतम तापमान करीब 22°C रहता है, जो महीने के मध्य तक घटकर लगभग 19°C तक पहुंच जाता है. इस बार अक्टूबर के पहले दो हफ्तों का औसत न्यूनतम तापमान 21.4°C रहा, जो कि सामान्य 22°C से थोड़ा कम है. आने वाले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग 20°C या उससे नीचे रहने की उम्मीद है. महीने के दूसरे भाग में तापमान में करीब 5°-6°C की गिरावट संभव है और महीने के अंत तक यह 15°C से भी नीचे जा सकता है.
जान लें यहां का मौसम
पिछले 24 घंटे के दौरान, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई. दक्षिण ओडिशा तट, आंध्र प्रदेश तट, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हुई. मेघालय, झारखंड, तेलंगाना और रायलसीमा में हल्की वर्षा दर्ज की गई. राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे कम रहा. अगले 24 घंटे के दौरान, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. दक्षिण ओडिशा तट, आंध्र प्रदेश तट, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम वर्षा संभव है. पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी हल्की वर्षा हो सकती है.

