Last Updated:
Nursery Plant Care Gardening Tips: नर्सरी से लाए पौधे सूखने की समस्या आम है. पूर्णिया के प्लांट एक्सपर्ट आशुतोष कुमार ने बताया कि गलत जगह रखना, तुरंत जमीन में लगाना, ज़्यादा पानी देना और जड़ों से प्लास्टिक न हटाना इसके मुख्य कारण हैं. सही देखभाल से पौधे को सूखने से बचाया जा सकता है. पूर्णिया के गार्डन ग्राम के एक्सपर्ट आशुतोष कुमार से जानें टिप्स.
पूर्णिया: अक्सर लोग नर्सरी से फल, फूल या सब्जियों के पौधे खरीदकर घर लाते हैं. घर में पौधे लगाने के एक-दो दिन बाद ही पीला पड़ने लगता है. धीरे-धीरे सूख जाता है. इसके पीछे पौधे को गलत जगह रखना, तुरंत जमीन में लगा देना, जरूरत से ज्यादा पानी देना और जड़ों पर लगी प्लास्टिक की पोटली को नहीं हटाना जैसी कई वजहें हो सकती हैं. अगर पौधे को सही तरीके से लगाया जाए और शुरुआती दिनों में उसकी उचित देखभाल की जाए तो उसे सूखने से बचाया जा सकता है. पूर्णिया के गार्डन ग्राम के एक्सपर्ट आशुतोष कुमार ने नर्सरी से पौधा घर लाने के बाद उसकी देखभाल के कुछ आसान तरीके बताए हैं.
पौधा खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
आशुतोष कुमार ने बतलाया कि नर्सरी से पौधा खरीदते समय सबसे पहले यह पता करना जरूरी है कि वह इंडोर है या आउटडोर. इंडोर पौधों को सीधी तेज धूप से बचाकर ठंडी और छायादार जगह पर रखना चाहिए. जबकि आउटडोर पौधों को उनकी जरूरत के अनुसार धूप मिलनी चाहिए. पौधे की जरूरत जाने बिना उसे गलत जगह रखने से वह कुछ ही दिनों में कमजोर होकर सूख सकता है.
घर लाते ही तुरंत जमीन में न लगाएं
नर्सरी से पौधा घर लाने के बाद उसे तुरंत जमीन में लगाने की बजाय कुछ समय के लिए छायादार जगह पर रखें. इसके बाद हल्की और नमी वाली मिट्टी में पौधे को लगाएं. शुरुआत में पौधे को तेज धूप में रखने से बचना चाहिए. धीरे-धीरे पौधे को उसके अनुकूल वातावरण में लाने से वह आसानी से विकसित हो सकता है.
मिट्टी देखकर ही दें पानी
पौधों के सूखने की एक बड़ी वजह जरूरत से ज्यादा पानी देना भी है. एक्सपर्ट के अनुसार पौधे में पानी डालने से पहले उसकी जड़ों के आसपास की मिट्टी की नमी जांचनी चाहिए.
अगर मिट्टी पहले से गीली है तो पानी नहीं डालना चाहिए. जब मिट्टी सूखी और हल्की लगे, तभी जरूरत के अनुसार पानी दें. जरूरत से ज्यादा पानी देने से भी पौधे की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है.
जड़ों से लगी प्लास्टिक जरूर हटाएं
नर्सरी से लाए गए कई पौधों की जड़ों के आसपास प्लास्टिक की पोटली या पॉलीबैग लगा होता है. कई लोग इसे हटाए बिना ही पौधे को जमीन में लगा देते हैं. इससे जड़ों को मिट्टी में फैलने और विकसित होने में परेशानी हो सकती है. पौधा लगाने से पहले जड़ों से लगी प्लास्टिक को सावधानी से हटा दें. इसके बाद मिट्टी में वर्मी कंपोस्ट मिलाकर पौधे को लगाएं. इससे पौधे को शुरुआती विकास के लिए जरूरी पोषण मिल सकता है.
इन छोटी बातों का रखें ध्यान
पौधे को सही जगह लगाने, जरूरत के मुताबिक पानी देने, जड़ों से प्लास्टिक हटाने और मिट्टी में वर्मी कंपोस्ट मिलाने जैसी छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो नर्सरी से लाए गए पौधे को सूखने से बचाया जा सकता है. इससे घर का गार्डन भी लंबे समय तक हरा-भरा और स्वस्थ बना रह सकता है.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें

