नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि हमारे संविधान निर्माता ये जानते थे कि भारत की आकांक्षाएं, भारत के सपने समय के साथ नई ऊंचाई पर पहुंचेंगे, वो जानते थे कि आज़ाद भारत की और भारत के नागरिकों की ज़रूरतें बदलेंगी, चुनौतियां बदलेंगी… इसलिए उन्होंने हमारे संविधान को महज़ कानून की एक किताब बनाकर नहीं छोड़ा… बल्कि इसको एक जीवंत, निरंतर प्रवाहमान धारा बनाया. वे मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में संविधान दिवस समारोह में बोल रहे थे.
उन्होंने कहा, “लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व का जब हम स्मरण कर रहे हैं, तब ये भी नहीं भूल सकते कि आज के ही दिन मुंबई में हुए आतंकी हमले की भी बरसी है. इस हमले में जिन व्यक्तियों का निधन हुआ, उन्हें मैं श्रद्धांजलि देता हूं. मैं देश का यह संकल्प भी दोहराता हूं कि भारत की सुरक्षा को चुनौती देने वाले हर आतंकी संगठन को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.”
पीएम मोदी ने कहा, “हमारा संविधान, हमारे वर्तमान और हमारे भविष्य का मार्गदर्शक है. आज हर देशवासी का एक ही ध्येय है- विकसित भारत का निर्माण. भारतीयों को त्वरित न्याय मिले, इसके लिए नई न्याय संहिता लागू की गई है. दंड आधारित व्यवस्था अब न्याय आधारित व्यवस्था में बदल चुकी है.”
पीएम मोदी ने सुप्रीम कोर्ट की तरफ से आयोजित हो रहे संविधान दिवस कार्यक्रम में कहा, “पिछले 10 वर्षों में, 53 करोड़ से ज्यादा ऐसे भारतीयों का बैंक खाता खुला है, जो बैंक के दरवाजे तक नहीं पहुंच पाते थे. पिछले 10 वर्षों में, 4 करोड़ ऐसे भारतीयों को पक्का घर मिले हैं, जो कई कई पीढ़ियों से बेघर थे. पिछले 10 वर्षों में, 10 करोड़ से ज्यादा ऐसी महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन मिला है, जो वर्षों से अपने घर में गैस पहुंचने का इंतजार कर रही थी.”
पीएम मोदी ने इस मौके पर केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “आज देश का बहुत ज्यादा जोर देश के नागरिकों को ईज ऑफ लीविंग पर है. एक समय था जब पेंशन पाने वाले सीनियर सिटीजन्स को बैंक में जाकर साबित करना होता था कि वो जीवित हैं. आज सीनियर सिटीजन्स को घर बैठे ही डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की सुविधा मिल रही है. आज भारत वो देश है… जो हर गरीब परिवार को 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का सुविधा देता है. आज भारत वो देश है… जो 70 साल के अधिक उम्र के हर बुजुर्ग को फ्री हेल्थकेयर की सुविधा देता है.”
Tags: Constitution Day, Narendra modi, Supreme Court
FIRST PUBLISHED : November 26, 2024, 18:40 IST

