लखनऊ/आगरा: उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव का मतदान पूरा होते ही लोगों को बड़ा झटका मिला है। यूपी के दो जिलों में अब लोगों की मंहगी कीमत पर सीएनजी गैस खरीदने पड़ेगी। जानकारी के मुताबिक लखनऊ और आगरा में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की कीमतों में बढ़ोतरी का निर्णय किया गया है। 21 नवंबर की सुबह 6 बजे से लखनऊ और आगरा में सीएनजी की नई कीमत रु 96.75 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाएगी। इसके बाद सीएनजी और कुछ जगहों पर पेट्रोल और डीजल से महंगी हो गई है।बता दें कि इसके पहले लखनऊ और आगरा में सीएनजी का मूल्य 94 रुपये प्रति किलोग्राम था। बताया जा रहा है कि घरेलू प्राकृतिक गैस का कोटा घटने से कीमतें बढ़ाई गई हैं। अब इसका सीधा असर गुरूवार सुबह से आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। जानकारी के मुताबिक इसका असर लखनऊ से जुड़ी 1 लाख सीएनजी गाड़ियों पर पड़ने वाला है। करीब 90 हजार गाड़ियां लखनऊ और 10 हजार गाड़ियां हर रोज राजधानी के आस-पास से यहां आती हैं।
पीएनजी गैस के दाम पर अपडेट
कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की कीमतों में वृद्धि की खबर आते ही रसोई गैस को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। जानकारी के मुताबिक रसोई गैस यानि पीएनजी के दाम में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की गई है। पिछले काफी दिनों से प्रदेश में पीएनजी गैस कनेक्शन बढ़ाने पर काफी ध्यान दिया जा रहा है।
हर घर पीएनजी गैस कनेक्शन तेजी से बढ़ाए जा रहे है। अचानक इसमें वृद्धि करने पर सरकार और अन्य एजेंसियों को इसका नुकसान उठाना पड़ सकता था। हालांकि सीएनजी के बाद पीएनजी की कीमतों में जल्द वृद्धि होने से इनकार नहीं किया जा सकता है।

