Last Updated:
CJI BR Gavai: सुप्रीम कोर्ट में सीजेआई बीआर गवई पर हमले की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल ने कड़ी निंदा की.
पीएम मोदी ने सीजेआई गवई पर हमले की निंदा की. (फाइल फोटो)नई दिल्ली. सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस (सीजेआई) बीआर गवई के साथ हुए दुर्व्यवहार मामले की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निंदा की और कहा कि इस घटना से हर कोई नाराज है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “भारत के प्रधान न्यायाधीश जस्टिस बी.आर. गवई जी से बात की. आज सुबह सुप्रीम कोर्ट परिसर में उन पर हुए हमले से हर भारतीय दुखी है. हमारे समाज में ऐसे निंदनीय कृत्यों के लिए कोई जगह नहीं है. यह अत्यंत निंदनीय है. ऐसी स्थिति में न्यायमूर्ति गवई द्वारा प्रदर्शित धैर्य की मैं सराहना करता हूं. यह न्याय के मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और हमारे संविधान की भावना को मज़बूत करने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है.”
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी समेत कांग्रेस के नेताओं ने भी सीजेआई गवई पर हमले की है. उन्होंने कहा कि यह न्यायपालिका की गरिमा और विधि के शासन पर हमला है. खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सीजेआई पर हमले का प्रयास अभूतपूर्व, शर्मनाक और घृणित है. यह हमारी न्यायपालिका की गरिमा और विधि के शासन पर हमला है. जब एक वर्तमान मुख्य न्यायाधीश, जो अपनी योग्यता, निष्ठा और दृढ़ता के बल पर देश के सर्वोच्च न्यायिक पद पर पहुंचे हैं, को इस तरह निशाना बनाया जाता है तो यह एक बेहद विचलित करने वाला संदेश देता है. यह एक ऐसे व्यक्ति को धमकाने और अपमानित करने का प्रयास दर्शाता है, जिसने संविधान की रक्षा के लिए सामाजिक बंधनों को तोड़ा है.”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसा मूर्खतापूर्ण कृत्य दर्शाता है कि पिछले एक दशक में हमारे समाज में किस तरह से घृणा और कट्टरता व्याप्त हो गई है. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से मैं इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं. हमारी न्यायपालिका की सुरक्षा सर्वोपरि है. न्याय और तर्क की जीत हो, धमकी की नहीं.
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत के मुख्य न्यायाधीश पर हमला हमारी न्यायपालिका की गरिमा और हमारे संविधान की भावना पर हमला है. इस तरह की नफरत का हमारे देश में कोई स्थान नहीं है और इसकी निंदा की जानी चाहिए.
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश पर हमले की कोशिश अत्यंत शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है. यह सिर्फ देश के सीजेआई पर नहीं, बल्कि हमारे संविधान, संपूर्ण न्याय व्यवस्था और कानून के शासन पर हमला है. सीजेआई ने अपनी मेहनत, लगन और योग्यता के दम पर समाज के सारे बंधनों को तोड़कर सर्वोच्च न्यायिक पद हासिल किया है. उन पर इस तरह का हमला न्यायपालिका और लोकतंत्र- दोनों के लिए घातक है. इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है.
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारत के सीजेआई पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए. यह हमारे संविधान पर हमला है और संविधान विरोधी आरएसएस द्वारा न्यायपालिका के उस शीर्षस्थ अधिकारी को चुनौती देने का एक हताश प्रयास है जो इस संविधान की रक्षा करता है. सीजेआई गवई सबसे बुरी सामाजिक असमानताओं से जूझते हुए इस मुकाम पर पहुंचे हैं और अपनी योग्यता एवं दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह पद हासिल किया है. उनकी यात्रा और पद का जश्न मनाया जाना चाहिए, उन पर हमला नहीं किया जाना चाहिए. इस घटना के लिए सत्तारूढ़ शासन द्वारा फैलाई गई नफरत और विभाजनकारी भावना जिम्मेदार है. हम इस हमले का पुरजोर विरोध करते हैं.
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h… और पढ़ें

