CBSE 12th Date Sheet 2027: सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है. 12वीं के छात्रों के लिए इस बार परीक्षा की शुरुआत फिजिक्स के पेपर से होगी. बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी 2027 से शुरू होगी. इसके बाद फरवरी और मार्च में अलग-अलग विषयों के पेपर होंगे, जबकि कुछ परीक्षाएं अप्रैल तक चलेंगी.
सीबीएसई ने आज 6 नवंबर 2026 को बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी की है. छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए करीब 101 दिन का समय मिला है. इस बार 12वीं की परीक्षा में 19.8 लाख से ज्यादा छात्र शामिल होंगे. वहीं 10वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए 26.5 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी और पेपर सुबह 10:30 बजे से आयोजित किए जाएंगे.
12वीं की परीक्षा फिजिक्स से शुरू, अप्रैल तक चलेगा बोर्ड एग्जाम
सीबीएसई 12वीं की डेटशीट के मुताबिक सबसे पहला पेपर 16 फरवरी 2027 को फिजिक्स का होगा. इसके बाद 23 फरवरी को अकाउंटेंसी, 25 फरवरी को जियोग्राफी और 27 फरवरी को केमिस्ट्री की परीक्षा निर्धारित की गई है. मार्च में परीक्षा का कार्यक्रम और आगे बढ़ेगा. इस महीने साइकोलॉजी, अंग्रेजी, गणित, हिंदी, इकोनॉमिक्स, पॉलिटिकल साइंस, बायोलॉजी और इतिहास जैसे महत्वपूर्ण विषयों के पेपर होंगे.
मार्च के आखिरी दिनों में सोशियोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, इन्फॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की परीक्षा होगी. वहीं, बिजनेस स्टडीज और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन का पेपर 1 अप्रैल 2027 को निर्धारित किया गया है. इस तरह 12वीं के छात्रों को अपने विषयों के हिसाब से फरवरी से अप्रैल तक की तैयारी की योजना बनानी होगी.
CBSE Class 12 Date Sheet 2027: किस दिन किस विषय का पेपर?
सीबीएसई 12वीं की बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी 2027 को फिजिक्स के पेपर से शुरू होगी. इसके बाद 23 फरवरी को अकाउंटेंसी और 25 फरवरी को जियोग्राफी की परीक्षा आयोजित की जाएगी. 27 फरवरी को केमिस्ट्री का पेपर होगा जबकि 2 मार्च को साइकोलॉजी की परीक्षा निर्धारित है. इसके अगले दिन यानी 3 मार्च को पंजाबी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मराठी, गुजराती, मलयालम, ओड़िया, असमिया, कन्नड़ और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं के पेपर होंगे.
मार्च महीने में 5 तारीख को इंग्लिश कोर और इंग्लिश इलेक्टिव की परीक्षा होगी. इसके बाद 9 मार्च को गणित और एप्लाइड मैथमेटिक्स का पेपर आयोजित किया जाएगा. 13 मार्च को हिंदी कोर और हिंदी इलेक्टिव की परीक्षा होगी. वहीं 16 मार्च को इकोनॉमिक्स और 19 मार्च को पॉलिटिकल साइंस का पेपर निर्धारित किया गया है.
इसके बाद 25 मार्च को बायोलॉजी और 27 मार्च को हिस्ट्री की परीक्षा होगी. 30 मार्च को सोशियोलॉजी का पेपर आयोजित किया जाएगा. वहीं, 31 मार्च को कंप्यूटर साइंस, इन्फॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की परीक्षा होगी. सीबीएसई 12वीं की डेटशीट के मुताबिक 1 अप्रैल 2027 को बिजनेस स्टडीज और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन का पेपर होगा.

