Last Updated:
शपथ दिलाते वक्त कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सुजॉय पॉल गहरे लाल रंग का रोब और उसके साथ औपनिवेशिक-शैली का एक खास ‘कोर्ट विग’ पहने नजर आए. न्यायिक विग पहनने की यह परंपरा 17वीं सदी के ब्रिटिश कानूनी इतिहास से जुड़ी है, जो आज के समय में भारत के शपथ ग्रहण समारोहों में शायद ही कभी देखने को मिलती है.

आर.एन. रवि को कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सुजॉय पॉल ने राज्यपाल पद की शपथ दिलाई. (एएनआई)
कोलकाता. राजभवन में गुरुवार को आर. एन. रवि का पश्चिम बंगाल के 22वें गवर्नर के तौर पर शपथ ग्रहण समारोह न सिर्फ़ राजनीतिक बदलाव के लिए, बल्कि एक खास दृश्य के लिए भी चर्चा का विषय बन गया. आर. एन. रवि को बंगाल के राज्यपाल पग की शपथ कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ़ जस्टिस सुजॉय पॉल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में दिलाई. समारोह के दौरान, जस्टिस पॉल गहरे लाल रंग का रोब और उसके साथ औपनिवेशिक-शैली का कोर्ट विग पहने नज़र आए – यह नज़ारा देखते ही देखते ऑनलाइन लोगों का ध्यान खींचने लगा.
जस्टिस पॉल ने ठीक यही पोशाक तब भी पहनी थी, जब इसी साल जनवरी में उन्होंने पश्चिम बंगाल के गवर्नर सी.वी. आनंद बोस के हाथों कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ़ जस्टिस के तौर पर शपथ ली थी, उन्होंने पिछले जजों द्वारा अपनाई गई परंपरा का ही पालन किया था.
न्यायिक विग, जिनकी जड़ें 17वीं सदी की ब्रिटिश कानूनी परंपरा में हैं, आज भारत के शपथ ग्रहण समारोहों में शायद ही कभी देखने को मिलते हैं. इसलिए, इस समारोह में उनका दिखना सबसे अलग था, जिससे यह सवाल उठने लगे कि कलकत्ता हाईकोर्ट के जज कभी-कभी ऐसी पोशाक क्यों पहनते हैं, जो 19वीं सदी के ब्रिटिश जजों की पोशाक जैसी लगती है.

