BRICS Summit 2026 LIVE: ब्रिक्स समिट में भारत को बड़ी सफलता मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि भारत मंडपम में चल रहे दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में ब्रिक्स संयुक्त घोषणापत्र 2026 को पूरी सहमति के साथ अपना लिया गया है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ब्रिक्स नई दिल्ली घोषणापत्र 2026 को सर्वसम्मति से अपनाया गया और किसी भी सदस्य ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई. उन्होंने ब्रिक्स की 20वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में दो डाक टिकट भी जारी किए.
इससे पहले ब्रिक्स समिट के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘आप सभी का भारत में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है. भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता लोगों पर केंद्रित और मानवता को प्राथमिकता देने वाले नज़रिए पर आधारित है. मज़बूती, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी हमारी प्राथमिकताएं रही हैं. इन्हीं प्राथमिकताओं के साथ, हमने ब्रिक्स की अध्यक्षता को आम लोगों से जोड़ने पर खास ज़ोर दिया है.’
इस ब्रिक्स समिट में बदलती दुनिया का नेतृत्व करने वाले देश शामिल हो रहे हैं, ऐसे में अमेरिका और यूरोप की नजरें इस सम्मेलन पर टिकी हुई हैं. भारत के साथ ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी इसमें हिस्सा लिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच भी इस दौरान द्विपक्षीय वार्ता हुई.
इससे पहले पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शुक्रवार को बातचीत हुई थी. इसके अलावा पीएम मोदी का अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों से भी मुलाकात की योजना है. इससे पहले 11 सितंबर को ब्रिक्स बिजनेस फोरम का कार्यक्रम था. इसमें भारत में रूसी दूतावास के प्रेस सेक्रेटरी पेट्र सिजोव, ईरान इंश्योरर्स सिंडिकेट के महमूद असद समानी, रूस की जीएसबीआई लिमिटेड के संस्थापक और सीईओ एलेक्जेंडर कोकोव और बाकरी ग्रुप के सीईओ अनिंद्या नोवयान बाकरी ने संबोधित किया. इसमें ब्रिक्स लीडर के भाषण और होर्मुज स्ट्रेट में अस्थिरता के बीच इंश्योरेंस प्रीमियम में बढ़ोतरी पर चर्चा हुई.
भारत में रूसी दूतावास के प्रेस सचिव पेट्र सिजोव ने कहा, ‘ब्रिक्स फोरम अभी सिर्फ एक प्री-फंक्शन था. अभी यह एक अच्छी परंपरा बन गई है, लेकिन मुख्य कार्यक्रम निश्चित रूप से शनिवार से शुरू होंगे. हम यह देखने के लिए बहुत उत्साहित हैं कि मेजबान के रूप में भारत शनिवार की बैठकों का आयोजन कैसे करेगा.’ भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों पर भारत में रूसी दूतावास के प्रेस सचिव ने कहा कि हमें इस बात की बहुत खुशी है कि व्यापार बढ़ रहा है. जैसा कि आप जानते हैं, समझौते भी बढ़ रहे हैं. इन दो हफ्तों के भीतर यह हमारे दोनों नेताओं के बीच दूसरी मुलाकात है. बिश्केक में हुई बैठक काफी फलदायी रही थी और उम्मीदें काफी ज्यादा हैं. होर्मुज स्ट्रेट में अस्थिरता के कारण बीमा प्रीमियम में बढ़ोतरी पर ईरान इंश्योरर्स सिंडिकेट के महमूद असद समानी ने कहा, ‘निश्चित रूप से इस तरह की घटनाओं से समुद्र और स्ट्रेट से जहाजों के गुजरने का जोखिम बढ़ जाता है जैसे कि आपने होर्मुज स्ट्रेट का जिक्र किया. एक बीमा विशेषज्ञ के तौर पर मैं आपको बता सकता हूं कि अभी जोखिम ज्यादा है. इसलिए ज्यादा प्रीमियम वसूला जाना जरूरी है.’
भारत और चीन के रिश्तों में लगातार सुधार के संकेत मिल रहे हैं. भारत में चीन के राजदूत शू फ़ेइहोंग ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी है कि दोनों देश राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक की तैयारी कर रहे हैं. चीनी राजदूत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, ‘चीन और भारत राष्ट्रपति शी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक की तैयारी कर रहे हैं. कजान और तियानजिन में हुई मुलाकातों के बाद यह लगातार तीसरा साल होगा जब दोनों नेता एक-दूसरे से मिलेंगे.’ शू फेइहोंग ने आगे कहा कि चीन दोनों नेताओं के रणनीतिक निर्देशों पर अमल करने, द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखने, बातचीत और सहयोग बढ़ाने, मतभेदों को सही ढंग से सुलझाने, और अच्छे पड़ोसी व एक-दूसरे की सफलता में मददगार साझेदार के तौर पर दोस्ती निभाने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करेगा.
September 12, 202621:00 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: पनीर लबाबदार, बाजरा पुलाव, जलेबी और खीर… ब्रिक्स डिनर मेन्यू में क्या-क्या खास?
18वें ब्रिक्स समिट के बाद जब दुनिया के नेता एक मेज पर डिनर के लिए बैठे तो उनके सामने भारत की पाक कला का एक खूबसूरत नजारा परोसा गया. यह मेन्यू पूरी तरह शाकाहारी था और इसमें देश के अलग-अलग कोनों के पारंपरिक स्वादों को आधुनिक अंदाज में पेश किया गया. इस मेन्यू में खांडवी मिल-फ़्यूई और खुम्ब गलौटी से लेकर पनीर लबाबदार, मिलेट पुलाव और पारंपरिक भारतीय डेज़र्ट तक कई तरह के डिशेज़ शामिल थे.

September 12, 202620:34 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: ब्रिक्स करेंसी पर फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं, स्थानीय मुद्राओं में व्यापार पर जारी है चर्चा: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय (MEA) ने शनिवार को साफ किया कि ब्रिक्स की कोई साझा मुद्रा (ब्रिक्स करेंसी) शुरू करने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है. हालांकि, ब्रिक्स देशों के बीच स्थानीय मुद्राओं में व्यापार और भुगतान निपटान को बढ़ावा देने पर चर्चा लंबे समय से चल रही है और इसे द्विपक्षीय व्यापार की लागत कम करने का एक व्यावहारिक उपाय माना जा रहा है.
September 12, 202619:45 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: ‘मतभेदों को विवाद में बदलने से रोकना होगा…’ शी जिनपिंग के साथ मुलाकात में पीएम मोदी
पीएम ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों के बीच मौजूद मतभेदों को विवाद में बदलने से रोकना होगा. दोनों नेताओं ने भी इस बात को स्वीकार किया कि मतभेदों को विवाद का रूप नहीं लेना चाहिए.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और चीन को सीमा से जुड़े मौजूदा समझौतों और बनी सहमतियों का पूरी तरह पालन करना चाहिए. उनका संदेश साफ था कि सीमा पर स्थिरता सिर्फ बॉर्डर मैनेजमेंट का मुद्दा नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर दोनों देशों के व्यापक द्विपक्षीय रिश्तों पर पड़ता है.
September 12, 202619:41 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: सीमा पर शांति और सौहार्द जरूरी- शी जिनपिंग से बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात में भारत और चीन के रिश्तों को लेकर मा पर शांति और स्थिरता सबसे अहम मुद्दों में से एक रही. विदेश मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी ने साफ तौर पर कहा कि भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों की निरंतर प्रगति के लिए सीमा क्षेत्रों में शांति और सौहार्द बनाए रखना जरूरी है.
September 12, 202619:03 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: ‘हम एक दूसरे से बहुत कुछ सीख सकते हैं…’ पीएम मोदी से मुलाकात में शी जिनपिंग
पीएम मोदी और शी जिनपिंग के बीच करीब 50 मिनट लंबी मुलाकात अब पूरी हो चुकी है. इस दौरान शी जिनपिंग ने कहा, ‘भारत और चीन एक दूसरे की सफलता में मदद कर सकते हैं. चीन भारत के विकास को एक बड़े नजरिये से देखता है. हमने कई मुद्दों पर सहमति बनाई. हम एक दूसरे से बहुत कुछ सीख सकते हैं.’
September 12, 202618:24 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: भारत और चीन बड़ी ‘वैश्विक भूमिका’ निभाएं… पीएम मोदी से मुलाकात में बोले शी जिनपिंग
पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता में शी जिनपिंग ने कहा कि वह चाहते हैं कि भारत और चीन एक बड़ी ‘वैश्विक भूमिका’ निभाएं, दोनों देश एक-दूसरे की ताकत से सीखें और साझा विकास हासिल करें.
September 12, 202618:21 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: पश्चिम एशिया के युद्ध से भारी नुकसान, तुरंत हो स्थायी युद्धविराम… ब्रिक्स से शी जिनपिंग का बड़ा बयान
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और बढ़ते तनाव के बीच ब्रिक्स के मंच से चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बड़ा बयान दिया है. शी जिनपिंग ने कहा कि युद्ध से क्षेत्र के सभी देशों को गंभीर नुकसान हो रहा है और यह अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साझा हितों के भी खिलाफ है. उन्होंने पश्चिम एशिया में तत्काल राजनीतिक समाधान और स्थायी युद्धविराम की जरूरत पर जोर दिया.
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि संबंधित पक्षों को टकराव बढ़ाने के बजाय राजनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने सभी पक्षों से स्थायी और व्यापक युद्धविराम के लिए मिलकर काम करने की अपील की.
September 12, 202618:15 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: ब्रिक्स की सबसे बड़ी मुलाकात शुरू, आमने-सामने पीएम मोदी और राष्ट्रपति जिनपिंग
ब्रिक्स समिट से इतर नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय बैठक शुरू हो गई है. दोनों नेताओं के बीच इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर है. भारत-चीन संबंधों में हाल के दिनों में आई नरमी के बीच होने वाली इस बैठक में सीमा सुरक्षा और व्यापारिक रिश्तों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.
इस बैठक से पहले पीएम मोदी और शी जिनपिंग की गर्मजोशी से हाथ मिलाते हुए तस्वीर सामने आई थी. दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देशों के बीच संबंधों को पटरी पर लाने की कोशिशें तेज हुई हैं.
September 12, 202618:11 IST
BRICS Summit LIVE: जिनपिंग के स्वागत में क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भारत में स्वागत किया. पीएम मोदी ने ब्रिक्स समिट के दौरान दिए गए सकारात्मक वक्तव्य के लिए उनका धन्यवाद किया. उन्होंने चीन से मिले समर्थन और सहयोग के लिए भी आभार जताया. पीएम मोदी ने कहा कि अब दोनों देशों को द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा करने का अवसर मिल रहा है.
September 12, 202618:07 IST
BRICS 2026 LIVE: पीएम मोदी और राष्ट्रपति जिनपिंग की बैठक शुरू
BRICS 2026 समिट से इतर, पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक शुरू हो गई है. दोनों नेताओं की यह मुलाकात भारत-चीन संबंधों के लिहाज से अहम मानी जा रही है. बैठक के दौरान सीमा से जुड़े मुद्दों के साथ द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग पर चर्चा होने की उम्मीद है. दोनों देशों के बीच व्यापार, कूटनीति और क्षेत्रीय स्थिरता से जुड़े मुद्दे भी बातचीत का हिस्सा बन सकते हैं. लंबे समय बाद दोनों नेताओं की आमने-सामने मुलाकात पर दुनिया की नजर है.
September 12, 202617:26 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: पाकिस्तान का नाम नहीं, लेकिन आतंकवाद पर खूब रगड़ाई… ब्रिक्स में पास 45 पन्नों के घोषणापत्र में क्या खास?
भारत मंडपम में सदस्य देशों ने ब्रिक्स नई दिल्ली संयुक्त घोषणापत्र 2026 को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया है. 45 पन्नों के इस घोषणापत्र में आतंकवाद को लेकर जो भाषा इस्तेमाल की गई है, उसने भारत की लंबे समय से चली आ रही चिंताओं को काफी हद तक जगह दी है. पढ़ें विस्तार से खबर…
September 12, 202616:24 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: ब्रिक्स न्यू दिल्ली घोषणापत्र हुआ जारी, ईरान से लेकर यूएई तक सभी 21 देशों ने जताई सहमति
ब्रिक्स सम्मेलन के बाद भारत के नेतृत्व वाले घोषणापत्र को ब्रिक्स न्यू दिल्ली घोषणापत्र का नाम दिया गया है. इस घोषणापत्र पर सभी 21 सदस्यों देशों ने सहमति जताई है. पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं डिक्लेरेशन को एडाप्ट करने का प्रस्ताव रखता हूं. किसी सदस्य की और से आपत्ति व्यक्त नहीं की गई है, न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 को सर्व सम्मित से स्वीकार किया जाता है.’
September 12, 202616:00 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: अगले साल ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालेगा चीन- शी जिनपिंग
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ब्रिक्स समिट को संबोधित करते हुए पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में युद्ध को लेकर आगाह किया. उन्होंने कहा कि ब्रिक्स को देश इतिहास के सही पक्ष के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि चीन अगले साल ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालेगा.
September 12, 202615:57 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: विकासशील देशों के बीच सहयोग के लिए सबसे प्रभावशाली मंच- ब्रिक्स समिट में शी जिनपिंग
ब्रिक्स समिट में शरीक होने आज ही दिल्ली पहुंचे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ब्रिक्स सहयोग तंत्र को उभरते बाज़ारों और विकासशील देशों के बीच सहयोग के लिए दुनिया का सबसे प्रभावशाली मंच बताया. उनकी इन बातों से पता चलता है कि बीजिंग इस बढ़े हुए समूह को ‘ग्लोबल साउथ’ में सहयोग के लिए एक तेज़ी से महत्वपूर्ण माध्यम के तौर पर देखता है.
September 12, 202615:24 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: हमारा भविष्य साझा है, तो उसमें योगदान भी साझा होना चाहिए – ब्रिक्स समिट में पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘ग्लोबल साउथ को समर्पित इस दिन पर ऐसा निर्णय लिया जाना विशेष महत्व रखता है. भारत इस विषय में लीड लेने के लिए तैयार है. फ्रेंड्स, भारत में आयोजित इस ब्रिक्स समिट का संदेश स्पष्ट होना चाहिए. यदि हमारा भविष्य साझा है, तो उसके निर्माण में योगदान भी साझा होना चाहिए. आवाज़ से प्रभाव तक, विशेषाधिकार से साझेदारी तक… यही ब्रिक्स@ 20 का संकल्प हो. बहुत-बहुत धन्यवाद.’
September 12, 202615:21 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: UNSC में सुधार अब और टाला नहीं जा सकता- ब्रिक्स समिट में पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘अगली समिट तक एक ब्रिक्स रिफॉर्म रोडमैप का रूप देने का प्रयास कर सकते हैं. इस रोडमैप को बनाने में हमें तीन मुख्य पहलू रिप्रेजेंटेशन, रिस्पांसिंवनेस, एंड रूल मेकिंग का ध्यान रखना होगा. इस संबंध में मैं कहना चाहूंगा यूएन सिक्योरिटी काउंसिल में रिफॉर्म अब और टाला नहीं जा सकता. इस विषय पर टेक्स्ट बेस्ड नेगोशिएशंस को निश्चित समय सीमा और स्पष्ट परिणाम से जोड़ना होगा. उसी तरह फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस में वोटिंग पावर, लीडरशिप पोजीशंस और पॉलिसी प्रायोरिटीज आज की इकोनॉमी रियलिटीज के अनुसार होनी चाहिए.’
September 12, 202615:08 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबको साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करते हैं- ब्रिक्स समिट में पीएम मोदी
पीएम मोदी ने ब्रिक्स समिट में कहा,’जिम्मेदारियां जुड़ती हैं. सामर्थ्य को नई दिशा मिलती है. आज ब्रिक्स भी अपने कमिंग ऑफ एज के क्षण में है. पिछले वर्ष पिछले 20 वर्षों में ब्रिक्स ने वैश्विक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बढ़ाई है. हम एक दूसरे के दृष्टिकोण का सम्मान करते हैं और कंसेंसस से आगे बढ़ते हैं. हम किसी के विरुद्ध नहीं बल्कि सबको साथ लेकर चलने का की सोच के साथ आगे बढ़ने का प्रयास करते हैं. अब समय है कि हम ब्रिक्स में हमारी एकता और सहमति को वैश्विक मंच पर ठोस परिणामों में बदले.’
September 12, 202615:05 IST
BRICS Summit 2026 LIVE: ब्रिक्स को मजबूत करते हुए हमें ग्लोबल रिफॉर्म की दिशा भी तय करनी होगी – पीएम मोदी
ब्रिक्स समिट को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में सभी का गर्मजोशी से स्वागत करता हूं. आपकी टीमों का स्वागत करने का हमें अवसर मिला. भारत की BRICS अध्यक्षता को सफल बनाने में सक्रिय योगदान और समर्थन के लिए मैं आप सभी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं. फ्रेंड्स, ब्रिक्स को मजबूत करते हुए हमें ग्लोबल रिफॉर्म की दिशा भी तय करनी होगी. ग्लोबल गवर्नेंस का वर्तमान स्ट्रक्चर एक पिरामिड जैसा दिखाई देता है. अगले 20 वर्षों के लिए हमें एक नए और एंबिशियस एजेंडा पर काम करना होगा. इसकी शुरुआत हमें अपने खुद के वर्किंग सिस्टम से करनी होगी. ब्रिक्स की अध्यक्षता हर वर्ष बदलती है, किंतु इसकी वजह से हमारा इंस्टीट्यूशनल मोमेंटम नहीं रुकना चाहिए. मैं ब्रिक्स कम्युनिटी कंटिन्यूटी एंड इंप्लीमेंटेशन मैकेनिज्म का प्रस्ताव रखता हूं. इसके तहत ट्रोइका के माध्यम से सभी इनिशिएटिव्स और आउटकम्स का फॉलो अप हो सकेगा. हमें सिक्योर डिजिटल रिपॉजिटरी बना सकते हैं.’
September 12, 202614:34 IST
BRICS Summit 2026 Live: ब्रिक्स देशों में संयुक्त घोषणा पर बनी सहमति, एकतरफा सैन्य कार्रवाई की निंदा
ब्रिक्स सम्मेलन 2026 लाइव: ब्रिक्स देशों ने एक बड़ी कूटनीतिक सफलता के तहत संयुक्त घोषणा पर सहमति बना ली है. रॉयटर्स के अनुसार, घोषणा में किसी देश का नाम लिए बिना एकतरफा सैन्य कार्रवाई की निंदा किए जाने की संभावना है. मामले से जुड़े चार सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी. यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब ब्रिक्स सदस्य देश ईरान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच मतभेद दूर करने की कोशिश कर रहे हैं. दोनों देश खाड़ी संघर्ष में अलग-अलग पक्षों में हैं. नई दिल्ली में इस सप्ताहांत 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है. इसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान और यूएई के नेता हिस्सा ले रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, नेता शनिवार को संयुक्त घोषणा को औपचारिक मंजूरी दे सकते हैं.
September 12, 202614:12 IST
BRICS Summit 2026 Live: भारत मंडपम में ब्रिक्स सम्मेलन के लिए विदेशी नेताओं के आने का सिलसिला शुरू
ब्रिक्स सम्मेलन 2026 लाइव: भारत मंडपम में ब्रिक्स सम्मेलन के लिए विदेशी नेताओं का जुटान शुरू हो गया है. समिट में हिस्सा लेने के लिए टॉप लीडर्स पहुंचने लगे हैं. ब्रिक्स सम्मेलन को देखते हुए भारत मंडपम के आसपास के साथ ही पूरी दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. हजारों की तादाद में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न होने पाए.

