Last Updated:
Darbhanga Summer Vacation Spot: दरभंगा शहर में एक ऐसी जगह है जहां हरियाली, शांति और खेल एक साथ मिलते हैं. जगह का नाम है चंद्रधारी सिंह संग्रहालय परिसर स्थित चिल्ड्रन पार्क. इस पार्क में अब उम्र नहीं, लंबाई से तय होता है टिकट. 4 फीट से छोटे बच्चों के लिए मात्र 10 रुपये और बड़ों के लिए 20 रुपये का टिकट है. घनी हरियाली और शानदार झूलों के कारण गर्मी की छुट्टियों में यह शहर का सबसे सस्ता और बेहतरीन पिकनिक स्पॉट बन गया है.
दरभंगा: गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं. ऐसे हर मां-बाप की चिंता है कि बच्चों को धूप-लू से बचाकर कहां खेलने भेजें? दरभंगा शहर में एक ऐसी जगह है जहां हरियाली, शांति और खेल एक साथ मिलते हैं. जगह का नाम है चंद्रधारी सिंह संग्रहालय परिसर स्थित चिल्ड्रन पार्क. यहां बच्चे ही नहीं, बड़े भी बचपन लौटने का मजा ले सकते हैं. इस पार्क की खास बात यह है कि यहां उम्र के हिसाब से नहीं बल्कि फीट के हिसाब से एंट्री फीस ली जाती है.
एंट्री और समय
पार्क सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक खुला रहता है. टिकट का तरीका थोड़ा अलग है. यहां उम्र नहीं, हाइट देखी जाती है. 4 फीट से कम हाइट वाले बच्चों के लिए टिकट सिर्फ 10 रुपये है. 4 फीट से ऊपर हर व्यक्ति का टिकट 20 रुपये है. एक बार टिकट लेकर आप पूरा दिन यानी बंद होने तक पार्क में रह सकते हैं.
क्या-क्या है खेलने को?
पार्क को वन विभाग संभालता है. इसलिए हर तरफ हरियाली और साफ-सफाई दिखती है. बच्चों के लिए झूले, स्लाइड, सी-सॉ, मंकी-लैडर और घूमने वाली चकरी लगी है. बड़े शहरों के पार्कों जैसा अहसास यहां छोटे दरभंगा में मिल जाता है. चारों ओर बड़े-बड़े पेड़ छाया देते हैं. इसलिए दोपहर में भी गर्मी कम लगती है. बेंच लगी हैं, जहां मम्मी-पापा बैठकर बच्चों को खेलते देख सकते हैं.
कमी क्या है
पार्क जितना सुंदर है. उतनी ही एक-दो कमी खटकती है. पार्क के अंदर शौचालय नहीं है. पीने के शुद्ध पानी की व्यवस्था भी नहीं है. गर्मी में पानी की बोतल साथ लाना जरूरी है. हालांकि पार्क से बाहर निकलते ही चंद्रधारी संग्रहालय परिसर में शौचालय और वाटर-कूलर दोनों सुविधा मिल जाती है. पार्क के कर्मचारी भी चाहते हैं कि जल्द ये सुविधा अंदर ही शुरू हो जाए.
क्यों जाएं इस गर्मी में
यहां सुरक्षित माहौल मिलेगा. चारदीवारी से घिरा, गार्ड की निगरानी होती है. सस्ता टिकट है. 10-20 रुपये में पूरा दिन पिकनिक मना सकते हैं. हरियाली और छाया भी है. तेज धूप में भी पेड़ों के नीचे ठंडक मिलेगी. पढ़ाई के साथ मस्ती भी होगी. क्योंकि संग्रहालय पास में है. तो बच्चे इतिहास भी जान लेते हैं. तो इस बार गर्मी की छुट्टी में टीवी-मोबाइल छोड़कर बच्चों का हाथ पकड़िए और पहुंच जाइए चंद्रधारी सिंह संग्रहालय के चिल्ड्रन पार्क. टिफिन, पानी की बोतल और टोपी साथ रखिए. खेल, छाँव और सुकून तीनों एक ही टिकट में. छुट्टी बने यादगार, जेब पर भी हल्की.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें

