नई दिल्ली (AI Proof Learning Skills). आज के समय में शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र हो, जिसमें AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल न किया जाता हो. स्कूल और पढ़ाई-लिखाई की दुनिया भी इससे अछूती नहीं है. जैसे-जैसे टेक्नोलॉजी हमारे जीवन में पैर पसार रही है, वैसे-वैसे स्टूडेंट्स-पेरेंट्स के मन में सवाल खड़ा होने लगा है- क्या AI इंसानों और स्कूलों की जगह ले लेगा? क्या क्लासरूम में बैठकर पढ़ना और ब्लैकबोर्ड पर समझना पुराना हो चुका है? इस चुनौती को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
हर स्कूली बच्चे के लिए जरूरी हैं ये 10 स्किल्स
एआई के दौर में इस पर पूरी तरह निर्भर हो जाना गलत है. इससे दिमागी कसरत बिल्कुल बंद हो जाएगी. इसलिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में भी कुछ स्किल्स पर काम करना जरूरी है:
1. AI साध्य नहीं, केवल साधन है
स्टूडेंट्स को बहुत स्पष्ट रूप से समझाना होगा कि AI उनकी मंजिल (साध्य) नहीं है. मंजिल तक पहुंचने का जरिया (साधन) है. टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल क्षमता को बढ़ाने के लिए होना चाहिए, न कि सोचने-समझने की ताकत को उस पर निर्भर करने के लिए. ‘जरूरी’ और ‘जरूरत’ का फर्क समझना ही असल समझदारी है.
2. डेवलप करें इमोशंस और सेंसिटिविटी
मशीनें चाहे जितनी स्मार्ट हो जाएं, वे किसी का दर्द महसूस नहीं कर सकतीं. बच्चों में कंपैशन, सहानुभूति और टीम वर्क की भावना जगाना बेहद जरूरी है. जब स्टूडेंट्स मिलकर प्रोजेक्ट्स पर काम करते हैं तो वे दूसरों का नजरिया समझना सीखते हैं. यह किसी भी रोबोट या एल्गोरिदम के बस की बात नहीं है.
3. तार्किकता और क्रॉस-चेकिंग की आदत
अधूरा ज्ञान हमेशा खतरनाक होता है. आज के समय में AI से मिलने वाले हर जवाब पर आंख मूंदकर भरोसा करने के बजाय बच्चों में ‘सवाल पूछने’ की आदत डालनी होगी. वे फैक्ट्स परखें, तर्क की कसौटी पर कसें और फिर खुद निर्णय लें. तभी उनमें आत्मनिर्भरता आएगी.
4. टेक्नोलॉजी दोधारी तलवार है
साइंस के हर आविष्कार की तरह AI भी दोधारी तलवार की तरह है. इसका सही इस्तेमाल ह्यूमन वेलफेयर के लिए वरदान है तो गलत इस्तेमाल बर्बादी का कारण बन सकता है. बच्चों को यह लक्ष्मण रेखा खींचनी आनी चाहिए कि उन्हें कहां टेक्नीक का उपयोग करना है और कहां खुद अपने दिमाग का इस्तेमाल करना है.
5. रटी-रटाई सोच से अलग है क्रिएटिविटी
AI आमतौर पर वही जवाब देता है जो डेटा में फीड होता है. लेकिन असली शिक्षा लीक से हटकर सोचने में है. बच्चों में इमैजिनेशन स्किल्स और क्रिएटिविटी डेवलप करना जरूरी है. इससे वे नए सॉल्यूशन ढूंढ सकेंगे और हर बात की गहराई तक जाकर खुद नए सवाल खड़े कर सकेंगे.
6. निगेटिविटी को पॉजिटिव एनर्जी में बदलना
मुश्किलें जिंदगी का हिस्सा हैं. मशीनें फेल होने पर एरर मेसेज दिखा देती हैं. लेकिन इंसान गिरकर संभलना जानता है. स्कूलों का माहौल ऐसा होना चाहिए जहां असफलता को डर की तरह नहीं, बल्कि सीखने और खुद को बेहतर बनाने के नए अवसर के रूप में देखा जाए.
7. आजीवन सीखने की ललक
बदलती दुनिया में डिग्रियां कुछ साल बाद पुरानी हो जाती हैं. लेकिन ‘सीखने की कला’ (Learning to learn) हमेशा काम आती है. बच्चों में हर दिन कुछ नया जानने की जिज्ञासा और भूख हमेशा जिंदा रखनी चाहिए. इससे वे हर दौर के बदलाव के साथ खुद को ढाल सकेंगे.
8. इंटेलेक्चुअल डेवलपमेंट के साथ मेंटल और प्रैक्टिकल एजुकेशन
रटने की पुरानी प्रक्रिया ने सिर्फ किताबी कीड़े पैदा किए. इससे कभी किसी की पर्सनैलिटी नहीं बनी है. चाइल्ड साइकोलॉजी को समझते हुए बच्चों की मेंटल और इमोशनल जरूरतों पर ध्यान देना होगा. उन्हें किताबी ज्ञान के साथ दुनिया की प्रैक्टिकल समझ देना आज के समय की सबसे बड़ी मांग है.
9. सेल्फ कंट्रोल और डिजिटल डिटॉक्स
किस चीज का इस्तेमाल किस हद तक करना है, इसका रिमोट कंट्रोल अपने हाथ में होना चाहिए. बच्चों में सेल्फ-कंट्रोल का गुण होना जरूरी है. इससे वे तय कर सकेंगे कि कब उन्हें स्क्रीन से दूर रहना है और कब अपनी नैचुरल बुद्धि का इस्तेमाल करना है.
10. Eternal वैल्यूज से कभी समझौता नहीं
सच्चाई, ईमानदारी, मेहनत और परोपकार जैसे मानवीय मूल्य कभी पुराने नहीं होते. एजुकेशनिस्ट प्रणीत मुंगाली के अनुसार, अगर हमने बच्चों को मॉडर्न टेक्नोलॉजी सिखा दी लेकिन मानवीय मूल्य नहीं दिए तो स्थिति उस अभिमन्यु जैसी हो जाएगी जो चक्रव्यूह में घुसना तो जानता था लेकिन बाहर निकलना नहीं.
टेक्नोलॉजी और मॉडर्निटी कितनी भी आगे क्यों न बढ़ जाए.. कोई मशीन इंसानियत, संवेदना और मौलिक सोच की जगह नहीं ले सकती. स्कूलों का असली मकसद ऐसे जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक तैयार करना है जो टेक्नोलॉजी को अपने ऊपर हावी न होने दें. उन्हें तकनीक का इस्तेमाल बेहतर समाज बनाने के लिए करना सिखाना होगा.

