Last Updated:
बीते एक दशक में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ रिएक्टिव के बजाय प्रोएक्टिव की रणनीति अपनाई है. गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आतंक के पूरे इकोसिस्टम और फंडिंग नेटवर्क को लगभग जमींदोज कर दिया गया है. इतना ही नहीं, 40 से अधिक आतंकी मॉड्यूल्स को सुरक्षा एजेंसियों ने तबाह कर दिया है. सीमा पार आतंकवाद को सर्जिकल स्ट्राइक व ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों से करारा जवाब दिया गया है.
बीते एक दशक में जम्मू और कश्मीर के हालात पूरी तरह से बदल गए हैं. (एआई इमेज)
Jammu & Kashmir News: आतंकवाद के खिलाफ किसी भी देश की लड़ाई केवल आतंकवादियों को मार गिराने तक सीमित नहीं हो सकती. इसके लिए उनके पूरे नेटवर्क, आर्थिक मददगारों, कट्टरपंथी विचारधारा और सीमा पार बैठे आकाओं पर एक साथ प्रहार करना जरूरी होता है. भारत ने पिछले कुछ वर्षों में इसी व्यापक रणनीति के तहत आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई को नई दिशा दी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कार्यशैली में इसका स्पष्ट असर दिखाई देता है. उनकी प्राथमिकता आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस के साथ-साथ उसके पूरे इकोसिस्टम को समाप्त करना रही है.
कैसे आतंकवाद पर शिकंजा और कश्मीर में आई बदलाव की नई बया?
- यह समझना जरूरी है कि 2014 में जब नरेंद्र मोदी सरकार सत्ता में आई, तब देश के सामने आतंकवाद की चुनौतियां बेहद गंभीर थीं. वर्ष 2004 से 2014 के बीच देश में हजारों आतंकवादी घटनाएं हुई थीं. मुंबई में 26/11 का हमला हमारी सुरक्षा व्यवस्था के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर आया था, जिसमें 166 निर्दोष लोगों की जान गई.
- लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठन देश की शांति और स्थिरता के लिए लगातार खतरा बने हुए थे. कश्मीर में घुसपैठ, पत्थरबाजी और युवाओं के कट्टरपंथ की ओर बढ़ने की घटनाएं भी चिंता का विषय थीं. इंटरनेट के माध्यम से युवाओं को आतंकवादी संगठनों से जोड़ने का नया खतरा भी सामने आ रहा था.
- ऐसे माहौल में आतंकवाद से निपटने के लिए धैर्य, दृढ़ इच्छाशक्ति और लंबी रणनीति की आवश्यकता थी. पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इसी दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. आतंकवाद से निपटने के लिए कानूनी ढांचे को मजबूत करने, केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा खुफिया सूचनाओं को एकीकृत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है.
- सीमा पर बाड़ लगाने, चौबीसों घंटे निगरानी रखने और घुसपैठ रोकने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया गया है. आतंकवादी फंडिंग के नेटवर्क पर प्रहार करने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों को अधिक सक्रिय किया गया है.
- इसके साथ ही पुलिस और सुरक्षा बलों के आधुनिकीकरण, साइबर सुरक्षा तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाले कट्टरपंथी प्रचार पर रोक लगाने के प्रयास तेज हुए हैं. अब आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई केवल किसी घटना के बाद शुरू नहीं होती, बल्कि संभावित खतरे को पहले ही पहचानकर उसे निष्क्रिय करने पर जोर है. यही रिएक्टिव के बजाय प्रोएक्टिव सुरक्षा नीति का मूल आधार है.
मिशन के तहत 40 आतंकवादी मॉड्यूल को किया गया पूरी तरह से निष्क्रिय
इस पूरी रणनीति में केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल तथा जनभागीदारी को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है. हाल ही में एनआईए की तरफ से आयोजित आतंकवाद-रोधी सम्मेलन में गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद के खिलाफ स्थायी सफलता के लिए खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान, राज्यों के साथ समन्वय और स्पष्ट जवाबदेही बेहद जरूरी है. उनके अनुसार, देशभर में 40 से अधिक आतंकवादी मॉड्यूल निष्क्रिय किए जा चुके हैं. यह बताता है कि सरकार आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को कितनी व्यापकता से आगे बढ़ा रही है.
अमित शाह के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का दायरा केवल कश्मीर तक सीमित नहीं रहा है. वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ भी सुरक्षा बलों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. दूसरी ओर, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों ने पाकिस्तान को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत सीमा पार से प्रायोजित आतंकवाद को अब केवल बर्दाश्त नहीं करेगा. जरूरत पड़ने पर आतंकवादियों के ठिकानों पर भी प्रहार किया जाएगा. इन कार्रवाइयों ने भारत की सुरक्षा नीति में आए बदलाव को दुनिया के सामने रखा है.
आखिरकार कश्मीर के युवाओं को समझ आई पाकिस्तान की असली चाल
कश्मीर में इस रणनीति का असर सबसे अधिक दिखाई देता है. पाकिस्तान दशकों से घाटी में आतंकवाद को बढ़ावा देकर उसे स्थानीय आंदोलन के रूप में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पेश करता रहा है. वह स्थानीय युवाओं को बरगलाकर आतंकवादी संगठनों में शामिल करने की कोशिश करता रहा. लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं. विकास योजनाओं, बेहतर संपर्क व्यवस्था, रोजगार के अवसरों और लोकतांत्रिक भागीदारी ने घाटी के युवाओं के सामने नई संभावनाएं खोली हैं. चुनावों में उनकी बढ़ती भागीदारी इस बदलाव का महत्वपूर्ण संकेत है. स्थानीय युवाओं में आतंकवाद के प्रति आकर्षण कम होना पाकिस्तान की रणनीति के लिए सबसे बड़ा झटका है.
इसी बदलते माहौल के बीच बीते दिनों कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों का यह आकलन सामने आया कि कश्मीर में अब कोई सक्रिय स्थानीय आतंकवादी नहीं बचा है. करीब 35 वर्षों से आतंकवाद की आग में झुलस रहे कश्मीर के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. यह केवल सुरक्षा बलों की कामयाबी नहीं, बल्कि घाटी के बदलते सामाजिक और राजनीतिक माहौल का भी संकेत है. पहली बार स्थानीय आतंकवादियों की संख्या शून्य तक पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लंबी लड़ाई एक महत्वपूर्ण मुकाम पर पहुंच रही है.
अभी भी यह काम करना है बाकी और याद रखना हो यह बड़ा सच
निश्चित रूप से कश्मीर में आतंकवाद का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है. सीमा पार से घुसपैठ, पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठनों के नेटवर्क और कट्टरपंथी विचारधारा की चुनौती अभी भी बनी हुई है. इसलिए सुरक्षा एजेंसियों को अपनी सतर्कता बनाए रखनी होगी. साथ ही विकास, शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक भागीदारी के माध्यम से युवाओं का विश्वास लगातार मजबूत करना होगा.
कश्मीर में यदि आज बंदूक की जगह लोकतंत्र, पत्थर की जगह विकास और अलगाव की जगह राष्ट्रीय एकता की आवाज सुनाई दे रही है, तो यह पूरे देश के लिए उम्मीद का विषय है. आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई अब एक नए मुकाम पर पहुंचती दिखाई दे रही है. सबसे बड़ी जीत यही होगी कि आने वाली पीढ़ियों के लिए कश्मीर की पहचान आतंकवाद नहीं, बल्कि शांति, प्रगति और संभावनाओं का प्रतीक बने. यही एक नए कश्मीर की असली पहचान होगी.
About the Author
विवेक शुक्ला पत्रकार और इतिहासकार हैं. वे Gandhi ‘s Delhi और दिल्ली का पहला प्यार Connaught Place के लेखक है. वे दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के एडवाइजर रहे हैं. हिंदी और अंग्रेजी दोनो भाषाओं मे…

