Last Updated:
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने जम्मू-कश्मीर को दो हिस्सों में बांटने के प्रस्ताव पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति अयूब खान के साथ बातचीत की थी. दुबे ने राहुल गांधी को उनके नाना का 30 नवंबर 1962 का लोकसभा में दिया बयान पढ़ने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के मंत्री डंकन सैंडी और अमेरिकी विदेश राज्य मंत्री एवरेल हैरीमैन ने इस मुद्दे पर नेहरू और अयूब खान से मुलाकात की थी. सांसद ने इसे कांग्रेस के इतिहास का काला अध्याय बताया है.
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने 1962 में नेहरू पर जम्मू-कश्मीर के बंटवारे का प्रस्ताव रखने का आरोप लगाया है. (फाइल फोटो ANI)
जम्मू-कश्मीर के बंटवारे को लेकर देश की राजनीति में एक बार फिर 1962 का दौर चर्चा में आ गया है. बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि भारत-चीन युद्ध के बाद नेहरू ने जम्मू-कश्मीर को दो हिस्सों में बांटने के प्रस्ताव पर पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति जनरल अयूब खान के साथ बातचीत की थी. दुबे ने इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस के इतिहास का काला अध्याय बताया है. उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया. दुबे ने उनसे कहा कि वे अपने नाना नेहरू का 30 नवंबर 1962 को लोकसभा में दिया गया बयान ध्यान से पढ़ें. बीजेपी सांसद ने अपने दावे के समर्थन में एक पुस्तक के पन्नों के स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं.
निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया साइट X पर इस मुद्दे को उठाते हुए लिखा कि यह कांग्रेस के इतिहास का ‘काला अध्याय, चैप्टर-258’ है. उनके मुताबिक 1962 में चीन के साथ युद्ध के बाद भारत की स्थिति कमजोर थी. इसी दौरान अमेरिका और ब्रिटेन के प्रतिनिधियों ने जम्मू-कश्मीर के भविष्य को लेकर पाकिस्तान के साथ बातचीत की थी. दुबे का आरोप है कि 29 नवंबर 1962 को ब्रिटिश और अमेरिकी मंत्रियों ने पत्रकारों को इस प्रस्ताव की जानकारी दी थी. इसके बाद भारतीय राजनीति में हंगामा मच गया. सांसद ने नेहरू के अगले दिन लोकसभा में दिए बयान का हवाला देते हुए कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार की विदेश नीति पर सवाल खड़े किए हैं. हालांकि ये आरोप निशिकांत दुबे की ओर से लगाए गए हैं. इस पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए उनके दावे और संसद में नेहरू के बयान का संदर्भ अहम है.
निशिकांत दुबे ने 30 नवंबर 1962 को लोकसभा में नेहरू के दिए बयान का हवाला दिया है. (X)
1962 के युद्ध के बाद जम्मू-कश्मीर पर क्या हुआ था?
निशिकांत दुबे के मुताबिक भारत और चीन के बीच 1962 में हुए युद्ध में भारत को सैन्य नुकसान उठाना पड़ा था. चीन ने भारतीय क्षेत्र के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था. बीजेपी सांसद ने दावा किया कि युद्ध के बाद भारत को अमेरिका से आर्थिक मदद मिली थी और ब्रिटेन ने सैन्य सहयोग किया था. इसी माहौल में 27 नवंबर 1962 को ब्रिटिश कैबिनेट मंत्री डंकन सैंडी और अमेरिका के विदेश राज्य मंत्री एवरेल हैरीमैन दिल्ली पहुंचे. उन्होंने प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से मुलाकात की. दुबे के अनुसार इसके अगले दिन दोनों प्रतिनिधि पाकिस्तान गए और राष्ट्रपति अयूब खान से मिले. इस बातचीत में जम्मू-कश्मीर को बांटने का प्रस्ताव रखा गया था.
29 नवंबर को पत्रकारों को दी गई थी जानकारी
बीजेपी सांसद ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि 29 नवंबर 1962 को डंकन सैंडी और एवरेल हैरीमैन ने पत्रकारों को जम्मू-कश्मीर के बंटवारे से जुड़े समझौते की जानकारी दी थी. उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम की सूचना भारतीय पत्रकारों के साथ बीबीसी को भी दी गई थी. दुबे के मुताबिक इस खबर के सामने आते ही देश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई. संसद से लेकर सड़क तक इस मुद्दे पर सवाल उठने लगे. विपक्ष ने भी सरकार से जवाब मांगा. हालांकि निशिकांत दुबे ने जिस प्रस्ताव और समझौते का जिक्र किया है उसकी पूरी पृष्ठभूमि और दस्तावेजी पुष्टि को अलग से देखना जरूरी है.
लोकसभा में नेहरू ने क्या कहा था?
निशिकांत दुबे ने 30 नवंबर 1962 को लोकसभा में नेहरू के दिए बयान का हवाला दिया है. उनके अनुसार नेहरू ने सदन में कहा था कि वे अखबार नहीं पढ़ते और समाचार नहीं सुनते. दुबे का दावा है कि नेहरू का यह जवाब उस समय आया जब जम्मू-कश्मीर के बंटवारे से जुड़ी खबरों पर संसद में चर्चा हो रही थी. बीजेपी सांसद ने इसी बयान को राहुल गांधी के सामने रखकर उनसे अपने नाना के उस वक्तव्य को पढ़ने की अपील की है. उन्होंने पुस्तक के कुछ पन्नों के स्क्रीनशॉट भी पोस्ट के साथ साझा किए हैं.
गांधी-नेहरू परिवार पर दुबे का सियासी हमला
निशिकांत दुबे ने इस पूरे मामले को सिर्फ 1962 के घटनाक्रम तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार की नीतियों पर भी सवाल उठाए. अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका और ब्रिटेन की दलाली गांधी-नेहरू परिवार की विचारधारा का हिस्सा रही है. यह उनका राजनीतिक आरोप है. इस पोस्ट के जरिए दुबे ने राहुल गांधी को सीधे चुनौती दी है कि वे नेहरू के पुराने संसदीय बयान को पढ़ें और उस दौर की नीतियों पर विचार करें.
About the Author
सुमित कुमार हिंदी पत्रकारिता का एक उभरता और सक्रिय नाम हैं. वर्तमान में वे News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और सेंट्रल डेस्क टीम का हिस्सा हैं. पिछले चार साल से वे Network18

