Last Updated:
India NOTAM: NOTAM यानी नोटिस टू एयरमेन एक तरह का हवाई कर्फ्यू है. किसी भी देश की ओर से यह नोटिस उस वक्त जारी किया जाता है, जब संबंधित एयरस्पेस में कोई ऐसा काम किया जा रहा हो जिससे विमानों को खतरा पैदा हो सकता है. भारत ने अब अंडमान-निकोबार आइलैंड क्षेत्र में NOTAM जारी किया है. खास बात यह है कि यह इलाका चीन के गर्दन की नस कहे जाने वाले मलक्का स्ट्रेट के समीप है.
भारत ने अंडमान-निकोबार आइलैंड क्षेत्र के लिए NOTAM जारी किया है. ऐसे में इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या भारत ब्रह्मोस या फिर अग्नि-6 मिसाइल का परीक्षण करने वाला है. (फाइल फोटो/Reuters)
India NOTAM: भारत क्या लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल का परीक्षण करने वाला है? या फिर अग्नि-6 का ट्रायल किया जाना है? ये सवाल इसलिए उठ रहे हैं, क्योंकि भारत ने मलक्का स्ट्रेट के समीप अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह क्षेत्र के लिए NOTAM जारी किया है. इसको लेकर बकायदा तिथि भी तय की गई है. इसका मतलब यह हुआ कि इस इलाके में जब तक NOTAM प्रभाव में रहेगा, तब तक हवाई जहाज और शिप का आनाजाना बंद रहेगा, ताकि किसी तरह की दिक्कत न हो. वैसे तो NOTAM कई वजहों के लिए जारी किया जाता है, लेकिन आमतौर पर मिसाइल ट्रायल के लिए नोटिस टू एयरमेन इश्यू किया जाता है. यही वजह है कि भारत द्वारा किसी मिसाइल के परीक्षण किए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं.
भारत ने अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह क्षेत्र में मिसाइल परीक्षण गतिविधि के लिए नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) और मैरीटाइम एडवाइजरी (MAR) जारी की है. इसके तहत समुद्र की सतह से लेकर असीमित ऊंचाई तक का क्षेत्र परीक्षण गतिविधि के लिए निर्धारित किया गया है. जारी नोटिस के अनुसार, यह गतिविधि 22 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजे (भारतीय समयानुसार) से शुरू होकर 25 नवंबर को शाम 6 बजे तक जारी रहेगी. इस दौरान संबंधित समुद्री और हवाई क्षेत्र में विशेष गतिविधियां होने की संभावना है. हालांकि, जारी सूचना में मिसाइल के प्रकार, उसकी मारक क्षमता या परीक्षण के उद्देश्य से जुड़ी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है.
अंडमान-निकोबार से कुछ ही दूरी पर मलक्का स्ट्रेट स्थित है, जो रणनीतिक रूप से अहम है. (फाइल फोटो/Reuters)
ब्रह्मोस या फिर अग्नि-6 मिसाइल परीक्षण की अटकलें क्यों?
अंडमान एवं निकोबार आइलैंड रीजन में भारत की ओर से NOTAM जारी किए जाने के साथ ही भारत की दो शक्तिशाली मिसाइलों के परीक्षण की अटकलें तेज हो गई हैं. दरअसल, भारत ज्यादा दूरी तक मार करने में सक्षम ब्रह्मोस और अग्नि-6 मिसाइल डेवलप करने में जुटा है. फिलहाल भारत के पास मौजूद ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल 500 किलोमीटर (एक्सपोर्ट वेरिएंट में 290 किलोमीटर) तक मार करने में सक्षम है. अब इसकी रेंज 800 और 1500 किलोमीटर तक करने की तैयारी है. वहीं, इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि के विस्तारित रेंज वाले वेरिएंट अग्नि-6 भी डेवलप किया जा रहा है. इसकी अनुमानित रेंज 10000 किलोमीटर या उससे ज्यादा हो सकती है. ऐसे में अग्नि-6 मिसाइल के परीक्षण की बात भी चल रही है. हालांकि, भारत सरकार या फिर डिफेंस मिनिस्ट्री की तरफ से इस बाबत कुछ नहीं बताया गया है.
चीन पर लगाम
अंडमान-निकोबार रीजन के समीप ही सामरिक और व्यापारिक रूप से अहम मलक्का स्ट्रेट स्थित है. यह समुद्री गलियारा चीन के लिए गर्दन की नस की तरह है. बीजिंग के लिए यह मार्ग मेजर एनर्जी सप्लाई रूट है. यहां किसी भी तरह की बाधा पैदा होने पर चीन की जान हलक में आ जाती है. भारत इस क्षेत्र में लगातार अपनी पहुंच और बढ़त बना रहा है. अंडमान-निकोबार में डेवलप किया जा रहे सैन्य बेस का रणनीतिक महत्व काफी ज्यादा है. अपुष्ट रिपोर्ट्स की मानें तो इस नए बेस पर भारत अपने अत्याधुनिक वेपन सिस्टम को डिप्लॉय कर सकता है. चीन पर लगाम लगाने में इसकी भूमिका अहम हो सकती है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…

