Last Updated:
Supreme Court News: पंजाब के गगनदीप सिंह रंधावा आत्महत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के पिता सुखदेव सिंह भुल्लर को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत मिल गई है. करीब 77 साल के सुखदेव सिंह को उम्र और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के आधार पर यह राहत दी गई है. हालांकि पूर्व मंत्री के निजी सहायक PA दिलबाग सिंह की जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी. सुखदेव सिंह को जांच में सहयोग करना होगा. मामले में अगली सुनवाई 8 फरवरी 2027 को होगी. जानिए पूरा मामला क्या है.
गगनदीप सिंह रंधावा आत्महत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के पिता सुखदेव सिंह को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी. (फाइल फोटो)
पंजाब के वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ा अपडेट आया है. अदालत ने पूर्व कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के पिता सुखदेव सिंह भुल्लर को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दे दी है. हालांकि इसी मामले में पूर्व मंत्री के निजी सहायक यानी PA दिलबाग सिंह को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली. उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई है. इस फैसले से केस में आरोपियों की कानूनी स्थिति अलग-अलग हो गई है. एक तरफ करीब 77 साल के सुखदेव सिंह भुल्लर को उम्र और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के आधार पर राहत मिली है तो दूसरी तरफ दिलबाग सिंह को फिलहाल जेल से बाहर आने का रास्ता नहीं मिला.
जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस चंद्रशेखर की पीठ ने सुखदेव सिंह भुल्लर को जांच में सहयोग करने की शर्त पर गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा दी है. अदालत ने साफ किया है कि उन्हें इस मामले में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा. भुल्लर ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के उस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी जिसमें उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी. अब इस याचिका पर अगली सुनवाई 8 फरवरी 2027 को होगी. उधर दिलबाग सिंह की याचिका खारिज होने से उनके लिए कानूनी मुश्किलें बनी हुई हैं. यह मामला मार्च में एक वीडियो और आत्महत्या के आरोपों के बाद राजनीतिक विवाद में बदल गया था.
सुप्रीम कोर्ट ने सुखदेव सिंह भुल्लर की उम्र करीब 77 साल होने और कई बीमारियों से पीड़ित होने की दलील पर उन्हें अंतरिम राहत दी. उनके वकील ने अदालत में कहा कि गगनदीप सिंह रंधावा ने मौत से पहले जो वीडियो बनाया था उसमें पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर उत्पीड़न के आरोप लगाए गए थे. लेकिन उनके पिता सुखदेव सिंह के खिलाफ वीडियो में कोई आरोप नहीं था. अदालत ने राहत को जांच में सहयोग की शर्त से जोड़ा है. यानी सुखदेव सिंह भुल्लर को जांच में सहयोग करना होगा. उनकी याचिका पर अगली सुनवाई तक यह अंतरिम सुरक्षा जारी रहेगी.
इसी मामले में पूर्व मंत्री के निजी सहायक दिलबाग सिंह ने भी जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. लेकिन अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी. इससे पहले पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट भी सुखदेव सिंह भुल्लर और दिलबाग सिंह की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज कर चुका था. अभियोजन पक्ष ने अदालत में दलील दी थी कि मामले में DVR, पिस्टल और मोबाइल फोन जैसी चीजों की बरामदगी बाकी है. गवाहों को प्रभावित करने और सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका भी जताई गई थी. जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए हिरासत की जरूरत बताई थी.
पीड़ित परिवार के कानूनी सलाहकार और मानवाधिकार कार्यकर्ता सरबजीत सिंह वेरका के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट ने 17 नवंबर के आदेश में पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया था. राज्य सरकार ने नोटिस स्वीकार करते हुए अगली सुनवाई से पहले जवाबी हलफनामा दाखिल करने की बात कही है.
गगनदीप सिंह रंधावा की पत्नी ओपिंदर कौर ने कहा कि परिवार अगली सुनवाई में अदालत के सामने अपना जवाब दाखिल करेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने अग्रिम जमानत हासिल करने के लिए अदालत के सामने तथ्यों को छिपाया और उसे गुमराह किया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गवाहों को धमकाया जा रहा है और प्रभावित करने की कोशिश हो रही है. ओपिंदर कौर ने कहा, ‘हम अगली सुनवाई में अपना जवाब दाखिल करेंगे.’
About the Author
सुमित कुमार हिंदी पत्रकारिता का एक उभरता और सक्रिय नाम हैं. वर्तमान में वे News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और सेंट्रल डेस्क टीम का हिस्सा हैं. पिछले चार साल से वे Network18
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

