Last Updated:
Business Idea : जुगाड़ से जैकपॉट की इस 11वीं सीरीज में एक ऐसी महिला उद्यमी की कहानी लेकर आए हैं, जिसने आम आदमी को किफायती इलाज उपलब्ध कराने के लिए बाकायदा कंपनी बना दी. YGen Healthcare की को-फाउंडर नैना श्रीवास्तव ने जब देखा कि जेनेटिक बीमारियों की जांच काफी महंगी है तो उन्होंने खुद रिसर्च कर ऐसी किट बनाई, जिसकी कीमत जांच से 90 फीसदी तक कम है.
डॉ नैना ने सस्ती जांच उपलब्ध कराने के लिए YGen Healthcare कंपनी बनाई.
नई दिल्ली. कभी-कभी हमारे सामने ऐसी समस्याएं आ जाती हैं, जिन्हें सुलझाने के फेर में जिंदगी को नई दिशा मिल जाती है. ऐसा ही कुछ डॉ नैना श्रीवास्तव के साथ भी हुआ, जब उन्हें किफायती इलाज की तलाश खुद की कंपनी बनाने और सेवाएं देने पर खत्म हुई. उन्होंने लोगों को सस्ती जांच और इलाज उपलब्ध कराने के लिए YGen Healthcare शुरू किया और आज यह कंपनी देशभर के तमाम अस्पतालों और जरूरतमंदों को सेवाएं उपलब्ध करा रही है.
डॉ नैना श्रीवास्तव का नाम नीति आयोग की ओर से जारी प्रभावशाली महिला उद्यमियों की लिस्ट में भी शामिल है. उन्होंने हेल्थकेयर सेक्टर में विज्ञान, खोज और सामाजिक जरूरतों को मिलाकर एक बिजनेस मॉडल बनाने में सफलता हासिल की है. डॉ नैना ने डायग्नोस्टिक्स और जेनेटिक टेस्टिंग के क्षेत्र में काम करते हुए ऐसी किफायती सेवाए उपलब्ध कराने पर जोर दिया जो आम लोगों की जेब पर ज्यादा भारी भी न पड़े और उन्हें अच्छी सर्विस भी मिले.
कैसे आया बिजनेस का आइडिया
डॉ नैना ने अपने करियर की शुरुआत साल 2005 में इम्यूनोलॉजी के गेस्ट लेक्चरर के रूप में की थी. बाद में वह जेनेटिक काउंसलिंग सेंटर की विभागाध्यक्ष भी बनीं. इस दौरान उन्हें जेनेटिक बीमारियों की पहचान और मरीजों को सलाह देने का काफी अनुभव मिला. उन्होंने देखा कि भारत में जेनेटिक बीमारियों की पहचान करना और उनकी जांच करना काफी खर्चीला होता है. उन्होंने थैलेसीमिया जैसी अनुवांशिक बीमारी की जांच को सस्ता बनाने पर काफी जोर दिया. इसी खोज ने डॉ नैना को बिजनेस आइडिया दिया और उन्होंने किफायती जांच सहित अन्य हेल्थ सर्विस उपलब्ध कराने के लिए साल 2020 में YGen Healthcare की शुरुआत की.
क्यों लोकप्रिय बनी डॉ नैना की कंपनी
डॉ नैना की कंपनी YGen Healthcare ने थैलेसीमिया की बीटा सेल से संक्रमित आनुवांशिक बीमारियों की जल्द पहचान को लेकर किट बनाई है. इस किट की मदद से थैलेसीमिया की लैब में होने वाली जांच के खर्च के मुकाबले 92 फीसदी तक बचत होती है. थैलेसीमिया की सामान्य तौर पर जांच की कीमत 10 हजार रुपये आती है, जबकि YGen Healthcare की किट के जरिये यह जांच 750 से एक हजार रुपये में हो जाती है. इसका मतलब है कि आम आदमी को 90 फीसदी से ज्यादा बचत होती है.
क्या काम करती है यह कंपनी
YGen Healthcare की थैलेसीमिया किट इस बात का पता लगाती है कि पेट में गर्भ के दौरान ही क्या बच्चे को आनुवांशिक बीमारी है या नहीं. कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अभी तक ऐसी बीमारी की पहचान की वजह से करीब 750 भ्रूण को सफलतापूर्वक हटाया गया है, क्योंकि इन सभी को थैलेसीमिया नामक की जानलेवा बीमारी ने जकड़ रखा था. इससे पता चलता है कि YGen Healthcare का काम कितना महत्वपूर्ण है और इससे आम आदमी को कितनी मदद मिलती है.
क्या है कंपनी का बिजनेस मॉडल
YGen Healthcare सिर्फ थैलेसीमिया की जांच किट ही नहीं बेचती, बल्कि अस्पतालों को उनकी जरूरत के हिसाब से सर्विस देती है.
कंपनी अस्पतालों या जांच सेंटर की जरूरत के हिसाब से मिडकल और उपकरण भी उलपब्ध कराती है.
इसके अलावा जांच में इस्तेमाल होने वाली जरूरी सामग्री और लैब की अन्य जरूरी चीजें भी सप्लाई करती है.
यह कंपनी लैब और अस्पतालों को क्वालिटी मानक और सर्टिफिकेशन से जुड़ी मदद भी मुहैया कराती है.
जरूरत पड़ने पर यह अस्पताल और जांच सेंटर के कर्मचारियों को प्रशिक्षण व अन्य जानकारियां भी उपलब्ध कराती है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…

