नई दिल्ली. जोमैटो के फाउंडर और सीईओ दीपिंदर गोयल जब तक खानेपीने से जुड़ा कारोबार कर रहे थे, तब तक सब सही था. लेकिन, जैसे ही उन्होंने डिवाइस और वियरेबल के क्षेत्र में कदम रखा, सब गड़बड़ हो गया. गोयल की कंपनी इटरनल ने टेम्पल नाम से एक वियरेबल डिवाइस बनाया है. उनका दावा है कि यह डिवाइस सेरिब्रल ब्लड फ्लो की निगरानी करेगा और रियल टाइम में मानसिक स्थिति के साथ-साथ हेल्थ में आने वाले बदलावों की भी जानकारी देता है. इस डिवाइस को कनपटी यानी टेम्पल वाली जगह पर चिपकाया जाता है और यह सीधे आपके दिमाग में रक्त के प्रवाह से जुड़ जाती है. इस डिवाइस को डॉक्टरों ने सेहत के लिए खतरा बताया तो दीपिंदर गोयल ने अपनी सफाई में 7 सबूत पेश किए.
गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रिय भारतीय डॉक्टरों, मैंने ‘X’ (ट्विटर) पर ‘टेम्पल’ (Temple) के खिलाफ आपका गुस्सा देखा. इस बारे में कुछ बातें रखना चाहता हूं. उन्होंने भारतीय डॉक्टरों की तरफ से इस डिवाइस को लेकर की जा रही आलोचना का खंडन किया और कहा कि मेरा उद्देश्य ग्राहकों के साथ किसी तरह की धोखाधड़ी करना नहीं, बल्कि उनकी सेहत की रियल टाइम में जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करना है. इस डिवाइस को बनाने से पहले काफी रिसर्च हुई है और इसका कोई जोखिम सामने नहीं आया है. उन्होंने 6 तथ्यों से अपनी बात रखी और टेम्पल डिवाइस का समर्थन किया.
प्रोडक्ट में खामी होती तो नहीं चलता बिजनेस
गोयल ने डॉक्टरों की आलोचनाओं का जवाब देते हुए लिखा कि सबसे पहले बिजनेस की बात करते हैं. अगर ‘टेम्पल’ कोई घोटाला होता, या हमारी कही गई बातें सच न होतीं, तो लोग इसे इस्तेमाल करने के कुछ ही दिनों में समझ जाते. हमारे पास 14 दिन की ‘बिना किसी सवाल के’ रिटर्न पॉलिसी है (जो भारत में एप्पल भी नहीं देता). अगर प्रोडक्ट काम नहीं करता, तो वह शुरुआत में ही फेल हो जाता और कंपनी अपने R&D (रिसर्च और डेवलपमेंट) खर्च का 10वां हिस्सा भी वसूल नहीं कर पाती. इस लिहाज से यह प्रोडक्ट पूरी तरह खरा उतरता है.
क्यों करेंगे नुकसान वाला घोटाला
डॉक्टरों ने गोयल पर ग्राहकों के साथ घोटाला करने का आरोप लगाया था. इसकी सफाई में उन्होंने जवाब दिया कि हमने ‘टेम्पल’ को बनाने में अब तक 3 करोड़ डॉलर यानी करीब 280 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिसमें से 2 करोड़ डॉलर मेरे अपने पैसे हैं. कुछ हजार डिवाइस बेचने से इस निवेश का बहुत छोटा हिस्सा ही वापस आता है. कोई भी ऐसा घोटाला नहीं करेगा जिसमें कुछ भी हासिल न हो. ऐसा नुकसान वाला घोटाला करने के बजाय हम प्रोडक्ट ही नहीं बनाते. लिहाजा घोटाले वाला आरोप पूरी तरह निराधार है.
टेम्पल पर काम करने के लिए छोड़ा सीईओ का पद
गोयल ने कहा कि टेम्पल डिवाइस को लेकर उनका जुनून इस कदर था कि इस पर काम करने के लिए उन्होंने इटर्नल के सीईओ का पद भी छोड़ दिया. उन्होंने लिखा कि मैंने ‘इटर्नल’ (Eternal) के CEO का पद इसलिए छोड़ा ताकि ‘टेम्पल’ के जरिये एक बड़े मकसद पर काम कर सकूं. यह पैसों के लिए नहीं है. मेरे पास इतना पैसा है कि कई पीढ़ियों तक चल जाए. मेरा मुख्य मकसद सही विज्ञान को पेश करना है. मैं 20 सालों में कमाई गई अपनी साख को सिर्फ कुछ जल्दी पैसे कमाने के लिए दांव पर नहीं लगाऊंगा.
टेम्पल बनाने में ग्राहक और कर्मचारियों ने भी किया निवेश
गोयल ने बताया कि टेम्पल बनाने में सिर्फ उनका पैसा नहीं लगा है, बल्कि उनके कर्मचारियों और ग्राहकों ने भी इसमें फंडिंग की है. उन्होंने लिखा कि कुछ महीने पहले हमारे कर्मचारियों ने भी फंडिंग राउंड में निवेश किया था. अभी हम जो फंडिंग जुटा रहे हैं, उसमें ज्यादातर हमारे ग्राहक शामिल हैं. किसी घोटाले में ऐसी ‘कैप टेबल’ (निवेशकों की सूची) नहीं बनती, जहां छोटे और खुदरा निवेशक भी अपना पैसा दांव पर लगा रहे हों.
जल्द ही आने वाले हैं कंपनी के रिव्यू
गोयल ने कहा कि ज्यादातर वियरेबल डिवाइस बनाने वाली कंपनियां पहले अपनी इंटरनल स्टडीज से शुरुआत करती हैं. जैसे ‘वूप’ (Whoop) ने साल 2015 में अपना बैंड लॉन्च किया था और उसके कुछ साल बाद पहला वैलिडेशन पब्लिश हुआ. हम खुद को और हाई स्टैंडर्ड पर रखते हैं. यही वजह है कि हमारे प्री-प्रिंट्स यानी पीयर-रिव्यू जल्द ही आने वाले हैं. यह पब्लिकेशन से पहले का चरण होता है. यह हमारे आत्मविश्वास और ग्राहकों के भरोसे को मजबूत बनाएगा.
ग्राहक करेंगे हमारे प्रोडक्ट का सत्यापन
गोयल ने अपने प्रोडक्ट पर भरोसा जताते हुए कहा कि एक समय ऐसा आता है जब आपको खुलकर सामने आना पड़ता है और कहना पड़ता है कि हमें अपनी तकनीक पर भरोसा है और हमारा प्रोडक्ट अब इतना काम का है कि लोग इसके लिए पैसे दें और इस्तेमाल करें. हमें लगता है कि हम उस मुकाम पर पहुंच चुके हैं. पब्लिक के बीच इसका और भी वैलिडेशन होता रहेगा और असली सत्यापन तो ग्राहक ही करेंगे.
जो चाहे हमारे दावे की जांच करा लें
गोयल ने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि हम कुछ ऐसा बना रहे हैं जिसे देखकर दुनिया हैरान रह जाएगी और खुश होगी. हम अपने विज्ञान और अपने तरीकों पर पूरी तरह कायम हैं. हमारे हर दावे को कोई भी व्यक्ति या संस्था आसानी से जांच सकती है. जब यह डिवाइस इस्तेमाल के लिए उपलब्ध हो जाएगा, तो आप खुद ही देखेंगे कि इस पर कई स्वतंत्र अध्ययन कराए गए हैं. सबसे अहम बात ये है कि टेम्पल के सबसे क्रांतिकारी फीचर्स तो अभी सामने भी नहीं आए हैं. अच्छी बात यह है कि इनमें से कुछ का डॉक्टरों से कोई लेना-देना ही नहीं है. उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि इससे डॉक्टरों की चिंताएं दूर हो गई होंगी. अगर नहीं, तो अपना गुस्सा जाहिर करते रहें.

