Last Updated:
UPSC Prelims Preparation 6 Months Strategy: क्या 6 महीने में यूपीएससी प्रीलिम्स क्रैक किया जा सकता है? ढेर सारी किताबें पढ़ने के बजाय सीमित रिसोर्सेस, ‘मैड’ फ्रेमवर्क और सटीक PYQ एनालिसिस के साथ यूपीएससी की तैयारी की जा सकती है. अगर आप हिंदी माध्यम से यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं तो जानिए पूरा स्मार्ट प्लान.
UPSC Prelims Preparation: हिंदी मीडियम वाले सही स्ट्रैटेजी बनाकर 6 महीने में यूपीएससी की तैयारी कर सकते हैं
नई दिल्ली (UPSC Prelims Strategy). यूपीएससी सीएसई देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में शामिल है. हिंदी मीडियम के अभ्यर्थी इसे और भी ज्यादा कठिन मानते हैं. यूपीएससी के बदलते पैटर्न और कठिन सवालों के दौर ने प्रीलिम्स परीक्षा को इस सफर का सबसे बड़ा पड़ाव बना दिया है. इसीलिए यूपीएससी सीएसई की तैयारी शुरू करते ही अभ्यर्थी दर्जनों किताबों और भारी-भरकम नोट्स के जाल में फंस जाते हैं. उन्हें लगता है कि जितना पढ़ेंगे, सफलता का चांस भी उतना ही बढ़ जाएगा.
6 महीने में यूपीएससी प्रीलिम्स की तैयारी कैसे करें?
6 महीने में यूपीएससी प्रीलिम्स की तैयारी करने के लिए इस प्रक्रिया को 3 मुख्य चरणों में बांट लें:
- पहला और दूसरा महीना (फाउंडेशन बिल्डिंग): शुरुआती 60 दिन केवल बेसिक कॉन्सेप्ट्स क्लियर करने के लिए होने चाहिए. हर विषय की ढेरों किताबें पढ़ने के बजाय एनसीईआरटी (NCERT) और चुनिंदा स्टैंडर्ड बुक्स पर फोकस करें. रोजाना 8 से 9 घंटे की पढ़ाई में रिवीजन और PYQs के लिए समय जरूर निकालें.
- तीसरा और चौथा महीना (PYQ और मॉक टेस्ट): यह दौर सिर्फ रटने का नहीं, बल्कि ‘यूपीएससी की मानसिकता’ को समझने का है. 2013 से अब तक के पुराने पेपर्स एनालाइज करें और ‘मैड’ (MAD) जैसे स्मार्ट फ्रेमवर्क का इस्तेमाल करके प्रश्नों का पैटर्न समझें.
- पांचवां और छठा महीना (फुल-लेंथ सिम्युलेशन): आखिरी 60 दिन परीक्षा के माहौल में ढलने के लिए हैं. ठीक उसी समय पर (सुबह 9:30 और दोपहर 2:30 बजे) फुल-लेंथ मॉक टेस्ट दें और अपना टाइम मैनेजमेंट परफेक्ट बनाएं.
विषयों का चक्रव्यूह: न्यूनतम इनपुट, अधिकतम आउटपुट
यूपीएससी सीएसई के हर विषय को पढ़ने का एक स्मार्ट तरीका होता है. इससे आप कम मेहनत में ज्यादा मार्क्स स्कोर कर सकते हैं:
- राजव्यवस्था (Polity): एम. लक्ष्मीकांत और कक्षा 11 की एनसीईआरटी के मेल से इस खंड में नंबर पक्के किए जा सकते हैं.
- अर्थव्यवस्था (Economy): इसे रटने के बजाय प्रैक्टिकल एप्लिकेशन (जैसे रेपो रेट या इनफ्लेशन का आम जीवन पर असर) के आधार पर समझें.
- इतिहास और भूगोल: मॉडर्न इंडिया के लिए ‘स्पेक्ट्रम’ पढ़ें और भूगोल के लिए एटलस पर मैपिंग (Mapping) की प्रैक्टिस रोजाना 20 मिनट जरूर करें.
- साइंस और करंट अफेयर्स: फॉर्मूले याद करने के बजाय AI, स्पेस मिशन और मॉडर्न टेक्नीक्स के प्रैक्टिकल इस्तेमाल पर ध्यान दें.
सीसैट (CSAT): सफलता का सबसे बड़ा रोड़ा और उसका इलाज
पिछले कुछ सालों में सीसैट ने कई गंभीर और मेधावी अभ्यर्थियों के सपने तोड़े हैं. इसे आखिरी 45 दिनों के भरोसे छोड़ना सबसे बड़ी भूल है. नवंबर-दिसंबर से ही इसकी तैयारी शुरू कर दें. जिन अभ्यर्थियों की मैथ्स कमजोर है, वे रीजनिंग (ब्लड रिलेशंस, डायरेक्शन-डिस्टेंस) को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाएं. यहां एक्यूरेसी की संभावना 90% तक होती है. साथ ही, कॉम्प्रिहेंशन के लिए अंग्रेजी के मूल वाक्यों पर भी नजर रखना स्मार्ट स्ट्रैटेजी है.
इन 3 बड़ी गलतियों से हमेशा बचें
- किताबों का अंबार लगाना: 10 अलग-अलग पब्लिकेशन की किताबें पढ़ने से बेहतर है कि एक किताब को 5 बार पढ़ा जाए.
- टेस्ट देकर भूल जाना: केवल मॉक टेस्ट देना काफी नहीं है. हर गलती का एनालिसिस करें कि वह कॉन्सेप्ट की कमी से हुई या जल्दबाजी में.
- अकेलापन और भटकाव: इस लंबी तैयारी में सेल्फ डाउट आना आम है. ऐसे में किसी अच्छे मेंटर या अनुशासित पियर ग्रुप का साथ नैया पार लगा सकता है.

