भारत और जापान अगले हफ्ते अपनी डिफेंस पार्टनरशिप को और मजबूत करने जा रहे हैं. जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी 20 अगस्त को नई दिल्ली में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे. कोइजुमी 19 अगस्त को मुंबई पहुंचेंगे, जहां वे नौसेना बेस का दौरा कर सकते हैं. इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे. जापानी रक्षा मंत्री का यह दौरा दोनों देशों के बीच नौसेना के लिए UNICORN रेडियो एंटीना सिस्टम को मिलकर बनाने की डील के तुरंत बाद हो रहा है जो दोनों देशों के टेक पार्टनरशिप के लिहाज से बहुत बड़ी बात है.
टेक्नोलॉजी शेयरिंग पर फोकस
डिफेंस सूत्रों के मुताबिक, राजनाथ सिंह और कोइजुमी की बातचीत का मुख्य फोकस डिफेंस इंडस्ट्री में साथ मिलकर काम करने और दोनों देशों की सेनाओं की साझा तैयारी को परखने पर होगा. पिछले कुछ सालों में दोनों देशों के बीच मिलिट्री लेवल पर जुड़ाव काफी बढ़ा है. इसके अलावा सितंबर में दोनों देशों की एयरफोर्स के बीच भी बड़ा एक्शन देखने को मिलेगा जब जापानी एयरफोर्स के फाइटर जेट्स एक ज्वाइंट एयर एक्सरसाइज (वायु अभ्यास) के लिए भारत आएंगे. इस दौरान जापानी एयर चीफ जनरल ताकेहिरो मोरिटा भी भारत आकर इस ड्रिल को देखेंगे और भारतीय सैन्य अधिकारियों से मिलेंगे.
इंडो-पैसिफिक में दबदबा
जापानी रक्षा मंत्री का यह भारत दौरा पिछले महीने 13 जुलाई को टोक्यो में हुई रक्षा वार्ता के बाद हो रहा है, जिसमें साइबर सिक्योरिटी, स्पेस और एडवांस्ड मिलिट्री टेक्नोलॉजी पर बात हुई थी. भारत और जापान दोनों ही इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में खुले, सुरक्षित और नियम-कायदों से चलने वाले माहौल के समर्थक हैं. इस पार्टनरशिप का मकसद समुद्री सुरक्षा को मजबूत करना और रणनीतिक चुनौतियों का मिलकर सामना करना है. इसके अलावा, इस साल के अंत में भारत और जापान की नौसेनाएं अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के साथ मिलकर ‘मालाबार नौसैनिक अभ्यास’ में भी हिस्सा लेंगी.
सवाल-जवाब
जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी भारत के किस नेता से मिलेंगे?
वे 20 अगस्त को नई दिल्ली में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे.
हाल ही में भारत और जापान के बीच किस सिस्टम को लेकर समझौता हुआ है?
दोनों देशों ने नौसेना के लिए UNICORN रेडियो एंटीना सिस्टम को साथ मिलकर बनाने (Co-development) का एग्रीमेंट किया है.
सितंबर में दोनों देशों की एयरफोर्स के बीच क्या खास होने वाला है?
जापानी एयरफोर्स के फाइटर जेट्स ज्वाइंट एयर एक्सरसाइज के लिए भारत आएंगे और उनके एयर चीफ भी भारत का दौरा करेंगे.
इंडो-पैसिफिक रीजन में भारत और जापान का मुख्य गोल क्या है?
समुद्री रास्तों की सुरक्षा मजबूत करना, मिलिट्री टेक्नोलॉजी शेयर करना और एक सेफ व ओपन इंडो-पैसिफिक माहौल बनाए रखना.

