Last Updated:
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से देशभक्ति और जज्बे की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है. यहां हर घर तिरंगा अभियान से प्रेरित होकर एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसने नया रिकॉर्ड कायम किया है. इस यात्रा की सबसे खास बात यह थी कि इसमें इस्तेमाल किया गया राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) 3280 फीट (लगभग 1 किलोमीटर) लंबा था. इस विशाल तिरंगे को संभालने के लिए करीब 250 युवाओं ने अपने कंधों का इस्तेमाल किया. गुजरात से विशेष रूप से मंगाए गए इस तिरंगे के साथ 10 किलोमीटर लंबी यात्रा निकाली गई, जिसका रास्ते भर में फूल बरसाकर स्वागत किया गया.
स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) को लेकर देश भर में अलग-अलग तरीकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान मनाया जा रहा है. लेकिन उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में इस बार देशभक्ति का ऐसा अनूठा नजारा देखने को मिला, जिसने एक नया रिकॉर्ड बना दिया और सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. यहां 15 अगस्त के मौके पर 3280 फीट (लगभग 1 किलोमीटर) लंबे विशाल तिरंगे के साथ एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई.
इस अद्भुत और विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन सहारनपुर जिले के हाईटेक गांव ‘थरौली’ के ग्राम प्रधान की पति संदीप चौधरी की अगुवाई में किया गया. संदीप चौधरी पिछले तीन सालों से लगातार इस तरह की विशाल तिरंगा यात्रा निकालते आ रहे हैं. इस बार इस यात्रा में इस्तेमाल किया गया तिरंगा 1 किलोमीटर लंबा था.
320 फीट का तिरंगा
दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए करीब 200 से 250 युवाओं ने इस 3280 फीट लंबे तिरंगे को अपने हाथों और कंधों पर थामा. यह भव्य यात्रा सहारनपुर के हसनपुर चौक (चुंगी) से शुरू हुई और घंटाघर, थाना कुतुबशेर क्षेत्र तथा शुगर मिल से होते हुए 10 किलोमीटर का सफर तय कर माणकमऊ बड़ी नहर पर जाकर संपन्न हुई.
Gujarat से विशेष रूप से मंगाया गया था झंडा
इस यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए संदीप चौधरी ने बताया कि उन्हें इस विशाल तिरंगा यात्रा को निकालने की प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से मिली है. उन्होंने बताया, “हमारी ग्राम प्रधान रीटा चौधरी ने विचार दिया था कि हम 15 अगस्त पर देश के वीर शहीदों को कुछ अलग और खास तरीके से याद करें. इसी विचार के तहत हमने गुजरात से विशेष रूप से यह 1 किलोमीटर लंबा तिरंगा बनवाया और मंगवाया.”
रास्ते भर हुई फूलों की बारिश, पुलिस ने भी दिया साथ
10 किलोमीटर के इस लंबे रूट पर जहां-जहां से यह विशाल तिरंगा गुज़रा, वहां का माहौल पूरी तरह से देशभक्ति के रंग में रंग गया. स्थानीय लोगों ने छतों और सड़कों के किनारे खड़े होकर इस यात्रा का जोरदार स्वागत किया. कई जगहों पर यात्रा पर फूलों की बारिश की गई और प्रतिभागियों को मिठाई खिलाई गई. संदीप चौधरी ने बताया कि इस यात्रा को सफल बनाने में पुलिस का भी पूरा सहयोग मिला. कई पुलिसकर्मियों ने खुद भी आगे बढ़कर इस विशाल तिरंगे को थामकर युवाओं का हौसला बढ़ाया.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें

