West Bengal Chunav Results 2026 LIVE: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने पश्चिम बंगाल चुनाव में कथित धांधली को लेकर सख्त रुख अपनाया है. आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों (सहायक बूथों सहित) पर 21 मई को फिर से मतदान कराने का निर्देश दिया है. चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का गंभीर उल्लंघन और चुनावी अपराध दर्ज किए गए थे. अब इस सीट पर 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक नए सिरे से वोट डाले जाएंगे, जिसके नतीजे 24 मई को घोषित किए जाएंगे.
चुनाव आयोग का यह कड़ा फैसला फाल्टा इलाके में स्थानीय ग्रामीणों के व्यापक विरोध प्रदर्शन के ठीक बाद आया है. दरअसल, हासिमनगर गांव में भाजपा के झंडे लिए महिलाओं समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था और सुरक्षा की मांग करते हुए पुनर्मतदान की गुहार लगाई थी. हालात को देखते हुए भारी संख्या में सीआरपीएफ (CRPF) जवानों को तैनात किया गया है. गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में इस बार ऐतिहासिक 93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है.
चुनाव आयोग के विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने फाल्टा के 30 बूथों पर दोबारा मतदान कराने की सिफारिश की है. दरअसल 29 अप्रैल को वोटिंग के दौरान कई चौंकाने वाली शिकायतें मिली थीं. भाजपा का आरोप है कि कुछ ईवीएम मशीनों पर उनके उम्मीदवार के नाम और फोटो के पास सफेद टेप चिपका दिया गया था. आयोग अभी इन शिकायतों और पुनर्मतदान की सिफारिश पर विचार कर रहा है. 4 मई को आने वाले नतीजों से पहले इस फैसले पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.
चुनाव आयोग के पुनर्मतदान के फैसले का भाजपा ने स्वागत किया है, लेकिन साथ ही अधिक बूथों पर पुनर्मतदान की मांग भी उठाई है. विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह कदम स्वागत योग्य है, लेकिन डायमंड हार्बर और फाल्टा क्षेत्र के कई अन्य बूथों पर भी दोबारा मतदान होना चाहिए था. वहीं, भाजपा नेता दिलीप घोष ने भी मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ स्थानों पर गड़बड़ी की कोशिशें हुई थीं, जिसके चलते पुनर्मतदान की नौबत आई. दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इन घटनाओं के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है. राज्य मंत्री शशि पांजा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर मतदान के दिन माहौल बिगाड़ने की कोशिश की ताकि बड़े पैमाने पर पुनर्मतदान हो और राज्य की छवि खराब की जा सके. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने उकसावे के बावजूद संयम बरता.
इसी बीच, TMC ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है. शशि पांजा ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि कई स्ट्रॉन्ग रूम में CCTV कैमरों में रुक-रुक कर खराबी आ रही है. उन्होंने कहा कि यह स्थिति EVM और VVPAT मशीनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है और इससे चुनाव प्रक्रिया में जनता का भरोसा कमजोर हो सकता है. पांजा ने सभी प्रभावित स्थानों की विस्तृत रिपोर्ट, पूरी निगरानी फुटेज और रियल-टाइम मॉनिटरिंग बहाल करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी. हालांकि, मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी तरह का विवाद नहीं है.
West Bengal Chunav Results 2026 LIVE: फाल्टा में फिर से होगा चुनाव, 24 मई को आएंगे परिणाम
West Bengal Chunav Results 2026 LIVE: पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली और लोकतांत्रिक नियमों के उल्लंघन की शिकायतों के बाद, चुनाव आयोग ने सख्त कदम उठाते हुए इस सीट के सभी 285 बूथों पर 21 मई को फिर से मतदान कराने का आदेश दिया है. आयोग का यह फैसला हासिमनगर गांव में भाजपा के झंडे लिए महिलाओं समेत सैकड़ों ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम कर सुरक्षा और पुनर्मतदान की भारी मांग के बाद आया है, जिसके चलते तनावपूर्ण हालात को देखते हुए इलाके में सीआरपीएफ (CRPF) जवानों को तैनात कर दिया गया है. फाल्टा सीट पर अब नए सिरे से सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे और इसकी मतगणना 24 मई को होगी, जबकि राज्य की बाकी सीटों के नतीजे 93 प्रतिशत के ऐतिहासिक मतदान के बाद 4 मई को ही घोषित किए जाएंगे.
Bengal Chunav Result 2026 LIVE: डर टूटा तो खेल पलटा! बंगाल में टीएमसी की विदाई तय, बीजेपी का बड़ा दावा
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अब लोग निडर होकर वोट डाल रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले लोगों को मतदान से रोका जाता था. डर का माहौल बनाया गया था. अब वही डर टूट चुका है. उन्होंने कहा कि टीएमसी अपनी हार समझ चुकी है. इसके बावजूद मतगणना केंद्रों पर माहौल बनाने की कोशिश हो रही है. यह सिर्फ दबाव बनाने की रणनीति है. फाल्टा की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए. कहा कि पिछले 10 सालों में लोगों को राशन और योजनाएं बंद करने की धमकी दी गई. भट्टाचार्य ने दावा किया कि अब जनता इस राजनीति को समझ चुकी है. आने वाले समय में न सिर्फ सरकार बदलेगी बल्कि पार्टी का भी सफाया होगा.
West Bengal Chunav Results LIVE: पूर्णिमा चक्रवर्ती का दावा – 4 तारीख को बनेगी बीजेपी सरकार
कोलकाता में चुनावी माहौल गरम है और श्यामपुकुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती ने टीएमसी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जनता बदलाव चाहती है और इस बार नतीजे चौंकाने वाले होंगे. पूर्णिमा चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि टीएमसी के नेता डरे हुए हैं क्योंकि 15 साल में कोई ठोस काम नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ किया गया. उनका दावा है कि इस बार जनता जवाब देगी और 4 तारीख को बीजेपी सरकार बनेगी.
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: टीएमसी सरकार चली गई है, बहुत सारे ऐसे लोग हैं जिन्होंने कभी वोट नहीं दिया- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘टीएमसी सरकार चली गई है, पश्चिम बंगाल में बहुत सारे ऐसे लोग हैं जिन्होंने कभी वोट नहीं दिया. उन्हें वोट देने नहीं दिया गया. ऐसे माहौल में अब जब लोग निडर हो पाए तो उन्होंने वोट दिया. टीएमसी ने हार को स्वीकार कर लिया है लेकिन फिर भी मतगणना केंद्र में उनके कार्यकर्ता जाएं इसके कारण वे ऐसे बयान दे रहे हैं.’ फाल्टा की घटना पर उन्होंने कहा, ‘पिछले 10 सालों से टीएमसी का एक ही प्रचार है कि वोट दो नहीं तो सारी सुविधाएं बंद, राशन बंद, दुकानें बंद, वोट देना पड़ेगा नहीं तो लक्ष्मी भंडार बंद, लेकिन अब टीएमसी की सरकार भी जाएगी और इनका दल भी जाएगा.’
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: सारे डर किनारे रखकर, घरों से निकलकर वोट दिया- भाजपा सांसद राहुल सिन्हा
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा, ‘जिन इलाकों में पुनर्मतदान हो रहा है, वहां के लोग सालों से वोट नहीं दे पाए हैं. ऐसा टीएमसी की ‘गुंडाबाज़ी’ की वजह से हुआ. कई सालों बाद जनता को वोट देने की आजादी मिली. इसलिए उन्होंने अपने सारे डर किनारे रखकर, घरों से निकलकर वोट दिया. इससे स्पष्ट होता है कि जनता लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने के लिए आतुर है.’ हम फाल्टा के लोगों की मांग का समर्थन करते हैं जो दोबारा चुनाव चाहते हैं. वहां ऐसी स्थिति पैदा कर दी गई थी कि लोगों ने वोट तो डाला, लेकिन उनके वोट EVM में रजिस्टर नहीं हो पाए. हम चुनाव आयोग से मांग करते हैं कि वह इस पर गंभीरता से विचार करें..
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: ‘4 तारीख के बाद भागने नहीं दूंगी, एक-एक को कोर्ट घसीटूंगी’ ममता बनर्जी की चुनाव आयोग के पुलिस ऑब्जर्वर को चेतावनी
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त पुलिस पर्यवेक्षकों (Observers) पर जमकर भड़ास निकाला है. उन्हें खुली चेतावनी भी दी है. उन्होंने इस दौरान कालीघाट थाने के प्रभारी अधिकारी (OC) द्वारा महिलाओं और बच्चों पर किए गए कथित हमले और उसके बाद हुए सस्पेंशन का जिक्र करते हुए ममता के तेवर काफी सख्त दिख रहे थे. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘पर्यवेक्षक और पुलिस ऑब्जर्वर यह सोच रहे हैं कि 4 तारीख के बाद वे यूपी या उन अन्य राज्यों में वापस भाग जाएंगे जहां से वे आए हैं, लेकिन हम ऐसे असंवैधानिक कार्यों में शामिल होने के लिए आप में से एक-एक को अदालत तक घसीटेंगे.’
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: फाल्टा सीट पर फिर से होगी वोटिंग? आज रात में चुनाव आयोग करेगा फैसला
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: पश्चिम बंगाल की फल्टा विधानसभा सीट पर चुनाव में कथित धांधली के गंभीर आरोपों के बीच चुनाव ऑब्जर्वर ने भारत निर्वाचन आयोग (ECI) को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है. इस रिपोर्ट में फलता के कई बूथों पर दोबारा मतदान की अनुशंसा की गई है. रिपोर्ट मिलने के बाद अब चुनाव आयोग को यह तय करना है कि क्या पूरी फलता विधानसभा सीट पर दोबारा चुनाव कराया जाए या फिर केवल चिन्हित बूथों पर ही वोटिंग होगी. माना जा रहा है कि निर्वाचन आयोग आज रात तक इस पूरे मामले पर विचार कर पुनर्मतदान को लेकर अपना अंतिम फैसला सुना सकता है.
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: दोबारा वोटिंग में जमकर पड़े मत, मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर कितने प्रतिशत पड़े वोट?
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: पश्चिम बंगाल में हिंसक घटनाओं के बाद आज दो विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से दोबारा वोटिंग हुई. चुनाव आयोग के अनुसार, मतदाताओं में भारी उत्साह दिखा. शाम 5 बजे तक मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लगभग 86.11 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला. वहीं, डायमंड हार्बर विधानसभा सीट पर 87.60% बंपर वोटिंग दर्ज की गई है.
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: क्या चुनाव आयोग भाजपा का कोई अग्रिम संगठन बन गया है?- कांग्रेस
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: कांग्रेस नेता राशिद अल्वी शनिवार को पश्चिम-बंगाल विधानसभा चुनाव में धांधली का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ‘अनियमितताएं सिर्फ 2-4 जगहों पर नहीं पूरे बंगाल में हुई हैं. बंगाल और असम में जिस तरह का चुनाव हुआ है वह लोकतंत्र पर कलंक है. बंगाल में ढाई लाख सेंट्रल फोर्स आपने लगाई है. आपने वह तमाम अधिकारी जो भाजपा के लिए सॉफ्ट कॉर्नर रखते हैं, उन्हें तैनात किया है. मतगणना में भी चुनाव आयोग उन्हीं लोगों को तैनात कर रहा है जो भाजपा के लिए सॉफ्ट कॉर्नर रखते हैं. क्या चुनाव आयोग भाजपा का कोई अग्रिम संगठन बन गया है? भाजपा किसी भी तरह से वहां सरकार बनाना चाहती है और अगर बंगाल में भाजपा आई तो मेरा मानना है कि देश का लोकतंत्र खत्म हो गया है.’ फाल्टा में हो रहे विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा, ‘अगर टीएमसी के लोग इस तरह का काम कर रहे हैं तो चुनाव आयोग, पैरामिलिट्री फोर्स क्या कर रहे हैं? बंगाल में तो सारा प्रशासन चुनाव आयोग के मुताबिक काम कर रहा है तो वहां अगर इस तरह की कोई घटना हो रही है तो जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है.’
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: सेंट्रल फोर्स के जरिए भाजपा हमारी मताओं-बहनों को प्रताड़ित कर रही है- अभिषेक बनर्जी
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: टीएमसी की मीटिंग में ममता बनर्जी के भतीजे और पार्टी के महासचिव अभिषेक बनर्जी- बीजेपी सेंट्रल फोर्स के जरिए हमारी मताओं-बहनों को धमकाने की कोशिश कर रही है. हर गांव, हर गली में उन्होंने महिलाओं पर हमला किया गया, यहां तक की बच्चे को भी नहीं बख्शा गया. मीडिया का एक खास हिस्सा भी उनकी मदद कर रहा है.
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: हताश नहीं होना है! हम 200+ सीट जीत रहे हैं- टीएमसी की मीटिंग में ममता
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: चुनावी नतीजे आने से पहले पश्चिम बंगाल में राजनीतिक पारा बढ़ा हुआ है. ममता ने मीटिंग में कहा- ‘आपने कई लड़ाइयां लड़ी हैं। याद रखना, हम जीत रहे हैं. हम 200 से ज्यादा सीटें हासिल करेंगे. काउंटिंग सेंटर से बाहर मत जाना, भले ही रात के 2 बजे हों. जब तक मैं कुछ और न कहूं, तब तक वहीं रहना. जिन सीटों पर कम अंतर से वोटिंग हुई है, वहां दोबारा गिनती की मांग करो. अगर आपको लगता है कि नतीजे 200-300 वोटों के अंतर से उनके पक्ष में आ रहे हैं, तो दोबारा गिनती पर जोर दो.’
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: फाल्टा में लोगों के विरोध और टीएमसी नेताओं के धमकी पर उम्मीदवार कुणाल घोष ने क्या कहा?
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: दक्षिण 24 परगना में चुनावी माहौल में लोगों स्थानीय लोगों को अलग डर सताने लगा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित धमकी के विरोध में फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के निवासियों ने प्रदर्शन कर रहे हैं. एक स्थानीय महिला ने कहा, ‘टीएमसी नेता इसराफिल चौकदार ने हमें धमकी दी है कि ये लोग अगर जीत गए तो वे यहां हमारे घर जला देंगे और रक्तपात करेंगे.’ टीएमसी नेता और बेलेघाटा से उम्मीदवार कुणाल घोष ने फाल्टा के मामले पर कहा, ‘यह भाजपा नाटक कर रही है. यह उनकी दिक्कत है, हमारी नहीं. हमने कुछ नहीं किया, जनता ने वोट दिया. भाजपा जानती है कि वह हारने वाली है इसलिए वह नाटक कर रही है.’
#WATCH | कोलकाता, पश्चिम बंगाल: TMC नेता और बेलेघाटा से उम्मीदवार कुणाल घोष ने फाल्टा के मामले पर कहा, “यह भाजपा नाटक कर रही है। यह उनकी दिक्कत है, हमारी नहीं। हमने कुछ नहीं किया, जनता ने वोट दिया। भाजपा जानती है कि वह हारने वाली है इसलिए वह नाटक कर रही है।” https://t.co/vG3vYvWUyH pic.twitter.com/GJ3AuDmOOg
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 2, 2026
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: मतगणना केंद्र और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा ठीक नहीं है- TMC उम्मीदवार सोभनदेब चट्टोपाध्याय
Bengal Chunav Results 2026 LIVE: बंगाल चुनाव के नतीजे आने में अभी समय है. मगर, आरोप-प्रत्यारोप और दावों का दौर शुरू हो गया है. अभी बालीगंज विधानसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार सोभनदेब चट्टोपाध्याय ने स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा, ‘वहां हमारा प्रतिनिधि नहीं था, फिर भी स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया, तब से ही यह मुद्दा शुरु हुआ है. हमारे यहां अब तक सब ठीक है. हम भाजपा पर विश्वास नहीं करते. मतगणना केंद्र और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा ठीक नहीं है… इन्होंने अपने सभी अधिकारियों को यहां लगा दिया है जिससे वे यहां जीतें. उन्होंने सभी एजेंसी यहां लगा दी हैं…’
Bengal Chunav Results LIVE: फाल्टा में वोटिंग के दौरान बवाल पर क्या बोले दक्षिण 24 परगना के अतिरिक्त एसपी
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: दक्षिण 24 परगना के अतिरिक्त एसपी अविषेक ने कहा, ‘अभी हालात काबू में हैं… लोगों की कुछ मांग है. कुछ धमकी का मामला है, उस पर केस भी दर्ज किया गया है. हमने उनकी मांगें सुनी हैं.’
Bengal Chunav Results LIVE: फाल्टा में वोटिंग के दौरान बवाल, बीजेपी ने टीएमसी पर लगाया वोटर्स को धमकाने का आरोप
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान तनावपूर्ण हालात देखने को मिले. स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता उन्हें धमका रहे हैं. हालात बिगड़ते देख प्रशासन को इलाके में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह से ही कुछ बूथों के बाहर माहौल तनावपूर्ण था, जो बाद में झड़प में बदल गया. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थकों ने आरोप लगाया कि उनके वोटरों को मतदान केंद्रों तक जाने से रोका जा रहा है और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है.
Bengal Chunav Results LIVE: जहांगीर खान के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, कहा- वोट न देने की धमकी दे रहे
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: जहांगीर खान के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित धमकी के विरोध में जबरदस्त प्रदर्शन किया है. हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहांगीर खान के आदमी उन्हें वोट नहीं देने दे रहे हैं. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि उनसे कहा जा रहा है कि आओगे तो काट डाले जाओगे. लोगों का कहना है कि पश्चिम बंगाल की पुलिस भी उन्हें परेशान कर रही है…यहां हिन्दुओं को परेशान किया जा रहा है.
Bengal Chunav Results LIVE: स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर ममता बनर्जी की मंत्री का बड़ा दावा
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल की मंत्री और श्यामपुकुर विधानसभा सीट से TMC उम्मीदवार शशि पांजा ने कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम में जाकर कोई फायदा नहीं, क्योंकि आज सुबह-सुबह उत्तर कोलकाता के 7 विधानसभा क्षेत्रों के पोस्टल बैलेट ट्रंक आए लेकिन राजनीतिक दल का कोई प्रतिनिधि नहीं था और उसे उस कमरे में रखा गया जहां CCTV नहीं है. मंत्री ने बताया कि इसपर जब उन्होंने पूछताछ की तो पता चला कि कुछ देर में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. यानी जब उस कमरे को खोला जाए तब तक राजनीतिक दलों के एजेंट को होना चाहिए. हम इंतजार कर रहे हैं, अभी तक कैमरा नहीं लगा है.
Bengal Eletion Repolling LIVE: पुनर्मतदान पर टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने उठाए गंभीर सवाल
पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: पश्चिम बंगाल की सियासत में चुनावी माहौल के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं. TMC सांसद सौगत रॉय ने पुनर्मतदान और मतगणना प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि कुछ सीटों पर दोबारा मतदान होना कोई नई बात नहीं है, लेकिन उनकी पार्टी को संदेह है कि मतगणना केंद्रों के स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास बाहरी लोगों, खासकर भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखी जा रही है. रॉय ने कहा कि TMC चाहती है कि हर स्तर पर चुनावी नियमों का सख्ती से पालन हो, लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा. उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक हैं. सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर बोलते हुए सौगत रॉय ने बताया कि उनकी पार्टी ने यह सवाल उठाया था कि मतगणना केंद्रों पर केवल केंद्रीय कर्मचारियों की ही नियुक्ति क्यों की जा रही है, जबकि राज्य के कर्मचारियों को इसमें शामिल क्यों नहीं किया जा रहा. वहीं, आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म और हत्या मामले की पीड़िता की मां और पानीहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार Ratna Debnath पर टिप्पणी करते हुए रॉय ने कहा कि शुरुआत में लोगों में उनके प्रति सहानुभूति थी, लेकिन अब मतदाता समझ चुके हैं कि उन्हें वोट देने से कोई ठोस लाभ नहीं होगा.
Bengal Eletion Repolling LIVE: TMC 80 से ज्यादा बार सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुकी है – सुधांशु त्रिवेदी
पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: दिल्ली में सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि टीएमसी 80 से अधिक बार सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुकी है, लेकिन हर बार उसे निराशा ही हाथ लगी है. भाजपा नेता त्रिवेदी ने यह भी कहा कि कपिल सिब्बल की ओर से दायर याचिका को भी अदालत ने पूरी तरह खारिज कर दिया है. बीजेपी नेता ने इसे विपक्ष की कानूनी रणनीति की विफलता करार दिया.
Bengal Eletion Repolling LIVE: मतदाताओं में दिख रहा उत्साह, बोले – पहले से बेहतर हैं इंतजाम, किसी तरह का डर नहीं
पश्चिम बंगाल पुनर्मतदान लाइव: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच दक्षिण 24 परगना जिले की डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर शनिवार को पुनर्मतदान हो रहा है. सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है और शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा. इन 15 केंद्रों में से 11 बूथ मगराहाट पश्चिम में और 4 बूथ डायमंड हार्बर में स्थित हैं. डायमंड हार्बर में पुनर्मतदान से पहले मतदाताओं में उत्साह और भरोसा देखने को मिला. एक मतदाता ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा, ‘मैं आज सुबह 6 बजे उठ गया था. यहां व्यवस्थाएं काफी अच्छी हैं, हमें किसी तरह का डर नहीं है. पहले भी काम अच्छा हुआ था और हमें उम्मीद है कि आगे और बेहतर होगा.’ एक अन्य मतदाता ने कहा, ‘पहली बार भी मतदान ठीक से हुआ था, लेकिन इस बार व्यवस्थाएं और भी बेहतर हैं. हमें यहां कोई परेशानी नहीं हो रही. ऐसा अनुभव हमने पहली बार देखा है.’ वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने बताया, ‘मैं पहले वोट डालूंगा और फिर काम पर जाऊंगा. यहां सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है और व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं.’

