इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने जो पहले एयरपोर्ट बंद करने के लिए NOTAM जारी किया था। अब उसे रद्द कर दिया गया है। लेकिन एयरलाइंस का कहना है कि बंद एयरपोर्ट के खुल जाने से अभी तुरंत फ्लाइट शेड्यूल नॉर्मल नहीं होगा। इसके लिए कम से कम मंगलवार तक का समय चाहिए होगा। लेकिन यात्रियों की परेशानी को देखते हुए तमाम एयरलाइंस इसे जल्द से जल्द नार्मल करने की कोशिश कर रही हैं।
कार्रवाई रोकने पर बन गई सहमति
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति के कारण श्रीनगर और अमृतसर सहित उत्तर और पश्चिमी भारत के 32 हवाई अड्डों से नागरिक उड़ान परिचालन नौ मई से 15 मई तक निलंबित कर दिया गया था। शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से रोकने पर सहमति बनी थी।
सीधे एयरलाइंस से लें जानकारी
सोमवार को एएआई ने कहा कि 32 हवाई अड्डे जो 15 मई को 05.29 बजे तक नागरिक विमान परिचालन के लिए बंद कर दिए गए थे, अब तत्काल प्रभाव से परिचालन के लिए उपलब्ध हैं। बयान में कहा गया है कि यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सीधे एयरलाइंस से उड़ान के संबंध में जानकारी लें औए एयरलाइन्स की वेबसाइट पर नजर रखें।
एक-दूसरे के लिए एयर स्पेस अभी भी बंद
हालांकि, अभी तक भारत और पाकिस्तान दोनों देशों ने एक-दूसरे के लिए बंद किया गया अपना एयर स्पेस ओपन नहीं किया है। इस कारण भारत से विदेशों के लिए खास तौर से अमेरिका, खाड़ी देश, इंग्लैंड और अन्य देशों के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट को लंबा मार्ग लेना पड़ रहा है। लेकिन बदले हालात में उम्मीद जताई जा रही है की दोनों देश एक दूसरे के लिए बंद अपना एयर स्पेस भी जल्द खोल देंगे।
बॉर्डर इलाकों में ब्लैकआउट न होने से राहत
दूसरी तरफ, जैसलमेर समेत बॉर्डर इलाकों में अब ब्लैकआउट ना होने से रेलवे की तमाम सेवाएं नॉर्मल हो गई हैं। पहले जैसलमेर में स्थानीय प्रशासन द्वारा ब्लैकआउट घोषित करने से रेल सेवाओं पर प्रतिकूल असर पड़ा था। लेकिन अब पूरे देश में ट्रेन सेवाएं पहले की तरीके से नॉर्मल हो गई है।

