India
oi-Rahul Goyal
Mohan Bhagwat News: पहलगाम हमले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत का बड़ा बयान सामने आया है। मोहन भागवत ने शनिवार 26 अप्रैल को कहा, ‘अहिंसा हमारा धर्म है और गुंडों को सबक सिखाना भी हमारा धर्म है। हम अपने पड़ोसियों का कभी अपमान या नुकसान नहीं करते लेकिन फिर भी अगर कोई बुराई पर उतर आए तो दूसरा विकल्प क्या है?’
दिल्ली में ‘द हिंदू मेनिफेस्टो’ नामक पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) ने कहा, ‘अहिंसा हमारा स्वभाव है, हमारा मूल्य है…लेकिन कुछ लोग नहीं बदलेंगे, चाहे कुछ भी करो, वे दुनिया को परेशान करते रहेंगे, तो इसका क्या करें? अहिंसा हमारा धर्म है और गुंडों को सबक सिखाना भी हमारा धर्म है।’

उन्होंने आगे कहा कि हम अपने पड़ोसियों का कभी अपमान या नुकसान नहीं करते लेकिन फिर भी अगर कोई बुराई पर उतर आए तो दूसरा विकल्प क्या है? राजा का कर्तव्य प्रजा की रक्षा करना है, राजा को अपना कर्तव्य निभाना चाहिए। मोहन भागवत की यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है, जब हाल ही में कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ था।
मोहन भागवत ने भले ही सीधे किसी देश का नाम नहीं लिया, पर उनके शब्दों को पाकिस्तान पर एक परोक्ष टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भागवत ने अपने संबोधन के दौरान मुंबई में दिए गए एक हालिया भाषण का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि रावण का वध उसके कल्याण के लिए हुआ था।
ये हिंसा नहीं बल्कि अहिंसा बताया था। भागवत के अनुसार, जब कोई अत्याचार की सारी सीमाएं पार कर लेता है और उसके सुधार का कोई उपाय नहीं बचता, तो उसका दमन करना भी एक प्रकार की अहिंसा ही है, धर्म का पालन। इस दौरान भागवत ने जोर दिया कि हिंदू शास्त्रों में जाति-पंथों का कोई भेद नहीं है।

