विधायक को मोबाइल पर गाली गलौज कर धमकी दी
जानकारी के अनुसार दौसा विधायक डीसी बैरवा के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। इस दौरान उसने विधायक के साथ अभद्रता करते हुए गाली गलौज की। इसको लेकर विधायक ने मौखिक तौर पर पुलिस को मामले की सूचना दी। हालांकि विधायक ने पुलिस को लिखित में अभी तक शिकायत नहीं दी हैं। इसको लेकर पुलिस ने भी इस बात की पुष्टि की है कि अभी तक विधायक की तरफ से लिखित में शिकायत नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
किरोड़ी लाल जी की तरफ से मुझे खतरा: दौसा विधायक
दौसा विधायक डीसी बैरवा को फोन पर धमकाने के मामले से जमकर हड़कम्प मचा हुआ है। इस दौरान एक न्यूज चैनल से बातचीत में दौसा विधायक डीसी बैरवा ने दावा किया है कि इस घटना के पीछे बीजेपी के लोगों का हाथ हो सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि शायद किरोड़ी लाल कुछ करवाना चाहते हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि उन्हें चुनाव के बाद कुछ लोगों और सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्क रहने को कहा है। उनका कहना है कि मुझे किरोड़ी लाल की तरफ से खतरा हो सकता हैं।
दौसा विधायक ने एसपी से मुलाकात की
धमकी भरे फोन कॉल के बाद हालांकि दौसा विधायक ने पुलिस को लिखित में शिकायत नहीं दी हैं। इस दौरान विधायक डीसी बैरवा ने अपने समर्थकों के साथ एसपी सागर राणा से मुलाकात की, जहां उन्होंने अपने साथ हुए घटनाक्रम की पूरी जानकारी दी। विधायक ने उन्हें बताया कि सोशल मीडिया पर उनको लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उनकी जान को खतरा है। विधायक ने एसपी से कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान विधायक के समर्थकों ने कलेक्ट्रेट परिसर पर जमकर नारेबाजी विरोध प्रदर्शन किया।

