Last Updated:
कर्नाटक सरकार ने अपने विधायकों और मंत्रियों की सैलरी को बढ़ाने के लिए एक बिल पेश करने का फैसला किया है. सूत्रों के मुताबिक विधायकों, मंत्रियों, मुख्यमंत्री और स्पीकर की सैलरी में कम से कम 50 फीसदी की बढ़ोतरी की…और पढ़ें
कर्नाटक सरकार बढ़ाएगी विधायकों- मंत्रियों की सैलरी. (Image:News18)
बेंगलुरु. कर्नाटक सरकार विधायकों, मंत्रियों, मुख्यमंत्री और स्पीकर की सैलरी बढ़ाने का बिल पेश कर सकती है. कर्नाटक सरकार इन सभी की सैलरी में 50 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकती है. इससे पहले कि विधानसभा का सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाए, सरकार आज या कल विधानसभा में इसके लिए बिल पास कर सकती है. सूत्रों के मुताबिक इस बात की जानकारी मिली है कि किसकी सैलरी कितनी बढ़ेगी. बताया गया है कि मुख्यमंत्री की सैलरी को ₹75,000 से बढ़कर 1.5 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है. वहीं मंत्रियों की सैलरी ₹60,000 से बढ़कर 1.25 लाख रुपये कर दिया जाएगा.
बताया जा रहा है कि विधायकों की सैलरी ₹40,000 से बढ़ाकर 80,000 रुपये करने का प्रस्ताव है. इसके साथ ही विधायकों की पेंशन ₹50,000 से बढ़कर 75,000 रुपये और अतिरिक्त पेंशन ₹5,000 से बढ़कर 20,000 रुपये करने का प्रावधान बिल में किया गया है. इसके साथ ही पूर्व विधायकों का मेडिकल भत्ता ₹5,000 से बढ़कर 20,000 रुपये किया जाएगा. क्षेत्रीय यात्रा भत्ता ₹60,000 से बढ़कर 80,000 कर दिया जाएगा. इसके लिए ट्रेन और हवाई टिकट का सालाना भत्ता ₹2.5 लाख से बढ़कर 3.5 लाख रुपये करने का प्रस्ताव है.
कर्नाटक सरकार ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों का अतिथि भत्ता: ₹4.5 लाख से बढ़कर 5 लाख रुपये करने का प्रस्ताव नए विधेयक में किया है. जबकि मंत्रियों का मकान किराया भत्ता: ₹1.2 लाख से बढ़कर 2.5 लाख रुपये किया जाएगा. राज्य मंत्रियों की सैलरी ₹50,000 से बढ़कर 70,000 रुपये की जाएगी. राज्य मंत्रियों का मकान किराया भत्ता: ₹1.2 लाख से बढ़कर 2 लाख रुपये किया जाएगा.
कर्नाटक सरकार के इस कदम की बीजेपी ने आलोचना की है. बीजेपी के शहजाद पूनावाला ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार की प्राथमिकता देखिए. एक तरफ तो सिद्धारमैया लाखों-करोड़ों रुपये खर्च करके वीवीआईपी लग्जरी ट्रैवल करते हैं. अपने ऑफिस और घर को शीशमहल बनाते हैं, दूसरी तरफ आम आदमी के लिए 1 अप्रैल से बिजली के दाम फिर से बढ़ाए जाएंगे. एक तरफ तो आम आदमी को ज्यादा पैसा देना होगा, वहीं विधायकों का पैसा बढ़ेगा. जनता के पैसों की लूट करनी है, जनता के पैसे पर अपनी सैलरी बढ़ानी है. ये है कांग्रेस की सरकार का खटाखट मॉडल.

