Last Updated:
Munger Crime News: बिहार के मुंगेर में घायल एएसआई संतोष सिंह की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई है. एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
मुंगेर में भीड़तंत्र का शिकार हुए एएसआई संतोष सिंह की मौत से मुंगेर पुलिस महकमे में मातम.
हाइलाइट्स
- मुंगेर में घायल एएसआई संतोष सिंह की पटना में मौत.
- मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया-मुंगेर SP
- मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद बोले- कार्रवाई जारी.
मुंगेर. बिहार के मुंगेर में भीड़ तंत्र का शिकार घायल एएसआई संतोष सिंह की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई है. उनपर गुरुवार को जानलेवा हमला किया गया था जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे. मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने जानकारी दी है कि इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गुरुवार को ही अररिया जिला के फुलकाहा थाना में तैनात जमादार राजीव रंजन मल की हत्या के बाद मुंगेर के मुफस्सिल थाना में तैनात जमादार बदमाशों के शिकार बन गए.
बता दें कि 14 मार्च की रात आपसी विवाद सुलझाने गए मुफस्सिल थाने के जमादार संतोष कुमार सिंह पर बदमाशों ने धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया था. जमादार को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था, लेकिन शनिवार की सुबह पारस हास्पिटल में जमादार की मौत हो गई. वह कैमूर जिला के मोहनिया थाना अंतर्गत पिपरिया गांव के रहने वाले थे.
दरअसल, 14 मार्च की रात डायल 112 पर सूचना मिली थी कि नंदलालपुर गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हो रहा है. सूचना के बाद जमादार संतोष कुमार सिंह बल के साथ पहुंचे दोनों पक्ष को समझने का प्रयास कर रहे थे कि इस बीच एक पक्ष में धारदार हथियार से सिर पर कई जगह हमला कर दिया. घटना के बाद जमादार को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया यहां से देर रात पटना पारस हास्पिटल रेफर किया गया था. मौत की खबर मिलते ही मुंगेर पुलिस शोक में है.
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि नंदलालपुर निवासी रणबीर यादव शराब पीकर हंगामा कर रहा था. सूचना मिलने पर डायल 112 से जमादार संतोष कुमार सिंह जवानों के साथ पहुंचे थे. परिवार के सदस्यों ने मिलकर कर धारदार हथियार से सिर पर कई वार कर जख्मी कर दिया था. गंभीर हालत में शुक्रवार की देर रात पटना भेजा गया था, जहां शनिवार की सुबह मौत हो गई. एसपी ने बताया कि इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और आगे भी कार्रवाई की जा रही है.
अररिया में भी हुई थी एएसआई की हत्या
बीते 13 मार्च को बिहार के अररिया जिले में पुलिस अधिकारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. जानकारी के अनुसार, पुलिस अधिकारी बुधवार रात एक वांटेड अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंचे थे. इसी दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई की. इस घटना में उनकी मौत हो गई. हालांकि, अररिया पुलिस ने हत्या की बात से इनकार किया था और पुलिस एक्शन के दौरान उनके बेहोश होकर गिरने के बाद मौत की बात कही थी. बता दें कि राजीव रंजन मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले थे.
March 15, 2025, 09:14 IST

