प्रदेश में 12 मार्च को मौसम साफ रहेगा, लेकिन पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के आसार जताए गए हैं। इसके साथ ही 13 मार्च से प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई गई है। 13 मार्च को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। पूर्वी यूपी में इस अवधि में मौसम साफ रह सकता है। हालांकि इस दौरान प्रदेश के दोनों हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज हवा चल सकती है।
14 मार्च को भी प्रदेश के पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि इस अवधि में प्रदेश में तेज हवा चलने की संभावना नहीं है। वहीं 15 मार्च को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 16 और 17 मार्च को प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है। मौसम विभाग की मानें तो लखनऊ में 16℃ न्यूनतम और 32.3℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। लखीमपुर खीरी में न्यूनतम तापमान 21℃ दर्ज किया गया है, जबकि झांसी में 38.6℃ अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

