Last Updated:
Delhi Chunav News: दिल्ली चुनाव में 1.50 करोड़ वोटर नई सरकार चुन रहे हैं. यमुना में जहर के मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल और भाजपा में टकराव हुआ. 8 फरवरी को नतीजे आएंगे. नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल और प्रवेश वर…और पढ़ें
दिल्ली में आज वोटिंग हो रही है. नतीजे 8 फरवरी को आएंगे.
हाइलाइट्स
- दिल्ली चुनाव में 1.50 करोड़ वोटर नई सरकार चुन रहे हैं.
- यमुना में जहर के मुद्दे पर केजरीवाल और भाजपा में टकराव.
- 8 फरवरी को दिल्ली चुनाव के नतीजे आएंगे.
नई दिल्ली: दिल्ली वोटिंग की लाइन में खड़ी है. 1.50 करोड़ वोटर नई सरकार चुन रहे हैं. जनता अपना मत ईवीएम में कैद कर रही है. क्या दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हैट्रिक जीत होगी? क्या भाजपा का 27 साल का सूखा खत्म होगा या कांग्रेस की किस्मत बदलेगी? इन सभी सवालों का जवाब 8 फरवरी को मिलेगा. पर उससे पहले आज एग्जिट पोल से हार-जीत की एक धुंधली तस्वीर जरूर दिख जाएगी. दिल्ली चुनाव में वैसे तो कई मुद्दे हावी रहे. पर सबसे अधिक ध्यान यमुना में जहर वाले मुद्दे ने खींचा.
यमुना में जहर वाले बयान की वजह से अरविंद केजरीवाल पर एफआईआर तक दर्ज हो गई. अरविंद केजरीवाल ने 27 जनवरी को आरोप लगाया था कि हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने यमुना के जरिए दिल्ली को आपूर्ति किए जाने वाले पानी में जहर मिला दिया है. इसे लेकर भाजपा हमलावर हुई थी. चुनाव आयोग तक में शिकायत कर दी थी. इसे भाजपा ने सियासी हथियार के रूप में भुनाने की कोशिश की. भाजपा की पूरी टीम अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ गई. अव्वल तो हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इस मामले में कूद गए.
सैनी ने कैसे बनाया मुद्दा
दो कदम आगे बढ़ कर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना में आचमन किया. 29 जनवरी को सीएम सैनी ने यमुना का पानी पीया. दरअसल, यह सब अरविंद केजरीवाल के दावे को फुस्स करने की भाजपा की तरकीब थी. अरविंद केजरीवाल ने यमुना का पानी पीने की चुनौती दी थी. इस चुनौती की स्वीकार करते हुए सैनी ने दिल्ली-हरियाणा सीमा पर दहिसरा गांव के निकट यमुना नदी के घाट का दौरा किया था. इस दौरान उन्होंने यमुना के पानी की कुछ घूंट पिए. इसके बाद उन्होंने कहा कि केजरीवाल झूठ बोल रहे हैं और उन्हें हरियाणा के लोगों से माफी मांगनी चाहिए. यमुना विवाद पर सैनी ने केजरीवाल को आगे भी घेरा था. उन्होंने वजीरावाद घाट पर केजरीवाल को यमुना में नहाने की चुनौती दी थी.
केजरीवाल पर टूट पड़ी भाजपा की टीम
यमुना विवाद पर अमित शाह और जेपी नड्डा ने भी अरविंद केजरीवाल को घेरा था. अमित शाह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने यमुना को प्रदूषित होने दिया और दिल्लीवासियों को इसका पानी पीने के लिए मजबूर किया.वहीं, भाजपा के चीफ जेपी नड्डा ने यमुना विवाद पर केजरीवाल के आरोपों को नकारा और केजरीवाल को ‘‘राष्ट्र-विरोधी’’ करार दिया. उन्होंने कहा अरविंद केजीरावल दिल्ली और हरियाणा के लोगों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर रहे हैं. वह लोगों में दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. वह राजनीति में बने रहने के लायक नहीं हैं. राहुल गांधी ने भी अरविंद केजरीवाल को यमुना में डुबकी लगाने की चुनौती दी थी.
सैनी-प्रवेश बनेंगे वासुदेव?
आज जब दिल्ली की सभी 70 सीटों पर वोटिंग हो रही है, ऐसे में सुबह-सुबह भाजपा नेता प्रवेश वर्मा यमुना किनारे पहुंचे. उन्होंने यमुना घाट पर वोट डालने से पहले पूजा की. मां यमुना को प्रणाम किया. इसके बाद वह अपना वोट डालने निर्माण भवन पहुंचे. प्रवेश वर्मा नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं. यहां से आम आदमी पार्टी की ओर से अरविंद केजरीवाल चुनावी मैदान में हैं. आंकड़ों की मानें तो अरविंद केजरीवाल और प्रवेश वर्मा में इस सीट पर कांटे की टक्कर है. अब देखने वाली बात है कि दिल्ली चुनाव में सैनी वासुदेव की भूमिका निभाकर भाजपा (कृष्ण की तरह) को यमुना पार करवा पाते हैं या नहीं.
Delhi,Delhi,Delhi
February 05, 2025, 10:19 IST

