200 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट रडार पर
अफवाह फैलाने वाले 200 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट पुलिस के रडार पर हैं। अब तक सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट करने के मामले में 5 केस दर्ज हुए हैं। मेट्रो सिटी में विवादित बयान के बाद हंगामे की जो सूचनाएं आई हैं, उनमें ज्यादातर युवा वर्ग शामिल हैं। अभी तक गिरफ्तार हुए लोगों की उम्र 35 या उससे कम है।
पुलिस के अनुसार, ये लोग सोशल मीडिया पर एक्टिव होते हैं। ऐसे में कुछ लोग अपने फायदे के लिए विवादित पोस्ट कर उन्हें उकसा रहे हैं। डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर पोस्ट पर नजर रखी जा रही है। गलत जानकारी के साथ लोगों को गुमराह और उकसाने वाले पोस्ट करने वालों पर एक्शन लिया जा रहा है। अभी तक विवादित पोस्ट के मामले में वेव सिटी में 3 और मसूरी में 2 केस दर्ज किए गए हैं।
मीटिंग कर लोगों को समझा रही पुलिस
विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस भी अपनी तरफ से प्रयास कर रही है। मीटिंग कर लोगों को इन सबसे से दूर रहने के लिए कहा जा रहा है। पुलिस शांति के लिए लोगों के बीच जा रही है। जहां युवा वर्ग से बात करने के साथ क्षेत्र के सम्मानित लोगों के साथ मीटिंग की जा रही है। उन्हें शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने के लिए कहा गया है। पुलिस के अनुसार, लोग सहयोग कर रहे हैं और शांति व्यवस्था बनी हुई है।
ड्रोन से रखी जा रही नजर
तनाव की स्थिति को देखते हुए डासना देवी मंदिर पर पीएसी तैनात है। अभी मंदिर के आसपास टीम को तैनात रखा गया है। साथ ही 5 कंपनी पीएसी शहर की मिक्स आबादी वाले इलाकों में एक्टिव है। ड्रोन से भी क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। इस दौरान 112 पर आने वाली इस प्रकार के मामलों से जुड़ी हर सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है। हंगामे की सूचना पर अधिकारियों को पहुंचकर जांच करने के लिए कहा गया है।

