Last Updated:
Raj Thackeray News: परिसीमन के मुद्दे पर महाराष्ट्र की सियासत में नया उबाल आ गया है. मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने केंद्र सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. महिला आरक्षण के नाम पर लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने के प्रस्ताव को सिरे से खारिज करते हुए ठाकरे ने पूछा कि जब मौजूदा 543 सांसद ही अपेक्षित काम नहीं कर पा रहे, तो संख्या बढ़ाने की क्या जरूरत है? उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि परिसीमन की आड़ में केंद्र सरकार राजनीतिक शक्ति संतुलन बदलने और सभी राज्यों के अधिकार छीनकर पूरे देश को एक ‘केंद्र शासित प्रदेश’ बनाने की साजिश रच रही है.
राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि परिसीमन राज्यों को कमजोर करने की साजिश है. (फाइल फोटो)
Raj Thackeray News: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने रविवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परिसीमन की आड़ में राजनीतिक शक्ति संतुलन को बदलने की कोशिश कर रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि इसके महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के राज्यों के लिए गंभीर परिणाम होंगे. कल्याण में पत्रकारों से बातचीत में ठाकरे ने महिला आरक्षण के नाम पर लोकसभा में सीट संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव के पीछे की मंशा पर सवाल उठाए. उन्होंने सवाल किया कि क्या मौजूदा 543 सांसद अपेक्षित काम कर पा रहे हैं और उनकी संख्या बढ़ाने की आखिर क्या जरूरत है?
ठाकरे ने केंद्र सरकार से यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि सीट संख्या बढ़ाए जाने के बाद क्या राज्यों को वित्तीय स्वायत्तता और अधिक अधिकार मिलेंगे. उन्होंने कहा, “यह सभी राज्यों को अपने अधिकार क्षेत्र के अधीन लाने और पूरे देश को केंद्र शासित प्रदेश बनाने की एक साजिश है.” ठाकरे ने कहा कि राज्यों के प्रतिनिधित्व पर इसके प्रभाव की पड़ताल किए बिना केवल सीट संख्या बढ़ाने से लोकतंत्र मजबूत नहीं होगा.
केंद्र सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है. इसके तहत महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने के उद्देश्य से लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए निर्धारित सीट संख्या तथा उनकी विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करने का प्रस्ताव है. साथ ही, संशोधित सीट के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को वर्ष 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी है.
संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है. इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य होने का प्रावधान है. इसके अलावा, किसी राज्य की विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या की सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का भी प्रस्ताव है.
उत्तरी राज्यों का प्रतिनिधित्व बढ़ने से उत्तर-दक्षिण के बीच संभावित विभाजन पर चिंता जताते हुए ठाकरे ने कहा कि यदि परिसीमन केवल जनसंख्या के आधार पर किया जाता है और दक्षिणी राज्यों द्वारा जनसंख्या नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों को ध्यान में नहीं रखा जाता, तो इससे उन राज्यों के साथ-साथ महाराष्ट्र के साथ भी अन्याय हो सकता है. उन्होंने महाराष्ट्र को भी व्यापक दक्षिणी क्षेत्र का हिस्सा बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्यों की वित्तीय और राजनीतिक निर्भरता बढ़ाने की कोशिश कर रही है.
परिसीमन विधेयक का राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) द्वारा समर्थन किए जाने की संभावना के संदर्भ में उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “कम्पास दिशा दिखाता है, लेकिन यह तो ‘धोखा यंत्र’ है.” ठाकरे ने कहा कि अब उन्हें निर्वाचन आयोग के कामकाज पर भरोसा नहीं रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि एक बार संस्थाओं की स्वायत्तता समाप्त हो जाने के बाद उसे दोबारा बहाल करना मुश्किल होगा.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…

