देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां 27 सितंबर को गरज-चमक के साथ हल्की बरसात देखने को मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बाकी दिनों की बात करें तो 28 सितंबर को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने वाला है। 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक बादल तो छाए रहेंगे लेकिन बारिश नहीं होगी। इस बीच अधिकतम तापमान 36 तो न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
पंजाब-हरियाणा का की हाल?
दिल्ली से सटे राज्यों पंजाब, हरियाणा और दोनों की राजधानी चंडीगढ़ की बात कर लेते हैं। 27 सितंबर को तीनों ही जगह मौसम साफ रहेगा। बारिश की कोई भविष्यवाणी नहीं है। पंजाब की बात करे तो 27 सितंबर से 23 अक्टूबर तक आसमान साफ रहेगा। किसी भी तरह की बारिश की संभावना नहीं है। हरियाणा और चंडीगढ़ का भी मौसम ऐसा ही रहने वाला है।
पहाड़ी राज्यों का हाल जान लीजिए
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, गिलगिट बालटिस्तान में 27 सितंबर को गरज-चमक की संभावना है। 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान बारिश नहीं होगी। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की बात करें तो यहां अभी बारिश थमी नहीं है। उत्तराखंड की सबसे पहले बात करें तो यहां 27 सितंबर के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं 28 सितंबर को भी भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 29 सितंबर को गरज-चमक की संभावनना है, 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक कोई अलर्ट नहीं है। हिमाचल प्रदेश की बात करें तो 27 सितंबर को यहां भी भारी बारिश का अलर्ट है।
यूपी-राजस्थान में भी अलर्ट
उत्तर प्रदेश से भी मॉनसून जल्दी जाने के मूड में नहीं है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो 27 सितंबर को इन इलाकों में येलो और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। दोनों इलाकों में 28 सितंबर को भी ऐसा ही मौसम रहने वाला है। उसके बाद 2 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा। राजस्थान की बात करें तो पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 27 सितंबर को गरज-चमक के साथ येलो अलर्ट घोषित किया गया है। यही मौसम 28 और 29 सितंबर को भी रहेगा। 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा।
कहां कितना तापमान?
| शहर | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| दिल्ली | 24 | 33 |
| नोएडा | 26 | 34 |
| गाजियाबाद | 25 | 33 |
| पटना | 25 | 30 |
| लखनऊ | 24 | 30 |
| जयपुर | 26 | 31 |
| भोपाल | 23 | 31 |
| मुंबई | 23 | 30 |
| अहमदाबाद | 25 | 35 |
| जम्मू | 25 | 31 |
महाराष्ट्र में हालत खराब
मॉनसून के रिटर्न ने सबसे ज्यादा महाराष्ट्र को बेहाल कर दिया है। अब तक 5 लोगों की जान जा चुकी है। लोगों की रोजमर्रा पर असर पड़ रहा है। हर ओर जलभराव ने लोगों को दफ्तर या जरूरी काम पर जाने से वंचित कर दिया है। मौसम विभाग ने बताया कि कल थोड़ी राहत मिल सकती है। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिया गया है। रेलवे और फ्लाइट्स पर भी असर पड़ा है।
एमपी-बिहार में भी कई इलाकों में अलर्ट
महाराष्ट्र के मौसम का असर मध्य प्रदेश में भी पड़ा है। एमपी की राजधानी भोपाल, गुना, ग्वालियर, छिंदवाड़ा, दतिया समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बरसात हो सकती है। बिहार में भी कई इलाके बारिश की चपेट में हैं। 27 सितंबर को बिहार के भागलपुर, गया, जमुई, छपरा, पटना सहित कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कई में येलो तो कहीं-कहीं ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

