Last Updated:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में ड्रग्स यानी नशे की लत का मुद्दा उठाया. उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि नशा उनके सपनों के रास्ते में बड़ी चुनौती बन रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय युवा बड़े लक्ष्य तय कर रहे हैं और उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत कर रहे हैं. ऐसे में नशे से दूर रहना बेहद जरूरी है. उन्होंने देश में नशे के खिलाफ बढ़ती सामाजिक सक्रियता पर संतोष जताया. साथ ही नशा मुक्त युवा अभियान का जिक्र किया और नशे की लत छोड़ने वाले युवाओं की इच्छाशक्ति की सराहना की.
मन की बात के 140वें एपिसोड में पीएम मोदी ने नशे को युवाओं के सपनों के लिए बड़ी चुनौती बताया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में युवाओं के सामने बढ़ती नशे की चुनौती का मुद्दा उठाया. उन्होंने ड्रग्स और नशे की लत को युवाओं के सपनों के रास्ते में बड़ी बाधा बताया. पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत के युवा बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं. दुनिया में भी उनकी प्रतिभा की चर्चा हो रही है. लेकिन नशे की लत इस उम्मीद और मेहनत के सामने गंभीर चुनौती बनकर खड़ी है. प्रधानमंत्री ने इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया. उन्होंने समाज से भी इस लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
कार्यक्रम का प्रसारण रविवार सुबह 11 बजे शुरू हुआ. इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ सिर्फ उपलब्धियों को साझा करने का मंच नहीं है. इसके जरिए समाज के सामने मौजूद चुनौतियों पर भी चर्चा होती है और लोगों को जागरूक किया जाता है. उन्होंने नशे के खिलाफ देश में बढ़ती सामाजिक सक्रियता पर संतोष जताया. साथ ही ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह अभियान भी जोर-शोर से चल रहा है. पीएम मोदी ने उन युवाओं की तारीफ की जिन्होंने अपनी इच्छाशक्ति के दम पर नशे की लत को हराया और मुश्किल हालात से निकलकर जिंदगी को नई दिशा दी.
नशे को युवाओं के सपनों के लिए बड़ी चुनौती बताया
पीएम मोदी ने कहा,’ आज दुनिया में भारत के युवाओं की प्रतिभा की कितनी चर्चा हो रही है. हमारे युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं. उन्हें पूरा करने के लिए जी-जान से जुटे हैं. लेकिन युवाओं के इन सपनों के सामने ड्रग्स यानी नशा एक बड़ी चुनौती बन गया है.’ उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से लड़ने के लिए समाज का आगे आना जरूरी है.
नशा मुक्त युवा अभियान का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने देश में नशे के खिलाफ बढ़ती जागरूकता पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा अभियान भी जोर-शोर से चल रहा है. पीएम मोदी के मुताबिक ऐसे कई प्रेरक उदाहरण सामने आ रहे हैं जहां युवाओं ने अपनी इच्छाशक्ति से नशे की लत को मात दी है. उन्होंने कहा कि इन युवाओं ने कठिन परिस्थितियों से लड़ाई लड़ी और खुद को नई दिशा दी.
आईगॉट कर्मयोगी से नई चीजें सीख रहे सरकारी कर्मचारी
- प्रधानमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों में लगातार कुछ नया सीखने के उत्साह का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती. कई कर्मचारी 20 से 25 साल तक सरकारी सेवा में रहने के बाद भी अपनी जिम्मेदारियों के साथ नई चीजें सीखने के लिए समय निकाल रहे हैं. इसके लिए वे आईगॉट कर्मयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं.
- पीएम मोदी के मुताबिक इस प्लेटफॉर्म पर सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं. लाखों कर्मचारी इन कोर्स को पूरा कर चुके हैं. कोई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई कर रहा है तो कोई भारतीय सांकेतिक भाषा सीख रहा है. प्रधानमंत्री ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीक से जुड़े 200 से ज्यादा कोर्स हैं. इनके जरिए अब तक सवा 3 करोड़ से अधिक कोर्स पूरे किए जा चुके हैं.
खोया मोबाइल वापस दिलाने में मदद करता है संचार साथी
पीएम मोदी ने संचार साथी प्लेटफॉर्म का जिक्र करते हुए कहा कि मोबाइल फोन खो जाना किसी के लिए भी बड़ी परेशानी बन सकता है. फोन में संपर्क नंबरों से लेकर तस्वीरें और जरूरी दस्तावेज तक मौजूद होते हैं. ऐसे में फोन खोने पर लोगों को अपनी निजी जानकारी और जरूरी डेटा की चिंता सताने लगती है. प्रधानमंत्री ने बताया कि संचार साथी इस परेशानी में मदद कर सकता है. इसकी सहायता से खोए हुए मोबाइल को ब्लॉक कराने और उसे वापस पाने की प्रक्रिया में मदद मिलती है.
IMEI नंबर से ऐसे काम करता है संचार साथी
प्रधानमंत्री ने बताया कि हर मोबाइल फोन की एक अलग पहचान होती है जिसे IMEI नंबर कहा जाता है. संचार साथी इसी नंबर की मदद से खोए हुए फोन को ब्लॉक कराने में सहायता करता है. इसके लिए सबसे पहले पुलिस में शिकायत दर्ज करानी होती है. इसके बाद प्लेटफॉर्म पर मोबाइल का IMEI नंबर और जरूरी जानकारियां देकर फोन ब्लॉक कराया जा सकता है. ऐसा होने पर कोई दूसरा व्यक्ति उसमें नया सिम कार्ड डालकर भी उस फोन का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा. पीएम मोदी ने लोगों को इस डिजिटल सुविधा के बारे में जागरूक रहने का संदेश दिया.
About the Author
सुमित कुमार हिंदी पत्रकारिता का एक उभरता और सक्रिय नाम हैं. वर्तमान में वे News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और सेंट्रल डेस्क टीम का हिस्सा हैं. पिछले चार साल से वे Network18

