Last Updated:
भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ के डिंपल कुमार और डीपी गुप्ता ने सीपीआर देकर आईएलएचबीएस स्टाफ की जान बचाई, डॉक्टर और सीआईएसएफ ने उनकी बहादुरी की सराहना की.
एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ के जवान ने बचाई जान. (सांकेतिक)कहते हैं ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’, लेकिन कभी-कभी भगवान खुद धरती पर इंसानों के रूप में ‘देवदूत’ भेजते हैं. शुक्रवार को भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहाँ मौत और जिंदगी के बीच चल रही जंग में सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने अपनी फुर्ती से बाजी जीत ली. एक पल के लिए जहाँ सबकी सांसें थम गई थीं, वहीं जवानों की ‘जादुई’ कार्रवाई ने एक बुझते हुए चिराग को फिर से रोशन कर दिया.
अचानक मची अफरा-तफरी: जब रुक गईं धड़कनें
घटना एयरपोर्ट के ओओजी (OOG) स्क्रीनिंग प्वाइंट की है. आम दिनों की तरह यहाँ भी सघन चेकिंग चल रही थी कि तभी अचानक आईएलएचबीएस (ILHBS) का एक स्टाफ सदस्य फर्श पर गिर पड़ा. वह बेहोश था और उसकी नब्ज जवाब दे रही थी. वहां मौजूद यात्री और कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही स्थिति नाजुक हो चुकी थी.
साहस का परिचय: सिपाही डिंपल कुमार बने ‘लाइफसेवर’
ड्यूटी पर तैनात सीटी/जीडी डिंपल कुमार ने जैसे ही शख्स को गिरते देखा, उन्होंने एक सेकंड की भी देरी नहीं की. उन्होंने तुरंत स्थिति को भांपा और मेडिकल इमरजेंसी समझते हुए सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) देना शुरू कर दिया. इस चुनौतीपूर्ण समय में उन्हें एचसी/जीडी डीपी गुप्ता का भरपूर सहयोग मिला. जवानों ने तब तक हार नहीं मानी जब तक कि उस व्यक्ति के शरीर में हलचल नहीं हुई. कुछ ही मिनटों के निरंतर प्रयास के बाद, स्टाफ सदस्य को होश आ गया. यह देख मौके पर मौजूद यात्रियों ने तालियों के साथ जवानों का उत्साहवर्धन किया.
डॉक्टरों ने कहा- ‘यही है असली प्रोफेशनलिज्म’
मौके पर मौजूद एक डॉक्टर ने जवानों की इस त्वरित कार्रवाई को देखकर कहा कि अगर कुछ मिनटों की और देरी होती, तो परिणाम घातक हो सकते थे. उन्होंने बताया कि ‘गोल्डन ऑवर’ में दी गई सही सीपीआर किसी भी व्यक्ति को मौत के मुंह से वापस ला सकती है. जवानों ने साबित कर दिया कि वे न केवल सुरक्षा में मुस्तैद हैं, बल्कि प्राथमिक उपचार में भी माहिर हैं.
सोशल मीडिया पर तारीफों का सैलाब
सीआईएसएफ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर इस घटना की जानकारी साझा करते हुए अपने जवानों पर गर्व जताया. पोस्ट में लिखा गया, ‘भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर हमारे जवानों ने असाधारण सतर्कता और प्रोफेशनलिज्म का परिचय दिया. उनकी सूझबूझ से एक कीमती जान बचाई जा सकी.’ फिलहाल, पीड़ित कर्मचारी को एएआई (AAI) की एंबुलेंस से कैपिटल हॉस्पिटल ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है.
About the Author
दीप राज दीपक 2022 में न्यूज़18 से जुड़े. वर्तमान में होम पेज पर कार्यरत. राजनीति और समसामयिक मामलों, सामाजिक, विज्ञान, शोध और वायरल खबरों में रुचि. क्रिकेट और मनोरंजन जगत की खबरों में भी दिलचस्पी. बनारस हिंदू व…और पढ़ें

