Last Updated:
Google Grant : गूगल ने आईआईटी खड़गपुर के साथ एआई रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए हाथ मिलाया है. गूगल ने 21 नवंबर को बताया कि वह शोध पर 50 लाख डॉलर खर्च करेगी. गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा कि कंपनी का मकसद युवाओं के साथ मिलकर नई तकनीक को बढ़ावा देना और उसके शोध को आगे बढ़ाना है.
गूगल ने आईआईटी खड़गपुर के साथ एआई शोध को बढ़ाने के लिए समझौता किया है.
नई दिल्ली. अमेरिकी टेक कंपनी गूगल ने अपने सीईओ को सम्मान देने के लिए आईआईटी खड़गपुर को 50 लाख डॉलर यानी करीब 45 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है. गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कभी आईआईटी खड़गपुर से ही अपनी बीटेक की डिग्री हासिल की थी. पिचाई अभी गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईओ हैं. गूगल ने यह पैसा आईआईटी में एआई के रिसर्च और विकास को बढ़ावा देने के लिए दिया है. कंपनी ने 21 नवंबर को यह ऐलान किया है कि आईआईटी खड़गपुर को एआई रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए 5 मिलियन डॉलर का अनुदान दिया जाएगा.
आईआईटी खड़गपुर में इंडिक लैंग्वेज, एग्रीकल्चर और एजुकेशन के क्षेत्र में काफी शोध चल रहा है. सुंदर पिचाई ने कहा कि गूगल इन रिसर्च को बढ़ावा देने में मदद करने के लिए काफी उत्साहित है. इसके लिए आईआईटी खड़गपुर के साथ पार्टनरशिप की जा रही है. इससे नेक्स्ट जेनरेशन के छात्रों के साथ तालमेल बिठाकर नई तकनीक को बढ़ावा दिया जाएगा. गूगल ने यह ऐलान आईआईटी खड़गपुर की प्लेटिनम जुबली के मौके पर किया. पिचाई ने कहा कि गूगल और आईआईटी खड़गपुर के बीच हुआ यह समझौता पीएम मोदी के उस विजन का हिस्सा है, जिसमें भारत में एआई को बढ़ावा देने की बात कही जा रही है.
कहां इस्तेमाल होगा फंड
गूगल की ओर से मिलने वाला यह फंड आईआईटी खड़गपुर में तीन क्षेत्रों में रिसर्च करने वाले विद्यार्थियों पर खर्च किया जाएगा. इन सेक्टर में एआई, इंडिग लैंग्वेज और मैटेरियल साइंस, एग्री व एजुकेशन शामिल हैं. यह छात्रों के लिए एआई विकास का पाठ्यक्रम तैयार करने में भी मदद करेगा और फैकल्टी, टीचर्स व अन्य ढांचागत विकास में भी गूगल की ओर से सहायता दी जाएगी.
पहले भी मिलाया था हाथ
इससे पहले भी गूगल ने आईआईटी खड़गपुर के साथ भारतीय भाषाओं को एआई मॉडल में कन्वर्ट करने को लेकर भी समझौता किया था. खड़गपुर के अलावा अन्य कई आईआईटी को भी गूगल ने पहले मदद की है. दिसंबर, 2025 में कंपनी ने करीब 80 लाख डॉलर आईआईटी कानपुर को एआई सेंटर बनाने के लिए दिए थे. इसके अलावा आईआईटी मद्रास और आईआईटी रोपड़ को भी गूगल की ओर से एआई रिसर्च के लिए अनुदान मिला है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…

