बताया जा रहा है कि बारामूला, श्रीनगर , अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़ जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, कुआरबेट और लखी नाला में ड्रोन देखे गए हैं। फिरोजपुर में एक हथियारबंद ड्रोन ने एक सिविल एरिया को निशाना बनाया, जिससे एक परिवार के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत मेडिकल हेल्प दी गई है और सुरक्षा बलों ने इलाके को सैनिटाइज कर दिया।
लोगों को घरों के अंदर ही रहने की सलाह
इंडियन आर्म्ड फोर्सेस हाई अलर्ट पर हैं और ऐसे सभी हवाई खतरों पर नजर रखी जा रही है। इनसे निपटने के लिए काउंटर-ड्रोन सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। आर्म्ड फोर्सेस की तरफ से कहा गया कि बॉर्डर एरिया में रहने वाले लोग घरों के अंदर रहें और गैरजरूरी आवाजाही से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी है।
आम नागरिकों को निशाना बना रहा पाकिस्तान
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में 22 अप्रैल को एक आतंकी हमला हुआ था, जिसमें आतंकियों ने पहलगाम में घूमने पहुंचे पर्यटकों को उनका धर्म पूछ-पूछकर जान से मार दिया था। भारत को इस हमले में पाकिस्तान के शामिल होने के सबूत मिले थे। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के आतंकियों के 9 ठिकानों को ऑपरेशन सिंदूर के तहत तबाह कर दिया था। भारत के एक्शन के बाद पाकिस्तान अब जम्मू-कश्मीर से लेकर पंजाब और राजस्थान तक आम नागरिकों को निशाना बना रहा है और उन पर ड्रोन से हमला कर रहा है।

