Last Updated:
पुणे के लोहागढ़ किले में 18 जून को हुई केतन अग्रवाल की मौत ने सनसनी फैला दी है. शुरुआत में केतन की मौत को हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में ऐसा खुलासा हुआ, जिसने सभी को चौंकने पर मजबूर कर दिया. पुलिस का दावा है कि केतन की होने वाली पत्नी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी. आरोपी सिया ने अपने कथित प्रेमी के साथ कैसे दिया हत्याकांड को अंजाम जानने के लिए पढ़ें आगे…
1. शादी की तैयारियों के बीच हुआ दर्दनाक हादसा: 18 जून को पुणे जिले के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले में एक दर्दनाक घटना हुई. बिजनेसमैन के बेटे केतन अग्रवाल 400 फीट गहरी खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई. शुरुआती जांच में इसे ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना गया. घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवार मौके पर पहुंचे. प्रारंभिक जांच के बाद लोनावला रूरल पुलिस स्टेशन में एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया था. उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मामला बाद में हत्या की साजिश में बदल जाएगा.
2. अनुभवी ट्रेकर होने के कारण बढ़ा शक: पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो कुछ बातें संदिग्ध लगीं. अधिकारियों को पता चला कि केतन कोई नया ट्रेकर नहीं था. वह पहले भी कई किलों और पहाड़ी इलाकों की ट्रेकिंग कर चुका था. परिवार वालों ने भी पुलिस को बताया कि केतन को ट्रेकिंग का अच्छा अनुभव था. ऐसे में उसका अचानक संतुलन बिगड़कर खाई में गिर जाना पुलिस को सामान्य हादसा नहीं लगा. यहीं से जांच की दिशा बदल गई.
3. परिवार के शक ने खोली जांच की नई राह: केतन के परिवार ने भी घटना पर सवाल उठाए. उनका मानना था कि इतना अनुभवी युवक बिना किसी वजह के खाई में नहीं गिर सकता. परिवार की आशंकाओं के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की. मोबाइल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और अन्य डिजिटल सबूत खंगाले गए. साथ ही घटनास्थल और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ की गई. इसी दौरान पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले, जिन्होंने पूरे मामले की तस्वीर बदल दी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
4. जांच में सामने आया चेतन चौधरी का नाम: तकनीकी सबूतों और गवाहों की मदद से पुलिस की जांच सिया गोयल के करीबी दोस्त चेतन चौधरी तक पहुंची. जांच में पता चला कि सिया और चेतन एक-दूसरे को करीब एक साल से जानते थे. दोनों परिवार कारोबारी पृष्ठभूमि से जुड़े हैं. दोनों के बीच बीते एक साल से अफेयर चल रहा था. पुलिस का दावा है कि दोनों एक-दूसरे के साथ रहना चाहते थे और इसी वजह से उन्होंने केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी.
5. बाली ट्रिप में मिला था पहला संकेत: जांच के दौरान एक पुरानी घटना भी सामने आई. शादी से पहले केतन और सिया ने इंडोनेशिया के बाली में प्री-वेडिंग फोटोशूट कराने की योजना बनाई थी. इसके लिए फ्लाइट टिकट भी बुक कर लिए गए थे. लेकिन जब दोनों मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे तो केतन को अपना पासपोर्ट नहीं मिला. पासपोर्ट गायब होने की वजह से यात्रा रद्द करनी पड़ी. पुलिस को शक है कि सिया बाली नहीं जाना चाहती थी और यह घटना रिश्ते को लेकर उसकी असहमति का शुरुआती संकेत थी.
6. लोहागढ़ में रची गई कथित साजिश: पुलिस के अनुसार, 18 जून को सिया और केतन लोहागढ़ किले घूमने गए थे. इसी दौरान चेतन चौधरी भी वहां मौजूद था और दोनों का पीछा कर रहा था. पुलिस का दावा है कि पहले से बनाई गई योजना के तहत सही मौके का इंतजार किया गया. जब तीनों किले के एक सुनसान हिस्से के पास पहुंचे तो कथित तौर पर सिया और चेतन ने मिलकर केतन को खाई की ओर धक्का दे दिया.
7. 400 फीट गहरी खाई में गिरने से हुई मौत: धक्का लगने के बाद केतन करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरे. गंभीर चोटों की वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की गई और शुरुआत में मामला भी दुर्घटना के रूप में दर्ज हुआ. लेकिन पुलिस को मिले सबूतों ने इस कहानी को बदल दिया.
पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा: पुणे ग्रामीण पुलिस के अधिकारी संदीप सिंह गिल ने बताया कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है.

