बाड़मेर. प्यार को पाने की जिद और जमाने के डर के बीच बाड़मेर जिले के एक प्रेमी जोड़े ने ऐसा कदम उठा लिया कि जिस किसी ने भी उनको देखा तो वह सन्न रह गया. इस प्रेमी जोड़े ने रात के अंधेरे में रेतीले धोरों में शादी रचाकर फिर अपनी जिंदगी से मुंह मोड़ लिया. सुबह दोनों के शव एक पेड़ पर फंदे के सहारे लटके मिले. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे. वहीं पुलिस भी दौड़ी-दौड़ी वहां आई. मौके हालात के देखकर उनके परिजन सदमे में आ गए.
जानकारी के अनुसार यह खौफनाक वारदात बाड़मेर जिले के गिराब थाना इलाके में हुई. गिराब गांव के पास रविवार को सुबह एक पेड़ से प्रेमी युगल के शव लटकते मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सुनसान जगह पर बाइक और हेलमेट देख ग्रामीण पेड़ के पास पहुंचे. वहां रेत के बड़े टीले पर स्थित पेड़ पर एक युवक और लड़की लटके दिखे. उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी. इस पर पुलिस मौके पर पहुंची.
सुसाइड से पहले लड़के ने अपडेट किया अपना व्हाट्सऐप स्टेटस
पुलिस ने मृतक प्रेमी जोड़े की शिनाख्त करवाई. उसके बाद उनके परिजनों को बुलाया. परिजन दोनों को फंदे से लटकते देखकर बुरी तरह से रोने लग गए. बाद में पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में शवों को फंदे से नीचे उतरवाया. मृतक युवक की पहचान मेव सिंह उर्फ पप्पू निवासी गिराब के रूप में हुई है. वहीं लड़की बाड़मेर शहर की रहने वाली है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों शनिवार को बाइक पर वहां पहुंचे थे. सुबह दोनों फंदे से लटके मिले. युवक ने सुसाइड करने से पहले अपने व्हाट्सऐप स्टेट्स पर लड़की के साथ कुछ फोटो लगाई.
पहले मांग भरी फिर मौत को लगाया गले
एक फोटो में वो लड़की की मांग में सिंदूर भरते नजर आ रहा है. वहीं दूसरी फोटो में लड़की सिंदूर लगाकर लड़के के साथ खुश नजर आ रही है. उसके बाद दोनों ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने दोनों के शवों को गिराब अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर मौके पर साक्ष्य जुटाये हैं. वह पूरे मामले की छानबीन करने में जुटी है. सुसाइड के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है.
(डिस्क्लेमर – अगर आपके आसपास कोई शख्स डिप्रेशन में है और आपको ऐसा लगता है कि उसके मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का विचार आ रहा है या कोई खुद को नुकसान पहुंचाने कोशिश कर रहा है. ऐसे में आप 9152987821 हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर तुरंत जानकारी दे सकते हैं, ताकि एक कीमती जीवन को बचाया जा सके.)
Tags: Barmer news, Love Story, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : October 13, 2024, 14:30 IST

