Last Updated:
अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग के चलते मिडिल ईस्ट में संकट लगातार गहराता जा रहा है. मिडिल ईस्ट के एयरस्पेस को अचानक एक बार फिर बंदर कर दिया गया, जिसके चलते दिल्ली से मैनचेस्टर जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा. यह फ्लाइट अपना सात घंटे का सफर पूरा कर चुकी थी.

सात घंटे की उड़ान पूरी करने के बाद इंडिगो की फ्लाइट को दिल्ली के लिए यू-टर्न लेना पड़ा.
Middle East Tension & Airspace Restrictions: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का असर अब इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर भी साफ दिखाई देने लगा है. इसी तनाव के कारण दिल्ली से मैनचेस्टर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा. यह फ्लाइट करीब सात घंटे का सफर पूरा करने के बाद दिल्ली वापस आ रही है. फ्लाइट ट्रैकिंग सर्विस Flightradar24 के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E33 ने इथियोपिया और इरिट्रिया की सीमा के पास अचानक यू-टर्न लिया और वापस भारत की ओर रुख कर लिया. यह फ्लाइट सोमवार सुबह दिल्ली से यूनाइटेड किंगडम के शहर मैनचेस्टर के लिए रवाना हुई थी.
- बताया जा रहा है कि यह 26 फरवरी के बाद दिल्ली से मैनचेस्टर के लिए इंडिगो की पहली फ्लाइट थी. इस लंबे इंटरनेशनल रूट को कुछ समय बाद दोबारा शुरू किया गया था.
- सामान्य परिस्थितियों में यह उड़ान करीब 11 घंटे में लगभग 6,829 किलोमीटर की दूरी तय करती है. हालांकि इस बार हालात सामान्य नहीं थे.
- फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, प्लेन को वेस्ट एशिया में जारी तनाव क्षेत्रों से बचाने के लिए एक अलग और लंबा रास्ता अपनाया गया था.
- प्लेन ने अदन की खाड़ी और अफ्रीका के कुछ हिस्सों से होते हुए दक्षिणी दिशा का रूट लिया था, ताकि मिडिल ईस्ट के ज्यादातर संवेदनशील एयरस्पेस को बायपास किया जा सके.
- इसके बावजूद, प्लेन करीब सात घंटे उड़ान भरने के बाद इथियोपिया और इरिट्रिया की सीमा के पास वापस दिल्ली के लिए यूटर्न कर गया.
जानकारी के मुताबिक, जब प्लेन सक्रिय संघर्ष वाले क्षेत्र से लगभग बाहर निकल चुका था, तभी एयरस्पेस पर अचानक नए प्रतिबंध लागू कर दिए गए. इसके बाद एयरलाइन को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को वापस दिल्ली लौटाने का फैसला करना पड़ा. इंडिगो के एक प्रवक्ता ने भी इस घटना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट और उसके आसपास के इलाकों में तेजी से बदलते हालात के कारण कुछ फ्लाइट्स को लंबा रास्ता लेना पड़ रहा है या फिर उन्हें डायवर्ट करना पड़ रहा है.
अचानक लगे एयर स्पेस रिस्ट्रिक्शन के चलते मैनचेस्टर जा रही फ्लाइट 6E033 को आखिरी समय में दिल्ली के लिए डायवर्ट किया गया है. एयरलाइन संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति की समीक्षा कर रही है और यह देखने की कोशिश कर रही है कि यात्रा को दोबारा कब और कैसे शुरू किया जा सकता है. – प्रवक्ता, इंडिगो
इंडिगो के अनुसार, यात्रियों, क्रू और प्लेन की सुरक्षा उनके लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है. दरअसल, मिडिल ईस्ट में हाल ही में हालात काफी तनावपूर्ण हो गए हैं. 28 फरवरी को अमेरिका और इज़राइल ने मिलकर ईरान पर हमला किया था, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की खबर सामने आई थी. इसके बाद से क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं. ईरान खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी और इज़राइली सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है, जबकि अमेरिका और इज़राइल भी ईरानी ठिकानों पर जवाबी हमले कर रहे हैं. इस बढ़ते संघर्ष का असर अब क्षेत्र के एयरस्पेस और इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर भी पड़ने लगा है.

