नई दिल्ली: नेशनल हेराल्ड मामले में गांधी परिवार के खिलाफ जांच चल रही है। इस बीच, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सरकार पर जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं।प्रियंका गांधी ने अपने पति रॉबर्ट वाड्रा से ED की पूछताछ पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को अपनी रणनीति बदलने की सलाह दी है। कांग्रेस नेता सुखदेव भगत ने बीजेपी पर कांग्रेस को बदनाम करने का आरोप लगाया है। बता दें कि ED ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मामले में चार्जशीट दाखिल की है।
एजेंसियों का किया जा रहा गलत इस्तेमाल
प्रियंका गांधी ने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री के सलाहकार आजकल गलत सलाह दे रहे हैं। जनता सच जानती है और यह भी जानती है कि एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कैसे हो रहा है। प्रधानमंत्री को अपनी रणनीति बदलनी चाहिए।
राजनीतिक कारणों से दिया जा रहा तूल
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि मेरे पति से पूछा जा रहा है कि उन्होंने 17 साल पहले अपनी मां को 4 लाख रुपये क्यों दिए थे। ये कैसे सवाल हैं? नेशनल हेराल्ड के मामले में सब कुछ लोगों के सामने है। यह सब राजनीतिक कारणों से किया जा रहा है। सभी आरोप झूठे हैं। इसका मतलब है कि ये सवाल गलत हैं और सब कुछ राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है।

