Last Updated:
ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना छोड़ दी है और अब वह क्षेत्रीय एयरलाइन Fly91 से जुड़ गए हैं. 27 फरवरी 2019 को LoC के ऊपर हवाई लड़ाई के दौरान अभिनंदन ने अपने MiG-21 Bison से पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था. इसके बाद उनका विमान भी मिसाइल की चपेट में आ गया और उन्हें पैराशूट से बाहर निकलना पड़ा. पाकिस्तान में करीब 60 घंटे हिरासत में रहने के बाद उन्हें 1 मार्च 2019 को भारत वापस भेजा गया था. इस बहादुरी के लिए उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया था.
पाकिस्तानी जेट को मार गिराने वाले पूर्व IAF ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान FLY91 से जुड़े
पाकिस्तान के एफ-16 को मार गिराने वाले ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना छोड़ दी है. साल 2019 में पाकिस्तान का लड़ाकू विमान मार गिराने वाले भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान अब क्षेत्रीय एयरलाइन एफएलवाई91 के साथ पायलट के रूप में जुड़ गए हैं.
सूत्रों ने बताया कि ‘वीर चक्र’ से सम्मानित वर्धमान अगस्त में गोवा स्थित एयरलाइन से बतौर पायलट जुड़े. अभिनंदन वर्धमान 2019 में पाकिस्तान के साथ हवाई मुठभेड़ के बाद सुर्खियों में आए थे. उन्होंने उस हवाई लड़ाई में एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया था और इसके बाद पाकिस्तान में तीन दिन तक हिरासत में भी रहे थे.
उन्हें वर्ष 2021 में ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया गया था, जो युद्धकाल में दिया जाने वाला भारत का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है. पुरस्कार के प्रशस्ति पत्र में हवाई मुठभेड़ के दौरान ‘कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण’ प्रदर्शित करने के लिए उन्हें सम्मानित किए जाने का उल्लेख किया गया था.
एफएलवाई91 के प्रवक्ता ने इस संबंध में टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि कर्मचारियों की व्यक्तिगत जानकारी निजी मामला है. एयरलाइन में वर्धमान की भूमिका के बारे में अन्य विवरण तत्काल उपलब्ध नहीं हो सके.
गोवा स्थित एफएलवाई91 ने मार्च, 2024 में परिचालन शुरू किया था. इसके बेड़े में फिलहाल छह एटीआर 72-600 विमान हैं. इसके दो परिचालन केंद्र गोवा और हैदराबाद में हैं.
About the Author
Shankar Pandit has more than 10 years of experience in journalism. Before News18 (Network18 Group), he had worked with Hindustan times (Live Hindustan), NDTV, India News Aand Scoop Whoop. Currently he handle ho…
और पढ़ें

