Last Updated:
पप्पू यादव ने आम आदमी पार्टी को कड़ा एक्शन लेने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को राघव चड्ढा पर केस दर्ज करना चाहिए. पप्पू यादव के मुताबिक इन लोगों ने पंजाब को बहुत बुरी तरह लूटा है. अगर पंजाब में उनकी सरकार होती तो अब तक ये लोग जेल में होते.

राघव चड्ढा सहित ‘आप’ के सात सांसदों ने बीजेपी में विलय कर लिया है. (पीटीआई)
नई दिल्ली. बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने राघव चड्ढा और 6 अन्य सांसदों के आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को राघव चड्ढा के खिलाफ केस दर्ज करना चाहिए और इन्हें जेल में डालना चाहिए. इसके साथ ही, पप्पू यादव ने भाजपा पर निशाना साधा.
सांसद पप्पू यादव ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “भाजपा के बारे में हमेशा से यही मानना रहा है कि वे हैकिंग के जरिए चुनाव जीतती है. ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों और अपने विरोधियों को खत्म करती है. जहां तक राघव चड्ढा की बात है, उन्होंने चंदे पर चुनाव लड़ा था. वे लाखों के कपड़े पहनते हैं और लंदन में उनका घर है. इन लोगों ने पंजाब को लूटा है. अगर पंजाब में हमारी सरकार होती, तो अब तक हम इन्हें जेल में डाल चुके होते.”
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे देश की जनता को पैसे की बदौलत खरीदने के प्रयास किए जाते हैं. इस बार यह भी साबित हो गया है कि नीतीश कुमार के साथ भी धोखा हुआ और उन्हें तीन महीने के अंदर ही किनारे कर दिया गया. इसी तरह महाराष्ट्र का चुनाव शिंदे के नाम पर लड़ा गया था, लेकिन शिंदे को भी किनारे कर दिया गया. पप्पू यादव ने कहा कि अगली बार चंद्रबाबू नायडू का नंबर है.
पप्पू यादव ने आगे कहा, “केंद्र सरकार जिस तरीके से सभी राजनीतिक दलों को टारगेट कर रही है, ऐसे में सभी दलों और एनडीए की सहयोगी पार्टियों को भी संभल जाना चाहिए. आपस में लड़ने से कोई फायदा नहीं है. 2027 के पहले या 2027 में भाजपा को सरकार को गिरा देना चाहिए.”
भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा, “बृज भूषण सिंह कभी मुलायम सिंह यादव के करीब रहे हैं, तो कभी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के. अब, अगर योगी आदित्यनाथ उन्हें कोई अहमियत या सम्मान नहीं दे रहे हैं, तो यह सही नहीं है. हो सकता है कि गोरखपुर में योगी आदित्यनाथ का दबदबा हो, लेकिन बृज भूषण भी अपने इलाके में एक मजबूत हस्ती हैं.”
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें

